scorecardresearch

PAN Card Update: PAN कार्ड में फोटो या सिग्नेचर बदलना हुआ आसान, घर बैठे ऑनलाइन करें अपडेट

PAN कार्ड आज के समय में सबसे जरूरी दस्तावेजों में से एक है. बैंकिंग से लेकर टैक्स से जुड़े कई कामों में इसकी जरूरत पड़ती है. हालांकि कई लोगों की शिकायत रहती है कि PAN कार्ड पर लगी फोटो अच्छी नहीं दिखती या फिर उनके सिग्नेचर बदल चुके होते हैं. ऐसे में अब आपको नया कार्ड बनवाने की जरूरत नहीं है. आप घर बैठे ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए अपने PAN कार्ड में फोटो और सिग्नेचर आसानी से अपडेट कर सकते हैं. इसके लिए सिर्फ 107 रुपये का शुल्क देना होगा और पूरी प्रक्रिया कुछ आसान स्टेप्स में पूरी हो जाएगी.

How To Update Photo And Signature On Pan Card How To Update Photo And Signature On Pan Card

क्या आपको भी आपके PAN कार्ड पर लगी फोटो पसंद नहीं है या फिर आपके सिग्नेचर बदलना है? अगर हां, तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं है. आयकर विभाग की ऑनलाइन सुविधा के जरिए आप घर बैठे अपने PAN कार्ड में फोटो और सिग्नेचर अपडेट कर सकते हैं. खास बात है कि, इसके लिए आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं होगी. पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी की जा सकती है और इसके लिए केवल 107 रुपये का शुल्क देना होगा. तो चलिए आपको बताते हैं पूरा प्रोसेस क्या है.

कौन-कौन से डॉक्यूमेंट होंगे जरूरी
PAN कार्ड में फोटो या सिग्नेचर अपडेट करने से पहले कुछ जरूरी दस्तावेज तैयार रखें. पहचान प्रमाण के लिए आधार कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस की जरूरत होगी. इसके अलावा नई पासपोर्ट साइज फोटो और नए सिग्नेचर की साफ इमेज भी तैयार रखें. साथ ही आपका मोबाइल नंबर आधार कार्ड से लिंक होना चाहिए, क्योंकि प्रक्रिया के अंत में OTP वेरिफिकेशन किया जाएगा.

ऐसे करें PAN कार्ड में फोटो या सिग्नेचर अपडेट
सबसे पहले NSDL की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. वहां Apply Online सेक्शन में जाकर "Changes or Correction in Existing PAN Data" विकल्प का चयन करें.

इसके बाद कैटेगरी में 'Individual' चुनें और अपनी बेसिक जानकारी जैसे नाम, जन्म तिथि आदि भरकर फॉर्म सबमिट करें. सबमिट करने के बाद आपको एक Token Number मिलेगा. इसे सुरक्षित नोट कर लें और 'Continue with PAN Application Form' पर क्लिक करें.

अब 'Submit Scanned Images through e-Sign' विकल्प चुनें. यदि आप अपडेट के साथ नया फिजिकल PAN कार्ड भी प्राप्त करना चाहते हैं तो 'Whether Physical PAN Card is Required?' के सामने 'Yes' चुनें.

इसके बाद माता-पिता से जुड़ी जानकारी भरें और अगले चरण पर जाएं. अब पहचान प्रमाण के लिए आवश्यक दस्तावेज चुनें और वेबसाइट पर बताए गए फॉर्मेट व साइज के अनुसार अपनी नई फोटो और सिग्नेचर अपलोड करें.

कितनी लगेगी फीस
फॉर्म भरने और दस्तावेज अपलोड करने के बाद 107 रुपये का भुगतान करना होगा. भुगतान पूरा होने के बाद अपना आधार नंबर दर्ज करें. आपके आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर OTP आएगा. OTP डालते ही आवेदन प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और आपको Acknowledgement Receipt मिल जाएगी.

इन बातों का रखें विशेष ध्यान
फोटो और सिग्नेचर अपलोड करते समय वेबसाइट द्वारा निर्धारित साइज और फॉर्मेट का पालन जरूर करें. आवेदन फॉर्म में अपनी सक्रिय ईमेल आईडी दर्ज करें ताकि डिजिटल PAN कार्ड और आवेदन की स्थिति से जुड़ी जानकारी समय पर मिल सके. इसके अलावा आधार कार्ड से मोबाइल नंबर लिंक होना अनिवार्य है, क्योंकि OTP के बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं होगी.

यदि सभी जानकारी सही तरीके से भरी जाती है, तो आपका PAN कार्ड आसानी से अपडेट हो जाएगा और आपको नया रिकॉर्ड उपलब्ध करा दिया जाएगा.

ये भी पढ़ें: