scorecardresearch

कहीं आपके भी वाहन पर चालान तो नहीं, काटने पड़ सकते हैं कोर्ट के चक्कर.. घर बैठें देखें चालान का स्टेटस

नियमित रूप से चालान स्टेटस चेक करने से न सिर्फ आप अनावश्यक जुर्माने से बच सकते हैं, बल्कि भविष्य में किसी कानूनी परेशानी से भी सुरक्षित रहते हैं.

Representative Image Representative Image

आज के समय में सड़कों पर हाई-टेक ट्रैफिक कैमरों की कड़ी निगरानी रहती है. कई बार वाहन चालक को इसका अंदाजा भी नहीं होता और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर उसकी गाड़ी का ई-चालान ऑनलाइन कट जाता है. 

लोग समय पर चालान चेक नहीं करते, जिससे वह लंबे समय तक पेंडिंग रह जाता है. बाद में यही पेंडिंग चालान भारी जुर्माने या कोर्ट की कार्रवाई की वजह बन सकता है. इसलिए हर वाहन मालिक के लिए यह बेहद जरूरी हो गया है कि वह समय-समय पर अपने वाहन के चालान की स्थिति जरूर जांचे.

नहीं लगाने पड़ेंगे ट्रैफिक विभाग के चक्कर
अच्छी बात यह है कि चालान की जानकारी के लिए अब ट्रैफिक विभाग के दफ्तर जाने की जरूरत नहीं है. सरकार ने पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन और आसान बना दिया है. कुछ ही मिनटों में आप घर बैठे अपने वाहन से जुड़े सभी चालानों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.

ऑनलाइन चालान स्टेटस कैसे चेक करें?
चालान चेक करने के लिए सबसे पहले आधिकारिक ई-चालान वेबसाइट echallan.parivahan.gov.in पर जाएं. यहां वेबसाइट के लेफ्ट टॉप कॉर्नर में दिए गए ‘Check Online Services’ ऑप्शन पर क्लिक करें. इसके बाद ‘Check Challan Status’ को चुनें.

यहां आप अपनी जानकारी तीन तरीकों से दर्ज कर सकते हैं. चालान नंबर, वाहन नंबर या ड्राइविंग लाइसेंस नंबर. आवश्यक डिटेल भरने के बाद कैप्चा डालें और सब्मिट करें. इसके बाद आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजा जाएगा. ओटीपी डालते ही आपके सामने चालानों की पूरी लिस्ट खुल जाएगी.

चालान भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध
इस पोर्टल के जरिए न सिर्फ चालान की जानकारी देखी जा सकती है, बल्कि उसका भुगतान भी तुरंत किया जा सकता है. चालान डिटेल्स देखने के बाद भुगतान विकल्प पर क्लिक करें. इसके बाद आप सुरक्षित पेमेंट गेटवे पर पहुंच जाएंगे, जहां डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, यूपीआई या नेट बैंकिंग के माध्यम से भुगतान किया जा सकता है. भुगतान पूरा होते ही उसकी डिजिटल रसीद भी ऑनलाइन उपलब्ध हो जाती है.