Vaibhav Suryavanshi and Sachin tendulkar
Vaibhav Suryavanshi and Sachin tendulkar
आईपीएल 2026 में धमाका करने वाले वैभव सूर्यवंशी को इसका इनाम भी मिल गया है. सूर्यवंशी को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडिया में चुन लिया गया है. इस बीच सूर्यवंशी की खूब चर्चा हो रही है. कई दिग्गज खिलाड़ियों ने सूर्यवंशी का तारीफ की है. इस लिस्ट में पूर्व दिग्गज क्रिकेटर और 1983 वर्ल्ड कप चैंपियन टीम का हिस्सा रह चुके कृष्णमाचारी श्रीकांत का नाम भी शामिल हो गया है. सूर्यवंशी और सचिन तेंदुलकर को लेकर श्रीकांत ने ऐसा कुछ कह दिया, जिसकी चर्चा हर तरफ हो रही है.
सचिन भगवान तो सूर्यवंशी भगवान का बेटा- श्रीकांत
दिग्गज क्रिकेटर श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर वैभव सूर्यवंशी की खूब तारीफ की. उन्होंने सचिन तेंदुलकर और सूर्यवंशी को लेकर बड़ी बात कह दी. उन्होंने कहा कि वह सचिन तेंदुलकर के बाद अगला हीरो हो सकता है. अगर सचिन क्रिकेट के भगवान हैं तो वैभव सूर्यवंशी भगवान का बेटा हो सकता है. श्रीकांत ने कहा कि वह रिजर्व में रहकर भी बहुत कुछ सीख सकता है. उसका दिमाग स्थिर है और वो सबेस पैर छूकर आशीर्वाद लेता है. यह एक शानदार संकेत है.
उसे 3 साल तक मौका दो- श्रीकांत
श्रीकांत ने कहा कि सूर्यवंशी के सलेक्शन में उम्र कोई फैक्टर नहीं है. यह सिर्फ स्कोर के आधार पर हुआ है. इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वो इलेवन में खेलता है या नहीं. मैनेजमेंट को उसे 16 में 3 साल की गारंटी देनी चाहिए. चाहे वो खेले या ना खेले. वह फेल हो या परफॉर्म करे. श्रीकांत ने कहा कि उसे आयरलैंड के खिलाफ जबरदस्ती मत खिलाओ, क्योंकि वह धमाल मचा देगा. इसलिए उसे सिर्फ नाम के लिए 11 में मत खिलाओ.
आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे के लिए टीम में सूर्यवंशी-
वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडिया में जगह मिली है. सूर्यवंशी सिर्फ 15 साल के हैं. इसलिए बीसीसीआई ने सूर्यवंशी के लिए एक विशेष छूट दी है. सूर्यवंशी के साथ उनके माता-पिता भी आयरलैंड और इंग्लैंड जा सकते हैं. अगर सूर्यवंशी को इस दौरे में टी20 में डेब्यू करने का मौका मिलता है तो वह सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं. वह भारत के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं.
IPL में सूर्यवंशी ने मचाया था धमाल-
वैभव सूर्यवंशी आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की टीम का हिस्सा हैं. सूर्यवंशी ने साल 2026 सीजन में धमाकेदार परफॉर्मेंस किया है. इस सीजन में उन्होंने ऑरेंज कैप पर कब्जा किया है. सूर्यवंशी ने इस दौरान 776 रन बनाए. 15 साल के इस खिलाड़ी ने इस दौरान 72 छक्के लगाए. उन्होंने क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया.
ये भी पढ़ें: