Apple Laptop
Apple Laptop
एप्पल ने एक साथ दो नए लैपटॉप मैकबुक नियो और मैकबुक एयर एम5 लॉन्च करके अपने मैकबुक लाइनअप में बड़ा बदलाव किया है. इन दोनों डिवाइस के जरिए कंपनी ने अलग-अलग तरह के यूजर्स को ध्यान में रखकर रणनीति तैयार की है. जहां मैकबुक नियो को किफायती और स्टाइलिश विकल्प के रूप में पेश किया गया है, वहीं मैकबुक एयर एम5 को ज्यादा पावरफुल और प्रीमियम मशीन के तौर पर अपग्रेड किया गया है. खास बात यह है कि नियो में वही ए18 प्रो चिप दी गई है जो आईफोन 16 प्रो में देखने को मिलती है, जबकि एयर एम5 में कंपनी का नया एम5 चिप इस्तेमाल किया गया है.
बजट यूजर्स के लिए स्टाइलिश ऑप्शन
मैकबुक नियो को एप्पल ने खास तौर पर बजट सेगमेंट को ध्यान में रखते हुए लॉन्च किया है. इसकी शुरुआती कीमत करीब ₹69,900 रखी गई है, जो इसे अब तक का सबसे किफायती नया मैकबुक बनाती है. डिजाइन की बात करें तो यह करीब 1.2 किलोग्राम वजन के साथ काफी हल्का और पतला है, जिससे इसे आसानी से कहीं भी ले जाया जा सकता है.
परफॉर्मेंस के लिए इसमें ए18 प्रो चिप का इस्तेमाल किया गया है, जिससे रोजमर्रा के काम जैसे असाइनमेंट, वेब ब्राउज़िंग, वीडियो स्ट्रीमिंग और हल्की-फुल्की एडिटिंग आसानी से की जा सकती है. यह लैपटॉप फैनलेस डिजाइन के साथ आता है, इसलिए काम करते समय यह पूरी तरह शांत रहता है. हालांकि कीमत कम रखने के लिए कुछ फीचर्स में कटौती भी की गई है. उदाहरण के लिए, बेस मॉडल में बैकलिट कीबोर्ड नहीं मिलता और टच आईडी इस्तेमाल करने के लिए अलग से भुगतान करना पड़ सकता है.
प्रीमियम परफॉर्मेंस और नए फीचर्स
दूसरी ओर मैकबुक एयर एम5 को उन यूजर्स के लिए डिजाइन किया गया है जो अपने लैपटॉप से ज्यादा पावरफुल और लंबे समय तक भरोसेमंद परफॉर्मेंस चाहते हैं. इसकी शुरुआती कीमत ₹1,19,900 रखी गई है. इस बार एप्पल ने स्टोरेज और मेमोरी को भी अपग्रेड किया है, जिसमें 512जीबी स्टोरेज और 16जीबी रैम अब स्टैंडर्ड तौर पर मिलती है.
इस लैपटॉप में नया एम5 चिप दिया गया है, जो कंपनी के मुताबिक एआई टास्क और मल्टीटास्किंग में पहले के मुकाबले चार गुना तक बेहतर परफॉर्मेंस दे सकता है. कनेक्टिविटी के लिहाज से भी इसमें नया एन1 वायरलेस चिप दिया गया है, जो वाईफाई 7 और ब्लूटूथ 6 को सपोर्ट करता है. इसके अलावा मैगसैफ चार्जिंग की सुविधा भी बरकरार रखी गई है, जिससे चार्जिंग के दौरान केबल खिंचने पर लैपटॉप गिरने का खतरा कम हो जाता है.
किस यूजर के लिए कौन सा मैकबुक सही
अगर आप छात्र हैं या ऐसा लैपटॉप चाहते हैं जो रोजमर्रा के काम, ऑनलाइन क्लास, मूवी देखने और हल्की एडिटिंग जैसे टास्क आसानी से संभाल सके, तो मैकबुक नियो आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकता है. यह किफायती होने के साथ-साथ हल्का और पोर्टेबल भी है.
वहीं, अगर आपका मैकबुक ही आपका मुख्य वर्कस्टेशन है और आपको ज्यादा स्टोरेज, बेहतर रैम और तेज प्रोसेसिंग की जरूरत पड़ती है, तो मैकबुक एयर एम5 ज्यादा उपयुक्त रहेगा. इसकी पावरफुल परफॉर्मेंस और अपग्रेडेड फीचर्स इसे लंबे समय तक इस्तेमाल के लिए बेहतर निवेश बनाते हैं.