An OpenAI employee allegedly planted a recording device to spy on the company. (Photo: US DOJ)
An OpenAI employee allegedly planted a recording device to spy on the company. (Photo: US DOJ)
अमेरिका की जांच एजेंसी FBI ने OpenAI के एक्स इंजीनियर अब्दुलरहमान अल्फोजान को गिरफ्तार किया है. अब्दुलरहमान पर आरोप है कि उसने OpenAI के सैन फ्रांसिस्को ऑफिस में एक छोटा रिकॉर्डिंग डिवाइस छिपाया था. जांच एजेंसियों के मुताबिक, इसका मकसद कंपनी के अधिकारियों की गोपनीय बातचीत रिकॉर्ड करना था. OpenAI का कहना है कि ऑफिस में डिवाइस मिलने के बाद उसने अपने AI मॉडल की मदद से यह पता लगाने की कोशिश की कि डिवाइस कहां से आया और इसे किसने लगाया था.
अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, आरोपी को 9 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था. मंगलवार को उसे पहली बार संघीय अदालत में पेश किया गया. दोषी साबित होने पर उसे 5 साल तक की जेल, 2.5 लाख डॉलर (करीब 2.2 करोड़ रुपए) का जुर्माना और तीन साल तक निगरानी में रहने की सजा हो सकती है.
टीवी के पीछे USB पोर्ट में छिपाया था डिवाइस
OpenAI के मुताबिक, कंपनी के कर्मचारियों को 30 सितंबर को सुरक्षा जांच के दौरान यह डिवाइस मिला था. आकार में यह अंगूठे जितना छोटा था. इसे टॉयलेट पेपर में छिपाकर कॉन्फ्रेंस रूम में लगे टीवी के पीछे USB पोर्ट में लगाया गया था. डिवाइस में माइक्रोफोन, अलग किया जा सकने वाला कैमरा सेंसर और डेटा स्टोर करने के लिए माइक्रोएसडी कार्ड था. शुरुआती जांच में पता चला कि इसे करीब 28 सितंबर को लगाया गया था. हालांकि, डिवाइस में मौजूद डेटा एन्क्रिप्टेड था, इसलिए उसकी सामग्री नहीं पढ़ी जा सकी.
OpenAI ने दावा किया कि उसके AI मॉडल ने डिवाइस को समझने और उसके सोर्स का पता लगाने में मदद की. इसके बाद कंपनी ने संबंधित कर्मचारी की पहचान कर FBI को सूचना दी.
AI चैटबॉट से मांगी से जानकारी
आरोप है कि अल्फोजान ने कंपनी की बिल्डिंग, मीटिंग रूम, अधिकारियों की लोकेशन, कैलेंडर और बाहरी लोगों के साथ होने वाली मीटिंग की जानकारी जुटाने के लिए एक प्रोडक्टिविटी टूल का इस्तेमाल किया था. इसके अलावा, आरोप है कि उसने अपनी पत्नी से जुड़े AI चैटबॉट अकाउंट के जरिए 24 से 30 सितंबर के बीच रिकॉर्डिंग डिवाइस बनाने, लगाने, उसकी जांच करने, उसे छिपाने और दूर से इस्तेमाल करने से जुड़ी जानकारी मांगी थी.
शिकायत के मुताबिक, जिस कॉन्फ्रेंस रूम में डिवाइस मिला, वहां OpenAI के अधिकारी बेहद गोपनीय मामलों पर चर्चा करते थे. CCTV फुटेज में आरोपी कई तारीखों पर उस कमरे के आसपास दिखाई दिया. हालांकि, उसे वहां जाने या उन बैठकों में शामिल होने की अनुमति नहीं थी.
बैग में दूसरा रिकॉर्डिंग डिवाइस मिलने का दावा
जांचकर्ताओं के मुताबिक, 5 अक्टूबर को CCTV फुटेज में अल्फोजान कॉन्फ्रेंस रूम में जाकर टीवी के पीछे देखते हुए नजर आया. उसी दिन उसने एक दूसरे कमरे में अपना बैग छोड़ दिया. कंपनी की सुरक्षा टीम ने बैग की तलाशी ली तो उसमें उसका वॉलेट, पहचान पत्र और पहले डिवाइस जैसा एक दूसरा एन्क्रिप्टेड रिकॉर्डिंग डिवाइस मिला. बाद में बैग लेने पहुंचे अल्फोजान ने अपना कुछ सामान गायब होने की शिकायत की, लेकिन दूसरे डिवाइस के बारे में कुछ नहीं बताया.