Vaibhav Suryavanshi, Abhishek Sharma and Sanju Samson
Vaibhav Suryavanshi, Abhishek Sharma and Sanju Samson
आईपीएल 2026 में अपने बल्ले से चौके-छक्के और रनों की बारिश करने वाले 15 साल के धाकड़ बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) का भारतीय सीनियर क्रिकेट टीम (Indian Senior Cricket Team) में चयन हो गया है. वैभव को आयरलैंड और इंग्लैंड टी-20 सीरीज के अलावा एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय स्क्वॉड में चुना गया है. इस तरह से वैभव सबसे कम उम्र में भारतीय सीनियर क्रिकेट टीम में चुने जाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. सचिन ने 16 साल 205 दिन में इंटरनेशनल डेब्यू किया था.
वैभव सूर्यवंशी के आने के बाद भारतीय टीम में अब तीन ओपनर हो गए हैं. खुद वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) व संजू सैमसन (Sanju Samson). ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब वैभव को प्लेइंग-11 में मौका मिलेगा तो किस खिलाड़ी को अपनी जगह छोड़नी पड़ेगी. क्या टी-20 वर्ल्ड कप 2026 जिताने वाली ओपनिंग जोड़ी में से किसी को अपनी कुर्बानी देनी पड़ेगी? यदि हां तो अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन में से वो कौन होगा? आइए जानते हैं क्या समीकरण बैठ रहा है?
वैभव के लिए कौन खिलाड़ी अपनी जगह खाली करेगा
आपको मालूम हो कि भारत को आयरलैंड में 26 जून से 2 मैचों की टी-20 सीरीज खेलनी है. इसके बाद टीम इंडिया 1 जुलाई से इंग्लैंड में 5 टी-20 और 3 मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी. फिर सितंबर 2026 में जापना में एशियन गेम्स शुरू होंगे. वैभव सूर्यवंशी को टी-20 टीम में चयन किया गया है. भारत को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर कुल 7 टी-20 मैच खेलने हैं. इन दोनों सीरीज की किसी आने वाले टूर्नामेंट को लेकर बहुत अधिक अहमियत नहीं है. ऐसे में टीम इंडिया में रोटेशन किया जाना तय है. वैभव सूर्यवंशी को इन 7 मैचों में से किसी न किसी मुकाबले में मौका मिलना तय ही है. अब सवाल उठ रहा है कि वैभव के लिए कौन खिलाड़ी अपनी जगह खाली करेगा. आइए जानते हैं आईपीएल 2026 के आंकड़ों के मुताबिक वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन में से किसका पलड़ा भारी है.
वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2020 में विस्फोटक बैटिंग कर सभी को अपना कायल बना दिया है. वैभव ने आईपीएल 2026 में खेले गए 16 मैचों में 237 की स्ट्राइक रेट से सबसे अधिक 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप अपने नाम किया है. वैभव ने इस दौरान सबसे अधिक 72 छक्के भी लगाए. उधर, अभिषेक शर्मा की बात करें तो उन्होंने आईपीलए 2026 में कुल 563 रन बनाए थे. इस दौरान अभिषेक का स्ट्राइक रेट 204 का था. अभिषेक ने अपनी पारी के दौरान कुल 43 छक्के लगाए हैं. अब बात संजू सैमसन की करते हैं. आईपीएल 2026 में संजू सैमसन कुल 477 रन बनाए हैं. उनका स्ट्राइक रेट 165 का रहा है. आईपीएल 2026 में संजू सैमसन ने कुल 24 छक्के मारे हैं. इन आंकड़ों के देखने पर तो ऐसा लग रहा है कि वैभव के लिए संजू सैमसन को जगह खाली करनी पड़ सकती है. हालांकि ऐसा नहीं है कि सिर्फ संजू सैमसन को ही बाहर बैठना पड़ेगा बल्कि अभिषेक शर्मा को भी किसी मैच में बाहर रहना पड़ सकता है. हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं कि क्योंकि इस सीरीज के जरिए कोच गौतम गंभीर वैभव सूर्यवंशी के साथ दोनों ओपनर्स के कॉम्बिनेशन को आजमाना चाहेंगे ताकि ये पता चल सके कि वैभव को कैसे और किसके साथ ओपनिंग में फिट किया जाए.
...तो ऐसे में संजू सैमसन को टीम से हटाना है मुश्किल
आपको मालूम हो कि भारतीय टीम अपना आखिरी टी-20 फॉर्मेट का मैच 8 मार्च 2026 को टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली थी. इस मैच में टीम इंडिया ने 96 रनों से न्यूजीलैंड को हराकर तीसरा टी-20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया था. इस मैच को जीताने वाली टीम में संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह शामिल थे. यदि इसी टीम से किसी को वैभव के लिए बाहर करना पड़े तो आइए जानते हैं कौन बाहर हो सकता है. चूंकि वैभव ओपनर बल्लेबाज हैं. उधर, संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा भी ओपनर बल्लेबाज हैं.
ऐसे में वैभव सूर्यवंशी के लिए संजू या अभिषेक में से किसी को टीम से बाहर होना होगा. चूंकि संजू सैमसन टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के स्टार प्लेयर थे. वह टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मैच में 89 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द मैच बने थे. वह प्लेयर ऑफ द सीरीज भी रहे थे. संजू ने वर्ल्ड कप 2026 के सिर्फ 5 मैचों में 321 रन 80.25 के औसत और 199.37 के स्ट्राइक रेट से बनाए थे. ऐसे में संजू सैमसन को टीम से हटाना मुश्किल है. संजू सैमसन विकेटकीपर की भी भूमिका निभाते हैं. उधर, अभिषेक शर्मा का टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में बहुत ही कमजोर प्रदर्शन रहा था. हालांकि अभिषेक ने फाइनल मैच में 21 गेंदों में 52 रन बनाए थे लेकिन कुल 8 मैचों में सिर्फ 141 रन ही बना पाए थे. उनका एवरेज 17.62 का था. ऐसे में अभिषेक शर्मा को वैभव के लिए टीम से बाहर रहना पड़ सकता है. हालांकि ऐसी भी संभावना है कि वैभव को टीम 11 में शामिल करने के लिए मिडिल ऑर्डर के भी कुछ खिलाड़ियों की भी छुट्टी की जा सकती है.
इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नीतीश रेड्डी, मोहम्मद सिराज, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव और वैभव सूर्यवंशी.
आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नीतीश रेड्डी, मोहम्मद सिराज, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव और वैभव सूर्यवंशी.
एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नीतीश रेड्डी, जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती और वैभव सूर्यवंशी.