scorecardresearch

Optimized Battery Charging: क्या होता है लैपटॉप का वो फीचर, जो नहीं होने देता बैटकी को 100% चार्ज... क्या फायदा है इसका, कैसे ऑफ करें इस फीचर को?

कई लोगों के लैपटॉप के साथ होता है कि वह कई घंटे उ़से चार्जिंग पर लगाते हैं, लेकिन बैटरी 100 प्रतिशत चार्ज नहीं होती. ऐसे में वह सोचते हैं कि कहीं लैपटॉप में तो खराबी नहीं आ गई, या फिर यह बैटरी में किसी तरह की दिक्कत है. पर दरअसल यह एक तरह की सेटिंग होती है.

Advertisement
AI Generated Image AI Generated Image

कई बार लैपटॉप को घंटों चार्जिंग पर लगाने के बाद भी उसकी बैटरी 100 प्रतिशत तक नहीं पहुंचती. कुछ लैपटॉप में चार्जिंग 80 या 85 प्रतिशत पर ही रुक जाती है. ऐसे में लोग सोचने लगते हैं कि कहीं बैटरी खराब तो नहीं हो गई. लेकिन हर बार ऐसा होना किसी खराबी का संकेत नहीं है. कई लैपटॉप में बैटरी को लंबे समय तक सही रखने के लिए खास फीचर दिया जाता है. यह फीचर बैटरी को पूरी तरह चार्ज होने से रोक सकता है.

100% चार्ज क्यों नहीं होता लैपटॉप?

आजकल लैपटॉप में लिथियम-आयन बैटरी का इस्तेमाल होता है. समय के साथ इन बैटरियों की क्षमता कम हो सकती है. खासकर बैटरी लंबे समय तक 100 प्रतिशत चार्ज रहने और ज्यादा गर्म होने पर जल्दी पुरानी हो सकती है.

इसी परेशानी को कम करने के लिए कंपनियां स्मार्ट चार्जिंग और बैटरी सेफ्टी जैसे फीचर देती हैं. इनकी मदद से लैपटॉप की बैटरी को 80 या 90 प्रतिशत तक चार्ज होने के बाद रोका जा सकता है. इसलिए अगर आपका लैपटॉप 80 प्रतिशत पर चार्ज होना बंद कर देता है, तो सबसे पहले उसकी सेटिंग जांचें.

विंडोज लैपटॉप में कैसे चेक करें सेटिंग?

अगर आप विंडोज लैपटॉप इस्तेमाल करते हैं, तो सबसे पहले बैटरी के आइकन पर क्लिक करें. इसके बाद सेटिंग में जाकर 'Power & Battery' का विकल्प देखें. यहां बैटरी से जुड़ी जानकारी मिल सकती है.

ध्यान दें कि हर लैपटॉप में चार्जिंग की सेटिंग एक जैसी नहीं होती. कई कंपनियां अपने लैपटॉप में बैटरी की सुरक्षा के लिए अलग ऐप देती हैं. इसलिए अपने लैपटॉप के ब्रांड के अनुसार बैटरी हेल्थ या स्मार्ट चार्जिंग का विकल्प खोजें.

MacBook में क्यों रुक जाती है चार्जिंग?

Apple के MacBook में 'Optimized Battery Charging' नाम का फीचर मिलता है. यह आपकी चार्जिंग की आदतों को समझकर बैटरी को लंबे समय तक 100 प्रतिशत पर रहने से बचाता है. इस कारण कुछ स्थितियों में चार्जिंग 80 प्रतिशत पर रुक सकती है.

यह फीचर बैटरी की उम्र बढ़ाने में मदद करता है. अगर आपको तुरंत पूरी बैटरी चाहिए, तो अपने MacBook की बैटरी सेटिंग में उपलब्ध विकल्पों को जांच सकते हैं.

लैपटॉप की बैटरी लंबे समय तक कैसे चलाएं?

लैपटॉप को बिस्तर, कंबल या तकिए पर रखकर चार्ज न करें. इससे गर्मी बाहर निकलने में परेशानी हो सकती है. हमेशा सही चार्जर का इस्तेमाल करें और लैपटॉप के हवा निकलने वाले हिस्सों को साफ रखें.

अगर आपको बाहर जाना है और पूरी बैटरी चाहिए, तो चार्जिंग लिमिट की सेटिंग जांचें. लेकिन रोजाना इस्तेमाल के लिए बैटरी को 80 प्रतिशत तक सीमित रखना उपयोगी हो सकता है.

कब समझें कि लैपटॉप में खराबी है?

अगर सेटिंग जांचने के बाद भी लैपटॉप चार्ज नहीं हो रहा, चार्जिंग बार-बार बंद हो रही है या बैटरी बहुत जल्दी खत्म हो जाती है, तो चार्जर, केबल और बैटरी की जांच कराएं. ऐसी स्थिति में सर्विस सेंटर से मदद लेना बेहतर है.