scorecardresearch

IND vs ENG Semi Final: आज चले टीम इंडिया के ये 5 खिलाड़ी... तो भारत की जीत और इंग्लैंड की हार पक्की, जानें कब और कहां खेला जाएगा मुकाबला 

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मैच में गुरुवार की शाम को भारत का मुकाबला इंग्लैंड से है. आप कहां व कितने बजे से मैच देख सकते हैं और टीम इंडिया के कौन से खिलाड़ी इंग्लैंड के लिए बड़ा सिरदर्द साबित हो सकते हैं. आइए यहां जानते हैं. 

Advertisement
Team India (File Photo: PTI) Team India (File Photo: PTI)

आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में अब सिर्फ दो मैच बचे हैं. एक सेमीफाइनल और दूसरा फाइनल मैच. न्यूजीलैंड टीम जहां साउथ अफ्रीका को हराकर फाइनल में पहुंच चुकी है, वहीं भारतीय टीम गुरुवार को इंग्लैंड को हराने के लिए तैयार है. भारत और इंग्लैंड में से जो भी टीम जीतेगी वह 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड से फाइनल मैच खेलेगी. आइए जानते हैं आप कहां व कितने बजे से मैच देख सकते हैं और टीम इंडिया के कौन से 5 खिलाड़ी इंग्लैंड के लिए बड़ा सिरदर्द साबित हो सकते हैं. टीम इंडिया में मौजूद कई खिलाड़ी किसी भी मैच का रुख बदलने में माहिर हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ करो या मरो मुकाबले मैच में संजू सैमसन ने धैर्य के साथ बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम को जीत दिलाई थी तो वहीं गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह की धार का कोई तोड़ नहीं है.

भारत-इंग्लैंड के बीच मैच कब, कितने बजे और कहां खेला जाएगा?
भारत और इंग्लैंड के बीच टी-20 विश्व कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मैच में 5 मार्च दिन गुरुवार को खेला जाएगा. भारतीय समयानुसार मैच शाम 7:00 बजे शुरू होगा. टॉस मैच शुरू होने से आधा घंटा पहले 6:30 बजे होगा. भारत-इंग्लैंड की बीच सेमीफाइनल मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. वानखेड़े स्टेडियम की पिच पर इस विश्व कप में खूब रन बने हैं, ऐसे में भारत और इंग्लैंड के बीच भी रनों की बारिश होने की उम्मीद है.

आप कहां देख सकते हैं मैच 
भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले सेमीफाइनल मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा. ऑनलाइन दर्शक इस मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर देख सकेंगे.

टीम इंडिया के ये खिलाड़ी इंग्लैंड के छुड़ाएंगे छक्के
1. संजू सैमसन: वेस्टइंडीज के खिलाफ करो या मरो मुकाबले मैच में संजू सैमसन ने धैर्य के साथ बल्लेबाजी करते हुए 97 रनों की नाबाद पारी खेलकर भारतीय टीम को जीत दिलाई थी. संजू अकेले दम पर किसी भी मैच का पासा पलट सकते हैं. संजू सैमसन पावरप्ले में चौके और छक्कों की बारिश करते हैं. ऐसे में संजू सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं. टी-20 विश्व कप 2026 में तीन मुकाबलों में संजू अभी तक 195 के स्ट्राइक रेट से 143 रन बना चुके हैं.

2. सूर्यकुमार यादव: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड के खिलाफ सूर्यकुमार यादव तुरुप का इक्का साबित हो सकते हैं. टीम इंडिया के कप्तान सूर्या ने इस टी-20 विश्व कप में अब तक खेले सात मैचों में 231 रन बना चुके हैं. आपको मालूम हो कि आईपीएल में मुंबई इंडियंस की तरफ से सूर्यकुमार यादव ने वानखेड़े स्टेडियम में काफी मैच खेले हैं. वह इस ग्राउंड को अच्छे से समझते हैं. ऐसे में सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड के गेंदबाजों की वह खूब धुनाई कर सकते हैं. 

3. ईशान किशन: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में अभी तक ईशान किशन का बल्ला खूब बोला है. वह इस टूर्नामेंट में अभी तक 7 मुकाबलों में 185 के स्ट्राइक रेट से 224 रन बना चुके हैं. ईशान के पास भी वानखेड़े स्टेडियम में खेलने का काफी अनुभव है. ऐसे में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में एक बार फिर ईशान का बल्ला चल सकता है और भारत को जीत मिल सकती है. 

4. जसप्रीत बुमराह: बड़े मुकाबलों में जसप्रीत बुमराह धाकड़ गेंदबाजी करते हैं. ऐसे में भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में बुमराह से बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद है. बुमराह भी वानखेड़े स्टेडियम में कई मैच खेल चुके हैं. ऐसे में वह एक बार फिर इंग्लैंड के बल्लेबाजों को अपनी कहर बरपाती गेंदों से आउट करेंगे. वह इंग्लैंड के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं.

5. हार्दिक पांड्या: इंग्लैंड के खिलाफ हार्दिक पांड्या का रिकॉर्ड शानदार रहा है. हार्दिक ने टी-20 फॉर्मेट में इंग्लैंड के खिलाफ अब तक 20 मैच खेले हैं और उन्होंने 148 के स्ट्राइक रेट से 414 रन बनाए हैं, जबकि गेंदबाजी में वह 19 विकेट ले चुके हैं. इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में हार्दिक अपने दमदार प्रदर्शन से इंग्लैंड को हराने के लिए और भारत को फाइनल में पहुंचाने के लिए तैयार हैं. 

टी-20 विश्व कप 2026 के लिए भारत-इंग्लैंड टीमों के स्क्वॉड
भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), संजू सैमसन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, ईशान किशन, रिंकू सिंह, मोहम्मद सिराज, वॉशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, अभिषेक शर्मा, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और तिलक वर्मा.

इंग्लैंड: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, सैम करन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, आदिल राशिद, फिल सॉल्ट, जोश टंग और ल्यूक वुड.