Fast Phone Charging
Fast Phone Charging
जब स्मार्टफोन, टैबलेट या लैपटॉप को तेजी से चार्ज करने की बात आती है, तो ज़्यादातर लोग बस इतना ही देखते हैं कि डिवाइस में फास्ट चार्जिंग का फीचर है या नहीं. लेकिन हकीकत यह है कि फास्ट चार्जिंग सिर्फ फोन के सपोर्ट तक सीमित नहीं होती. अगर चार्जर या केबल सही नहीं है, तो सबसे एडवांस फोन भी कछुए की रफ्तार से चार्ज होगा. USB-C आने से केबल उलटी लगाने की टेंशन तो खत्म हो गई है, लेकिन सही स्पीड पाने के लिए अब भी कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद ज़रूरी है.
चार्जर की ताकत सही होना है जरूरी
फोन चाहे कितना भी फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करता हो, अगर आप पुराना, सस्ता या कम वॉल्टेज वाला चार्जर इस्तेमाल कर रहे हैं, तो चार्जिंग स्पीड अपने आप सीमित हो जाएगी. फोन चार्ज तो होगा, लेकिन उतनी तेजी से नहीं जितनी हो सकती है. अच्छी बात यह है कि अगर चार्जर की वॉल्टेज फोन से ज़्यादा है, तो कोई नुकसान नहीं होता. फोन उतनी ही पावर लेता है जितनी उसे चाहिए. परेशानी तब होती है जब चार्जर की क्षमता फोन की जरूरत से कम हो, क्योंकि ऐसे में फास्ट चार्जिंग का पूरा फायदा नहीं मिल पाता.
केबल भी उतनी ही अहम है जितना चार्जर
अक्सर लोग मान लेते हैं कि अच्छा चार्जर लगा दिया तो काम हो गया, लेकिन केबल को नजरअंदाज कर देते हैं. सच्चाई यह है कि केबल अगर लो-क्वालिटी या स्लो है, तो हाई-स्पीड चार्जर भी बेकार साबित हो सकता है.
फास्ट चार्जिंग के लिए ऐसी केबल जरूरी होती है जो USB Power Delivery (PD) या Quick Charge जैसे स्टैंडर्ड को सपोर्ट करती हो और आपके डिवाइस की पावर कैपेसिटी के हिसाब से रेटेड हो. अगर फोन सपोर्ट करता है, तो ज्यादा वोल्टेज वाली केबल आम तौर पर साधारण 5V केबल से बेहतर और तेज चार्जिंग देती है.
चार्जिंग का माहौल भी स्पीड तय करता है
USB-C तकनीक तेज चार्जिंग जरूर देती है, लेकिन गलत हालात में चार्ज करने से स्पीड अपने आप कम हो जाती है. उदाहरण के लिए, अगर फोन को धूप में रखकर चार्ज किया जाए, तो ज्यादा गर्मी के कारण चार्जिंग धीमी हो सकती है. बहुत मोटा कवर भी फोन की गर्मी बाहर नहीं निकलने देता, जिससे स्पीड पर असर पड़ता है. बेहतर रिज़ल्ट के लिए फोन को ठंडी और छांव वाली जगह पर चार्ज करें.
साथ ही, चार्जिंग के दौरान भारी ऐप्स चलाने या गेम खेलने से बचें, ताकि फोन ज्यादा गर्म न हो और चार्जिंग तेजी से पूरी हो सके. सही चार्जर, अच्छी केबल और सही माहौल. इन तीनों का तालमेल ही असली फास्ट चार्जिंग का राज़ है.