T20 WC
T20 WC
ZIM vs WI Super 8 Match: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मुकाबले में वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के बीच रोमांचक मैच देखने को मिला. पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया, जिसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम लगातार संघर्ष करती नजर आई. हालांकि टीम जीत की दौड़ से भले दूर रही, लेकिन आखिरी विकेट की जुझारू साझेदारी ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया. इस मैच में वेस्टइंडीज ने हेटमायर और पॉवेल की अर्धशतकीय पारी और फिर मोती के 4 विकेट हॉल की मदद से जिम्बाब्वे की टीम को 107 रन के बड़े अंतर से हरा दिया.
हेटमायर का तूफान, वेस्टइंडीज का बड़ा स्कोर
टॉस जीतकर जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया, लेकिन यह निर्णय टीम पर भारी पड़ता दिखा. वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. शिमरॉन हेटमायर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 34 गेंदों में 85 रन ठोक दिए. उनकी इस पारी में चौकों और छक्कों की बरसात देखने को मिली. उनके अलावा कप्तान रोवमैन पॉवेल ने भी 59 रनों की तेज पारी खेली. इन पारियों की बदौलत वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 254 रन बना दिए.
बता दें कि, यह मौजूदा टूर्नामेंट का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है और टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा टीम स्कोर भी बन गया.
लक्ष्य का पीछा करते हुए लड़खड़ाया जिम्बाब्वे
255 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम के विकेट लगातार गिरते रहे और बल्लेबाज बड़ी साझेदारी बनाने में नाकाम रहे. मारुमनी ने 14 रन बनाए, जबकि बेनेट सिर्फ 5 रन ही जोड़ सके. वेस्ले मायर्स ने 28 रनों की उपयोगी पारी खेली. कप्तान सिकंदर रजा ने भी 27 रन बनाए, लेकिन टीम को संभाल नहीं पाए. मुनयोंगा 14 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि बर्ल, ग्रीम क्रेमर और मुसेकीवा खाता भी नहीं खोल सके. लगातार गिरते विकेटों के बीच जिम्बाब्वे का स्कोर तेजी से दबाव में आता चला गया और टीम ने 9 विकेट गंवा दिए.
आखिरी विकेट ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
जब मैच पूरी तरह वेस्टइंडीज के पक्ष में जाता दिख रहा था, तब रिचर्ड नगारवा और ब्रैड इवांस ने शानदार जुझारूपन दिखाया. दोनों ने आखिरी विकेट के लिए 42 रनों की साझेदारी कर टी20 वर्ल्ड कप में नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया. यह टूर्नामेंट के इतिहास में अंतिम विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है. दोनों बल्लेबाजों ने अंत तक टिके रहकर टीम के रन रेट को संभालने और सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने की कोशिश की.
सुपर-8 की रेस में अहम मुकाबला
यह मुकाबला सुपर-8 चरण का महत्वपूर्ण मैच है. जिम्बाब्वे ने ग्रुप स्टेज में ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका को हराकर बड़ा उलटफेर किया था, जबकि वेस्टइंडीज अपने सभी मैच जीतकर यहां पहुंची है. इस मैच का नतीजा अन्य टीमों, खासकर भारत के सेमीफाइनल समीकरणों पर भी असर डाल सकता है.
ये भी पढ़ें: