scorecardresearch

Vaibhav Sooryavanshi Record: वैभव सूर्यवंशी के निशाने पर सचिन के रिकॉर्ड सहित ये 10 महारिकॉर्ड्स, इंटरनेशनल डेब्यू करते ही रच देंगे इतिहास, क्रिकेट प्रेमी कर रहे बेसब्री से इंतजार 

Vaibhav Sooryavanshi, IND vs IRE T20: भारत और आयरलैंड के बीच 26 जून 2026 से टी-20 सीरीज का आगाज होने जा रहा है. इस सीरीज में 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू का मौका मिलता है तो वह सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड सहित 10 बड़े महारिकॉर्ड्स तोड़ सकते हैं. आइए जानते हैं वैभव के निशाने पर कौन-कौन महारिकॉर्ड्स हैं?

Vaibhav Sooryavanshi Vaibhav Sooryavanshi

भारत (India) और आयरलैंड (Ireland) के बीच 26 जून से 2 मैचों की टी-20 सीरीज का आगाज होने जा रहा है. इस सीरीज के लिए श्रेयस अय्यर को भारतीय टीम का कप्तान बनाया गया है. भारतीय सीनियर टीम में 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) का भी चयन हुआ है. वैभव भारत की सीनियर पुरुष टीम के लिए चुने जाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं. अब सभी क्रिकेट प्रेमियों की नजरें वैभव सूर्यवंशी के इंटरनेशनल मैच खेलने पर है. वैभव आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में डेब्यू करते ही विश्व क्रिकेट में नया इतिहास रच देंगे. वह क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड सहित 10 बड़े महारिकॉर्ड्स तोड़ सकते हैं. आइए जानते हैं वैभव के निशाने पर कौन-कौन महारिकॉर्ड्स हैं?
 
1. वैभव के निशाने पर सचिन का 37 साल पुराना रिकॉर्ड 
भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी के निशाने पर सचिन तेंदुलकर का 37 साल पुराना रिकॉर्ड है. आपको मालूम हो कि भारत के लिए पुरुष इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे कम उम्र में डेब्यू करने का रिकॉर्ड सचिन के नाम दर्ज है. सचिन ने साल 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ महज 16 साल और 205 दिन की उम्र में अपना पहला मैच खेला था. यदि वैभव सूर्यवंशी 26 जून को इंटरनेशनल डेब्यू करते हैं तो वह भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे. वैभव सिर्फ 15 साल और 91 दिन की उम्र में यह कमाल करेंगे.

2. डेब्यू में 62 रन बनाते ही वैभव के नाम जुड़ जाएगी यह उपलब्धि
वैभव सूर्यवंशी यदि अपने डेब्यू मैच में 62 रन बनाने में सफल रहे तो वह भारत की ओर से टी-20 इंटरनेशनल में डेब्यू में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज बन जाएगे. वह ऐसा कर रहाणे के रिकॉर्ड को तोड़ देंगे. आपको मालूम हो कि रहाणे ने अपने डेब्यू मैच में 39 गेंदों में 61 रन की पारी 2011 में इंग्लैंड में खेली थी.

3. डेब्यू टी-20 मैच की पारी में सबसे ज्यादा छक्के
टीम इंडिया की तरफ से अपने पहले ही टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच की पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड ईशान किशन के नाम है. ईशान ने अहमदाबाद में इंग्लैंड के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में 4 छक्के लगाए थे. यदि वैभव सूर्यवंशी आयरलैंड के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में 5 छक्के लगा देते हैं तो वह ईशान किशन से आगे निकल टॉप पर पहुंच जाएंगे.

4. सबसे कम उम्र में शतक का रिकॉर्ड
धाकड़ बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के पास अपने डेब्यू मैच में सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने का बेहतरीन मौका है. आपको मालूम हो कि इंटरनेशनल टी-20 में में शतक लगाने वाले दुनिया के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी फ्रांस के गुस्ताव मैककॉन हैं. गुस्ताव ने साल 2022 में 18 साल 280 दिन की उम्र में स्विट्जरलैंड के खलाफ शतक ठोका था.

5. आयरलैंड में खाता खोलने वाले पहले भारतीय डेब्यूडेंट
आपको मालूम हो कि भारतीय क्रिकेट के इतिहास में अभी तक 4 खिलाड़ियों सिद्धार्थ कौल, उमरान मलिक, प्रसिद्ध कृष्णा और रिंकू सिंह ने आयरलैंड की धरती पर अपना टी-20 इंटरनेशनल डेब्यू किया है. इन चारों खिलाड़ियों में से कोई भी बल्लेबाज अपने पहले मैच में एक भी रन नहीं बना सका था. यदि वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड में डेब्यू का मौका मिलता है और वह अपना खाता खोल लेते हैं तो वैभव आयरलैंड के मैदान पर रन बनाने वाले पहले भारतीय डेब्यूडेंट बन जाएंगे.

6. तो रोहित शर्मा से आगे निकल जाएंगे वैभव
आयरलैंड के क्रिकेट ग्राउंड पर टी-20 मैच में बतौर ओपनर सबसे सफल भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा हैं. रोहित शर्मा ने आयरलैंड में 159.01 के स्ट्राइक रेट से कुल 97 रन बनाए हैं. यदि वैभव सूर्यवंशी अपने पहले ही मैच में ओपनिंग करते हुए 98 रन बना देते हैं तो रोहित शर्मा से आगे निकल जाएंगे. वह आयरलैंड में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय टी-20 ओपनर बल्लेबाज बन जाएंगे. रोहित शर्मा छक्के मारने में माहिर हैं. रोहित का आयरलैंड के खिलाफ रिकॉर्ड शानदार रहा है. रोहित शर्मा ने आयरलैंड के खिलाफ 4 मैचों में 9 छक्के लगाए हैं, जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा इस सीरीज में सबसे ज्यादा हैं. (आपको मालूम हो कि ओवरऑल रिकॉर्ड आयरलैंड के एंडी बलबिर्नी के नाम है, जिन्होंने 7 मैचों में 11 छक्के लगाए हैं). वैभव सूर्यवंशी जूनियर स्तर पर एक ही पारी में 10 से ज्यादा छक्के लगाने का कारनामा कई बार कर चुके हैं. ऐसे में यदि उन्हें पूरी सीरीज में खेलने का मौका मिलता है तो रोहित शर्मा के 9 छक्कों और बलबिर्नी के 11 छक्कों का रिकॉर्ड टूट सकता है.

7. टी-20 इंटरनेशनल डेब्यू पर सबसे ज्यादा रन
टी-20 इंटरनेशनल डेब्यू पर सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड कनाडा के बल्लेबाज मैथ्यू स्पूर्स के नाम है. मैथ्यू स्पूर्स ने साल 2022 में डेब्यू करते हुए फिलिपिंस के खिलाफ 66 गेंदों में 108 रन की नाबाद पारी खेली थी. वैभव सूर्यवंशी के पास इस रिकॉर्ड को तोड़ने का मौका है. 

8. आयरलैंड में सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल मैच खेलने का मौका 
वैभव सूर्यवंशी आयरलैंड की धरती पर यदि डेब्यू करते हैं तो वह मेंस इंटरनेशनल मैच खेलने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बन जाएंगे. अभी यह रिकॉर्ड नीदरलैंड्स के विक्रमजीत सिंह के नाम दर्ज है. विक्रमजीत ने 16 साल 253 दिन की उम्र में आयरलैंड में इंटरनेशनल मैच खेला था. 

9. वैभव तोड़ सकते हैं हार्दिक पंड्या का रिकॉर्ड
आयरलैंड के खिलाफ टी-20 क्रिकेट में हार्दिक पंड्या तूफानी बल्लेबाजी कर अपने नाम दो बड़े रिकॉर्ड दर्ज कर चुके हैं. हार्दिक पंड्या ने आयरलैंड के खिलाफ पांच टी-20 मैचों में 241.93 के स्ट्राइक रेट से 75 रन बनाए हैं. यह दोनों देशों के बीच किसी भी बल्लेबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. पंड्या ने आयरलैंड के खिलाफ एक मैच में सिर्फ 9 गेंदों में 4 छक्कों की मदद से 32 रन बनाए थे. इस दौरान हार्दिक का स्ट्राइक रेट 355.55 का था. वैभव सूर्यवंशी जिस आक्रामक अंदाज से बल्लेबाजी करते हैं, उसको देखते हुए उनके लिए 350 या 400 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करना कोई नई बात नहीं है. यदि डेब्यू मैच में वैभव का बल्ला चला तो हार्दिक स्ट्राइक के रेट का रिकॉर्ड टूट सकता है. 

10. केएल राहुल और दीपक हुड्डा से आगे निकलने का मौका
एक पारी में सबसे ज्यादा छक्का लगाने में भारतीय बल्लेबाजों में केएल राहुल और दीपक हुड्डा का नाम संयुक्त रूप से शीर्ष पर है. केएल राहुल और दीपक हुड्डा ने एक पारी में 6-6 छक्के लगाए हैं. दीपक हुड्डा के नाम आयरलैंड के खिलाफ एक पारी में सिर्फ चौके-छक्कों की मदद से सबसे ज्यादा 72 रन बनाने का रिकॉर्ड भी दर्ज है. वैभव सूर्यवंशी छक्के लगाने में माहिर हैं. वैभव के लिए एक पारी में 6 या 7 छक्के लगाना बहुत बड़ी बात नहीं है. वैभव ऐसे में केएल राहुल और दीपक हुड्डा  से आगे निकल सकते हैं.