bunk beds flight
bunk beds flight
एयर न्यूजीलैंड ने अपने Boeing 787-9 ड्रीमलाइनर विमानों में इकोनॉमी क्लास यात्रियों के लिए 'बंक बेड' की शुरुआत की है. यह कदम एयर ट्रैवल को ज्यादा आरामदायक और किफायती बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव माना जा रहा है.
क्या है इकोनॉमी स्काईनेस्ट?
एयरलाइन ने इन स्लीपिंग पॉड्स को इकोनॉमी स्काईनेस्ट नाम दिया है. यह दरअसल बंक बेड की तरह डिजाइन किए गए छोटे-छोटे स्लीपिंग पॉड्स हैं, जिनमें यात्री सीट पर बैठे रहने के बजाय लेटकर आराम कर सकते हैं.
हर फ्लाइट में ऐसे 6 पॉड्स होंगे, यानी एक समय में 6 यात्री इनका इस्तेमाल कर सकेंगे. इनमें गद्दा, तकिया, कंबल, प्राइवेसी पर्दा, रीडिंग लाइट, चार्जिंग पोर्ट और सीट बेल्ट जैसी सुविधाएं दी जाएंगी. हर नए यात्री के इस्तेमाल से पहले इनकी सफाई और बेडिंग बदली जाएगी.
आम यात्रियों को क्या फायदा?
अब तक लंबी दूरी की फ्लाइट में लेटकर सोने की सुविधा सिर्फ महंगे टिकट वाले यात्रियों को ही मिलती थी. लेकिन इस नई पहल से इकोनॉमी क्लास में भी लंबी फ्लाइट (15-17 घंटे) में बेहतर आराम मिलेगा. थकान, बॉडी पेन और नींद की कमी जैसी समस्याएं कम होंगी. जेट लैग से राहत मिलने में मदद मिलेगी. किफायती कीमत में प्रीमियम अनुभव का मौका मिलेगा. यानी जो सुविधा पहले लाखों रुपए खर्च करने पर मिलती थी, अब वह सीमित शुल्क देकर आम यात्री भी ले सकेंगे.
कैसे काम करेगी ये सर्विस?
इन पॉड्स की बुकिंग 'फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्व' आधार पर होगी.
यात्री फ्लाइट बुकिंग के दौरान या बाद में 4 घंटे के स्लॉट के लिए पॉड रिजर्व कर सकेंगे.
हर यात्री को तय समय स्लॉट मिलेगा.
स्लॉट आमतौर पर खाने के समय के आसपास प्लान किए जाएंगे.
स्क्रीन पर नोटिफिकेशन के जरिए यात्री को बताया जाएगा कि उनका टाइम कब शुरू होगा.
बिजनेस या फर्स्ट क्लास के यात्री भी इसे बुक कर सकते हैं, लेकिन उन्हें कोई प्राथमिकता नहीं दी जाएगी.
कितनी होगी कीमत?
इन स्लीपिंग पॉड्स का चार्ज लगभग 495 डॉलर (करीब 46,000 रुपए) होगा, जो पूरी फ्लाइट के टिकट की तुलना में काफी कम है. यह खासतौर पर उन यात्रियों के लिए फायदेमंद है जो पूरी बिजनेस क्लास टिकट नहीं खरीद सकते लेकिन कुछ घंटों का आराम चाहते हैं.
कहां से होगी शुरुआत?
यह सुविधा सबसे पहले न्यूयॉर्क (JFK एयरपोर्ट) से ऑकलैंड के बीच चलने वाली फ्लाइट में शुरू की जाएगी, जो करीब 17 घंटे लंबी है और दुनिया की सबसे लंबी उड़ानों में से एक है. नवंबर से चुनिंदा फ्लाइट्स में इसकी शुरुआत होगी, जबकि बुकिंग मई से शुरू हो जाएगी.
ये भी पढ़ें: