scorecardresearch

T20 World Cup 2026 Ind vs Sa: भारत आज सुपर-8 में साउथ अफ्रीका को हराने के लिए तैयार, जानें कितनी जीत से सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी टीम इंडिया और पाकिस्तान कैसे हो जाएगा विश्व कप से बाहर?

टी-20 विश्व कप 2026 के ग्रुप चरण में अजेय रहने के बाद भारतीय टीम रविवार शाम को सुपर-8 चरण की शुरुआत करने मैदान पर उतरेगी. गत चैंपियन भारत का सामना अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में साउथ अफ्रीका से होगा. सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में भारतीय टीम के खिलाड़ी साउथ अफ्रीका को हराने के लिए तैयार हैं. आइए जानते हैं कितनी जीत से सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी टीम इंडिया और पाकिस्तान कैसे हो जाएगा विश्व कप से बाहर?

India vs South Africa Match (File Photo) India vs South Africa Match (File Photo)

India vs South Africa T20 World Cup Super 8: टी-20 विश्व कप 2026 में शामिल 20 टीमों में से 12 की छुट्टी ग्रुप चरण में ही हो चुकी है. अब सुपर-8 स्टेज के मुकाबले खेले जा रहे हैं.  ग्रुप चरण में अजेय रहने के बाद भारतीय टीम रविवार शाम को सुपर-8 चरण की शुरुआत करने मैदान पर उतरेगी. गत चैंपियन भारत का सामना 22 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में साउथ अफ्रीका से होगा. सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में भारतीय टीम के खिलाड़ी साउथ अफ्रीका को हराने के लिए तैयार हैं. आइए जानते हैं कितनी जीत से सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी टीम इंडिया. आपको मालूम हो कि पहला सेमीफाइनल 4 मार्च को और दूसरा सेमीफाइनल 5 मार्च को खेला जाएगा जबकि फाइनल मुकाबला 8 मार्च को खेला जाएगा. 

कहां देख सकते हैं भारत-साउथ अफ्रीका के बीच मैच 
टी-20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच मुकाबला 22 फरवरी दिन रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. यह मैच रविवार को शाम 7:00 बजे से शुरू होगा जबकि टॉस मैच शुरू होने से आधा घंटा पहले 6:30 बजे होगा. इस मैच का सीधा प्रसारण भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा. यदि आप मैच मोबाइल या लैपटॉप पर देखना चाहते हैं तो इसकी लाइव स्ट्रीमिंग जिओ हॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी.

सुपर-8 में किन टीमों से मैच खेलेगी टीम इंडिया 
टीम इंडिया सुपर-8 में साउथ अफ्रीका से मैच खेलने के बाद 26 फरवरी को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में जिम्बाब्वे से मैच खेलेगी. इसके बाद भारतीय टीम 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज से भिड़ेगी. इस तरह से सुपर-8 में भारत को कुल तीन मुकाबले खेलने हैं. 

सुपर-8 में पहुंची हैं ये टीमें 
टी-20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 राउंड में भारतीय टीम सहित श्रीलंका की टीम, न्यूजीलैंड की टीम, पाकिस्तान की टीम, साउथ अफ्रीका की टीम, जिम्बाब्वे की टीम, इंग्लैंड की टीम और वेस्टइंडीज की टीम पहुंची है. इन 8 टीमों को 4-4 के दो ग्रुप में बांटा गया है. ग्रुप-1 में भारत, साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज हैं. ग्रुप-2 में श्रीलंका, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और इंग्लैंड शामिल हैं. 

टीम इंडिया कैसे पहुंचेगी सेमीफाइनल में 
सुपर-8 में शामिल हर टीम अपने ग्रुप की टीम से एक-एक मैच खेलेगी. इस तरह से एक टीम को तीन मैच खेलने के मौके मिलेंगे. दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमों को सेमीफाइनल में जगह मिलेगी. ऐसे में सुपर-8 का हर एक मुकाबला काफी अहम है. सुपर-8 में हर मैच दो प्वाइंट्स के लिए होता है. ऐसे में मैच हारने या बारिश से मैच धुलने पर टीमों को जीत का मौका गंवाना पड़ता है. यदि टीम इंडिया सुपर-8 में अपने सभी तीनों मैच जीत लेती है तो वह शान से सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी. दो मैच जीतने पर भी भारतीय टीम सेमीफाइनल में जा सकती है लेकिन भारतीय ग्रुप में शामिल तीनों टीमों ने दो-दो मैच जीते हैं तो फिर नेट रन रेट से सेमीफाइनलिस्ट का निर्णय किया जाएगा. यदि कोई मुकाबला बारिश की वजह से रद्द या बेनतीजा नहीं होता है तो सेमीफाइनल में जाने के लिए भारत सहित अन्य टीमों को कम से कम दो मैच तो जरूर जीतने ही होंगे. 

यदि सुपर-8 के सभी मैच रद्द हुए तो कौन टीमें पहुंचेगी सेमीफाइनल में 
आपको मालूम हो कि सुपर 8 के मैचों में रिजर्व डे की कोई व्यवस्था नहीं है. सुपर-8 में पहला मैच पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच था, जो बिना एक भी गेंद खेले रद्द हो गया और दोनों टीम को 1-1 प्वाइंट मिला है. आइए जानते हैं यदि सुपर-8 के सभी मैच रद्द हुए तो कौन दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेगीं. यदि प्वाइंट्स बराबर हुए तो सुपर-8 राउंड में ज्यादा मैच जीतने वाली टीम आगे बढ़ेगी. यदि जीते मैच की संख्या भी बराबर है तो नेट रनरेट से फैसला होगा. नेट रन-रेट भी दो टीमों को अलग नहीं कर सका तो दोनों टीम के बीच हुए मैच का विजेता क्वालिफाई करेगा. यदि बारिश या किसी कारण से मैच ही रद्द हो गया तो ये शर्त ही खत्म हो जाती है.

ऐसे में फैसला 6 फरवरी 2026 की ICC टी-20 रैंकिंग के आधार पर होगा. यदि ग्रुप-1 के भी सभी मैच रद्द होते हैं तो रैंकिंग के हिसाब से भारत और साउथ अफ्रीका की टीमें सेमीफाइनल में पहुंच जाएंगी क्योंकि आईसीसी की रैंकिंग में भारतीय टीम पहले और साउथ अफ्रीका की टीम पांचवें स्थान पर है. उधर, रैंक सात वाली वेस्टइंडीज टीम और रैंक 12 वाली जिम्बाब्वे की टीम टी-20 विश्व कप 2026 से बाहर हो जाएगी. यदि ग्रुप-2 के सभी मैच रद्द हो जाते हैं तो चारों टीम के 3-3 प्वाइंट्स होंगे. ऐसे में फैसला ICC रैंकिंग के आधार पर होगा और यहां पर फायदा इंग्लैंड और न्यूजीलैंड को होगा क्योंकि आईसीसी रैंकिंग में इंग्लैंड तीसरे और न्यूजीलैंड चौथे स्थान पर है. पाकिस्तान छठे और श्रीलंका की टीम आठवें स्थान पर है. ऐसे में पाकिस्तान और मेजबान श्रीलंका की टीम टी-20 विश्व कप 2026 से बाहर हो जाएगी. 

टी-20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह, हर्षित राणा, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती.

टी-20 विश्व कप 2026 के लिए साउथ अफ्रीका की टीम
एडन मार्करम (कप्तान), कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, क्विंटन डी कॉक, मार्को यानसन, जॉर्ज लिंडे, केशव महाराज, क्वेना माफाका, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, एनरिच नोर्जे, कगिसो रबाडा, रयान रिकेल्टन, जेसन स्मिथ, ट्रिस्टन स्टब्स.