scorecardresearch

AC Special Mode: भीषण गर्मी में दबाएं ये एक बटन.. फौरन एसी कमरे को बनाएगा शिमला, जानें इस ट्रिक के बारे में

अक्सर दोपहर में बाहर की गर्मी से घर में एसी चलाते ही ठंडक महसूस नहीं होती. इसके पीछे का कारण होता है आपका गलत मोड का चुनाव करना. ऐसे में आपको पता होना चाहिए कब किस मोड को चलाना है.

AC Modes AC Modes

मई और जून की चिलचिलाती गर्मी में दोपहर के समय एसी पर सबसे ज्यादा दबाव पड़ता है. कई बार ऐसा होता है कि एसी लगातार चलने के बावजूद भी कमरा सही तरीके से ठंडा नहीं हो पाता. ऐसे में लोग तुरंत सोचने लगते हैं कि शायद एसी की गैस खत्म हो गई है या फिर कोई बड़ी खराबी आ गई है. हालांकि हर बार ऐसा नहीं होता. कई बार सिर्फ रिमोट की गलत सेटिंग्स की वजह से भी एसी सही कूलिंग नहीं कर पाता. अच्छी बात यह है कि कुछ आसान बदलाव करके आप दोपहर की तेज गर्मी में भी कमरे को जल्दी ठंडा कर सकते हैं.

आजकल आने वाले स्प्लिट और विंडो एसी में कई तरह के मोड दिए जाते हैं. ज्यादातर लोग एसी चलाते समय ऑटो मोड का इस्तेमाल करते हैं क्योंकि इसमें एसी खुद कमरे के तापमान के हिसाब से काम करता है. लेकिन तेज गर्मी के दौरान यही मोड कई बार परेशानी बन जाता है. ऑटो मोड में एसी जरूरत के हिसाब से कूलिंग कम या ज्यादा करता रहता है और कमरा थोड़ा ठंडा होते ही कंप्रेसर बंद भी कर देता है. यही वजह है कि दोपहर के समय कमरे में लगातार ठंडक महसूस नहीं होती.

दोपहर में इस्तेमाल करें कूल मोड
अगर आपके एसी की गैस सही है और फिर भी कूलिंग कम लग रही है, तो सबसे पहले रिमोट में जाकर ऑटो मोड हटाएं और कूल मोड ऑन करें. यह मोड एसी के कंप्रेसर को लगातार बेहतर तरीके से चलाता है, जिससे कमरे की कूलिंग तेजी से होती है.

इसके अलावा कई एसी में टर्बो मोड भी दिया जाता है. इस फीचर को ऑन करने से एसी फुल स्पीड पर काम करता है और कुछ ही मिनटों में कमरे का तापमान कम होने लगता है. गर्मियों के पीक टाइम में यह फीचर काफी मददगार साबित हो सकता है.

फैन और ड्राय मोड से बचें
कई लोग बिजली बचाने के लिए फैन या ड्राय मोड का इस्तेमाल करने लगते हैं. लेकिन बेहद गर्म मौसम में ये मोड ज्यादा असरदार नहीं होते. फैन मोड सिर्फ हवा घुमाता है, जबकि ड्राय मोड नमी कम करने के लिए बनाया गया है. इसलिए दोपहर की तेज गर्मी में हमेशा कूल मोड ही इस्तेमाल करना बेहतर माना जाता है.

फिल्टर की सफाई भी है जरूरी
अगर एसी का फिल्टर गंदा हो जाए तो एयरफ्लो कम हो जाता है और कूलिंग पर सीधा असर पड़ता है. इसलिए समय-समय पर फिल्टर साफ करते रहना बहुत जरूरी है. साफ फिल्टर से हवा सही तरीके से बाहर आती है और कमरा जल्दी ठंडा होता है.