Mobile Battery Drain
Mobile Battery Drain
आज के समय में लगभग हर स्मार्टफोन में लिथियम आयोन बैटरी का इस्तेमाल होता है. यह बैटरी हल्की, पावरफुल और लंबे समय तक चलने वाली होती है, लेकिन इसकी सही देखभाल करना बेहद जरूरी है. अगर आप कुछ आसान आदतों को अपना लें, तो आपके फोन की बैटरी सालों तक अच्छी परफॉर्मेंस दे सकती है. तो चलिए बताते हैं उन आदतों के बारे में.
अपनाएं चार्जिंग का खास नियम
बैटरी को पूरी तरह 0% तक खत्म करना या लंबे समय तक 100% पर चार्ज रखना नुकसानदायक हो सकता है. बेहतर है कि आप अपने फोन को 20% के आसपास चार्ज पर लगाएं और 80-85% तक ही चार्ज करें. इससे बैटरी पर दबाव कम पड़ता है और उसकी लाइफ लंबी होती है. यह तरीका बैटरी के चार्जिंग साइकल को भी बेहतर बनाए रखता है.
डिस्प्ले सेटिंग्स से करें बैटरी सेव
फोन की स्क्रीन सबसे ज्यादा बैटरी खर्च करती है, इसलिए इसकी सेटिंग्स पर ध्यान देना जरूरी है. डार्क मोड का इस्तेमाल करने से फोन में बैटरी की अच्छी बचत होती है. साथ ही ऑटो ब्राइटनेस ऑन रखें ताकि फोन अपने आप रोशनी के हिसाब से ब्राइटनेस एडजस्ट कर सके.
गर्मी से रखें फोन को दूर
हीट बैटरी की सबसे बड़ी दुश्मन है. चार्जिंग के दौरान फोन ज्यादा गर्म हो रहा हो तो उसका कवर हटा दें. साथ ही फोन को धूप या कार के डैशबोर्ड पर रखने से बचें. ज्यादा तापमान बैटरी के अंदर केमिकल स्ट्रक्चर को नुकसान पहुंचा सकता है, जिससे उसकी क्षमता कम हो जाती है.
सही चार्जर का करें इस्तेमाल
हमेशा ओरिजिनल या सर्टिफाइड चार्जर का ही इस्तेमाल करें. लोकल या सस्ते चार्जर गलत वोल्टेज सप्लाई कर सकते हैं, जिससे बैटरी खराब होने या फूलने का खतरा रहता है. एक अच्छा चार्जर आपकी बैटरी को सुरक्षित और लंबे समय तक हेल्दी रखता है.
बैकग्राउंड ऐप्स पर रखें कंट्रोल
कई ऐप्स बिना जरूरत के बैकग्राउंड में चलते रहते हैं और बैटरी खर्च करते हैं. ऐसे ऐप्स को हटाएं या उनकी परमिशन सीमित करें. नोटिफिकेशन और ऑटो-सिंक को भी जरूरत के अनुसार मैनेज करें ताकि अनावश्यक बैटरी ड्रेन न हो.