देश के मैदानी इलाकों में धीरे-धीरे गर्मी बढ़ने लगी है और आने वाले दिनों में लू का असर भी देखने को मिलेगा. ऐसे मौसम में ज्यादातर लोग ठंडी और सुकून भरी जगहों पर छुट्टियां बिताने का प्लान बनाते हैं. भारत में कई ऐसी खूबसूरत जगहें हैं जो पहाड़ों, जंगलों और हरी-भरी घाटियों के बीच बसी हुई हैं. यहां का ठंडा मौसम और प्राकृतिक सुंदरता गर्मियों की छुट्टियों को खास बना देती है. अगर आप भी इस समर वेकेशन में कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो भारत की ये 8 जगहें आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकती हैं.
लद्दाख (Ladakh)
गर्मियों के मौसम में लद्दाख की असली खूबसूरती देखने को मिलती है. सर्दियों में लंबे समय तक बर्फ से ढके रहने के बाद मई से सितंबर के बीच यहां का मौसम सुहावना हो जाता है. इस दौरान मनाली-लेह और श्रीनगर-लेह हाईवे भी खुल जाते हैं. पैंगोंग झील, नुब्रा घाटी और हेमिस व थिकसे जैसे बौद्ध मठ यहां के प्रमुख आकर्षण हैं. ठंडी हवा और शांत वातावरण इसे यादगार समर डेस्टिनेशन बनाते हैं.
तवांग, अरुणाचल प्रदेश
भारत के पूर्वोत्तर में स्थित तवांग अभी भी भीड़भाड़ से दूर एक शांत जगह है. यहां का तवांग मठ दुनिया के सबसे बड़े बौद्ध मठों में से एक माना जाता है. गर्मियों में यहां का मौसम ठंडा और साफ रहता है. माधुरी लेक और सेला पास का नजारा पर्यटकों को खूब आकर्षित करता है.
स्पीति वैली, हिमाचल प्रदेश
'लिटिल तिब्बत' के नाम से मशहूर स्पीति वैली अपनी अनोखी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जानी जाती है. यह हिमालय की वर्षा-छाया क्षेत्र में स्थित है, इसलिए गर्मियों में यहां घूमना सबसे अच्छा माना जाता है. काजा, किब्बर और लांगजा गांवों से दिखने वाले पहाड़ों के नजारे बेहद शानदार होते हैं. की मठ और चंद्रताल झील यहां के प्रमुख पर्यटन स्थल हैं.
दार्जिलिंग, पश्चिम बंगाल
दार्जिलिंग लंबे समय से भारत का लोकप्रिय हिल स्टेशन रहा है. यहां का ठंडा मौसम, चाय के बागान और औपनिवेशिक माहौल पर्यटकों को खूब पसंद आता है. टाइगर हिल से कंचनजंगा पर सूर्योदय देखना एक अनोखा अनुभव होता है. इसके अलावा दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे यानी टॉय ट्रेन भी यहां का खास आकर्षण है.
मुन्नार, केरल
अगर आप दक्षिण भारत घूमना चाहते हैं तो मुन्नार एक शानदार विकल्प है. पश्चिमी घाट की पहाड़ियों में बसे इस हिल स्टेशन की पहचान हरे-भरे चाय बागानों से है. यहां का मौसम गर्मियों में भी सुहावना रहता है. एराविकुलम नेशनल पार्क और खूबसूरत झरने पर्यटकों को खास अनुभव देते हैं.
कूर्ग, कर्नाटक
कूर्ग को ‘स्कॉटलैंड ऑफ इंडिया’ भी कहा जाता है. यह जगह अपने कॉफी प्लांटेशन और प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है. यहां आप एबे फॉल्स देख सकते हैं, जंगलों में ट्रेकिंग कर सकते हैं और राजा सीट से शानदार नजारे का आनंद ले सकते हैं. होमस्टे में रहकर ताजी कॉफी की खुशबू का अनुभव भी खास होता है.
शिलांग, मेघालय
मेघालय की राजधानी शिलांग प्राकृतिक सुंदरता और शांत माहौल के लिए जानी जाती है. यहां चारों ओर पाइन के जंगल और पहाड़ियां हैं. उमियम झील, एलीफेंट फॉल्स और आसपास के गांवों में बने लिविंग रूट ब्रिज यहां के प्रमुख आकर्षण हैं. साथ ही यहां का म्यूजिक और शॉपिंग कल्चर भी पर्यटकों को पसंद आता है.
औली, उत्तराखंड
औली को आमतौर पर सर्दियों में स्कीइंग के लिए जाना जाता है, लेकिन गर्मियों में यह जगह बेहद शांत और खूबसूरत लगती है. यहां से नंदा देवी जैसे बर्फ से ढके पहाड़ों का शानदार नजारा दिखाई देता है. जोशीमठ से औली तक का केबल कार सफर भी रोमांच से भरपूर अनुभव देता है.
ये भी पढ़ें: