Yulu Wynn Electric Scooter
Yulu Wynn Electric Scooter
देशभर में इलेक्ट्रिक व्हीकल को लेकर लगातार काम किया जा रहा है. ज्यादातर कंपनियां इस टेक्नोलॉजी के साथ अपने वाहन लॉन्च कर रही है. अब युलु भी अपना पहला इलेक्ट्रिक स्कूटर बाजार में ले कर आ गया है. युलु ने भारतीय बाजार में Wynn इलेक्ट्रिक स्कूटर को 55,555 रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत के साथ लॉन्च किया है. युलु व्यान के लिए बुकिंग भी शुरू कर दी गई है. इसके लिए बस 999 रुपये की टोकन पेमेंट करनी होगी, जो पूरी तरह से रिफंडेबल है. कंपनी के मुताबिक, कुछ समय बाद इस ई-स्कूटर को 59,999 रुपये में बेचा जाएगा.
टेस्ट राइड कर सकेंगे लोग
युलु व्यान को शुरू में बेंगलुरु में बेचा जाएगा जबकि जल्द ही दूसरे शहरों में भी इसे उपलब्ध करवाया जाएगा. इसे टेस्ट राइड के लिए कई जगहों पर फिलहाल प्रदर्शित किया जा रहा है. ब्रांड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आप इसके बारे में जानकारी ले सकते हैं. वेबसाइट के मुताबिक, ई-स्कूटर की डिलीवरी मई के मध्य से शुरू होगी. ग्राहक युलु ऐप और वेबसाइट से भी डिजिटल ओनरशिप ले सकते हैं.
16 साल से ऊपर के सभी लोग कर सकते हैं सवारी
Yulu Wynn को दो कलर वेरिएंट में लॉन्च किया जाएगा- जिसमें स्कारलेट रेड और मूनलाइट व्हाइट है. इलेक्ट्रिक स्कूटर में ऑन-द-एयर (OTA) कनेक्टिविटी के साथ ऑपरेटिंग सिस्टम है. कंपनी का दावा है कि इसके लिए ड्राइविंग लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन की भी जरूरत नहीं पड़ेगी. युलु को 16 साल से ऊपर के सभी लोग चला सकते हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, युलु के को-फाउंडर अमित गुप्ता कहते हैं, “जब से हमने शुरुआत की है, तब से हमारे पास लगातार ऑर्डर आ रहे हैं. अपने ग्राहकों के फीडबैक सुनकर हम काफी उत्साहित हैं. यह ईजी-मोबिलिटी के लिए भारत का पहला इलेक्ट्रिक 2-व्हीलर है जो न आपको ओनरशिप भी देगा और आसानी से आप इसे चला भी सकेंगे.”
1 मिनट में स्वैप कर सकते हैं बैटरी
युलु के अनुसार, इस इलेक्ट्रिक व्हीकल को कई फीचर्स से लैस किया गया है. जिसमें कीलेस एक्सेस और इंस्टेंट फैमिली-शेयरिंग शामिल है. ब्रांड का दावा है कि यह मोबिलिटी सब्सक्रिप्शन पैक के साथ पेश किया गया है, जो ओनरशिप की लागत को 40 प्रतिशत तक कम करता है. युलु व्यान एक स्वैपेबल बैटरी से लैस है जिसे किसी भी बैटरी स्वैपिंग स्टेशन पर 1 मिनट के अंदर स्वैप किया जा सकता है. इसके अलावा, इसे पोर्टेबल चार्जर के जरिए घर पर भी चार्ज किया जा सकता है, जिसे ग्राहक को एक्सेसरी के रूप में खरीदना होगा.