scorecardresearch

Best Places To Visit In Bihar: शिमला, मनाली छोड़ो... मानसून में बिहार की इन 5 खूबसूरत जगहों का करें दीदार, जन्नत से नहीं है कम!

अगर आप इस बारिश के मौसम में भीड़भाड़ से दूर प्रकृति के बीच कुछ सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं, तो बिहार की ये जगहें आपके लिए शानदार विकल्प साबित हो सकती हैं. हरियाली, झरने, पहाड़ और धार्मिक स्थलों का अनोखा संगम आपके सफर को यादगार बना देगा. मानसून में इन जगहों की प्राकृतिक खूबसूरती अपने चरम पर होती है, इसलिए यात्रा से पहले मौसम और स्थानीय प्रशासन की सलाह जरूर जांच लें.

Hidden Places To Explore During Travel Hidden Places To Explore During Travel

कई सारे लोग घूमने के लिए उत्तराखंड, हिमाचल जैसी जाना पसंद करते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि बारिश का मौसम आते ही बिहार की कई जगहें हैं जहां की खूबसूरती कई गुना बढ़ जाती है. हरियाली से ढके पहाड़, झरने, झीलें और बादलों से घिरे प्राकृतिक नजारे लोगों को अपनी ओर खींच लेते हैं. अगर आप मानसून में परिवार या दोस्तों के साथ किसी शांत और खूबसूरत जगह पर घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो बिहार की ये 5 जगहें आपकी ट्रैवल लिस्ट में जरूर होनी चाहिए. तो चलिए आपको बताते हैं बिहार में घूमने के लिए 5 सबसे बढ़िया जगहों के नाम...

करमचट डैम, रोहतास
रोहतास जिले के चेनारी के पास स्थित करमचट डैम मानसून में बेहद आकर्षक दिखाई देता है. यह सासाराम से करीब 35 किलोमीटर की दूरी पर है. बारिश के दौरान डैम के आसपास हरियाली छा जाती है, जिससे यहां का नजारा और भी सुंदर हो जाता है. सुबह सूर्योदय और शाम सूर्यास्त के समय यहां का दृश्य देखने लायक होता है. परिवार और दोस्तों के साथ पिकनिक या शांत समय बिताने के लिए यह बेहतरीन जगह मानी जाती है.

करकटगढ़ वॉटरफॉल, कैमूर
कैमूर वाइल्डलाइफ सेंचुरी के अंदर स्थित करकटगढ़ वॉटरफॉल मानसून में अपनी पूरी रफ्तार में बहता है. करीब 100 फीट ऊंचा और 300 फीट चौड़ा यह झरना पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है. चारों ओर फैले जंगल, पहाड़ और झरने की गूंज यहां आने वाले लोगों को मंत्रमुग्ध कर देती है. प्रकृति प्रेमियों और फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए यह शानदार जगह है.

कैमूर की पहाड़ियां
अगर आप प्राकृतिक सुंदरता के साथ इतिहास में भी रुचि रखते हैं, तो कैमूर की पहाड़ियां आपके लिए बेहतरीन विकल्प हैं. यहां घने जंगल, गहरी घाटियां, प्राकृतिक गुफाएं और कई छोटे-बड़े झरने देखने को मिलते हैं. बारिश के मौसम में इन पहाड़ियों की हरियाली और भी निखर जाती है. यहां प्राचीन शैलचित्र और ऐतिहासिक अवशेष भी मौजूद हैं, जो इस जगह को खास बनाते हैं.

विश्व शांति स्तूप, राजगीर
राजगीर की रत्नागिरी पहाड़ी पर लगभग 400 मीटर की ऊंचाई पर बना विश्व शांति स्तूप मानसून में बादलों के बीच बेहद खूबसूरत दिखाई देता है. सफेद संगमरमर से बना यह स्तूप शांति और आध्यात्मिक माहौल का अनुभव कराता है. यहां तक पहुंचने के लिए रोपवे की सुविधा भी उपलब्ध है, जहां से आसपास की पहाड़ियों और हरियाली का शानदार दृश्य देखने को मिलता है.

गुरपा हिल, गया
गया जिले में बिहार-झारखंड सीमा के पास स्थित गुरपा हिल प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक महत्व के लिए जानी जाती है. बारिश के मौसम में यहां के जंगल, झरने और पहाड़ मिलकर बेहद मनमोहक दृश्य बनाते हैं. पहाड़ी की चोटी से आसपास का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है. यहां स्थित गुरुपद मंदिर भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है.

ये भी पढ़ें: