human refrigerator
human refrigerator
गर्मी से बचने के लिए लोग एसी, कूलर और पंखे का सहारा लेते हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि ठंडक के लिए कोई व्यक्ति खुद ही फ्रिज में बैठ जाए. जी हां, जापान की एक कंपनी ने ऐसा खास कूलिंग बॉक्स तैयार किया है, जिसमें इंसान खुद अंदर जाकर कुछ मिनट खड़ा हो सकता है और शरीर को तेजी से ठंडा कर सकता है. 'ह्यूमन फ्रिज' के नाम से चर्चा में आया यह उपकरण खास तौर पर उन लोगों के लिए बनाया गया है, जो तेज धूप और गर्म मौसम में लंबे समय तक काम करते हैं. तो चलिए आपको बताते हैं इस ह्यूमन फ्रिज के बारे में.
क्या है 'ह्यूमन फ्रिज'?
जापान की रेफ्रिजरेशन कंपनी एसडीआरएस (SDRS) ने 'डो हिएमोन बॉक्स' (Do Hiemon Box) नाम का यह कूलिंग बॉक्स बनाया है. इसका आकार जापान की वेंडिंग मशीन जैसा है और इसमें एक समय में केवल एक व्यक्ति खड़ा हो सकता है. खास बात है कि, यह मशीन शरीर को कुछ ही मिनटों में ठंडक पहुंचाने के लिए डिजाइन की गई है. कैसे करता है काम?
इस कूलिंग बॉक्स के अंदर का तापमान लगभग 15 डिग्री सेल्सियस यानी 59 डिग्री फारेनहाइट रखा जाता है. जैसे ही कोई व्यक्ति इसके अंदर खड़ा होता है, उसके सिर, गर्दन, कंधों और पीठ की ओर ठंडी हवा छोड़ी जाती है. कंपनी का दावा है कि करीब 5 मिनट के भीतर शरीर को ठंडक महसूस होने लगती है और गर्मी से राहत मिल सकती है.
किन लोगों के लिए है खास?
यह मशीन खास तौर पर निर्माण स्थलों, फैक्ट्रियों और खुले में काम करने वाले कर्मचारियों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है. इसे औद्योगिक उपकरण सप्लाई करने वाली कंपनी ट्रुस्को नाकायामा (Trusco Nakayama) बाजार में उपलब्ध करा रही है. कंपनी के अनुसार, यह मशीन शरीर को तेजी से ठंडा करके हीट एग्जॉशन के शुरुआती लक्षणों से राहत देने में मदद कर सकती है.
अगर आप इसे घर के लिए खरीदने की सोच रहे हैं, तो इसकी कीमत आपको चौंका सकती है. डो हिएमोन बॉक्स की कीमत करीब 9,326 अमेरिकी डॉलर यानी लगभग ₹8 लाख है. फिलहाल इसे घरों के बजाय कंपनियों, फैक्ट्रियों और सार्वजनिक संस्थानों में इस्तेमाल के लिए तैयार किया गया है.
लोग मुफ्त में भी उठा रहे फायदा
जापान के गुनमा प्रीफेक्चर के माएबाशी सिटी हॉल में इस मशीन की एक यूनिट लगाई गई है. यहां लोग कार्यालय समय के दौरान इसका मुफ्त इस्तेमाल कर सकते हैं. इसका उद्देश्य बढ़ती गर्मी के बीच लोगों को राहत देना और हीटस्ट्रोक के खतरे को कम करना है.
ये भी पढ़ें: