scorecardresearch

Dwarka Janmashtami Mahotsav: दिल्ली के द्वारका में DJJS की तरफ से हो रहा जन्माष्टमी का भव्य प्रोग्राम, Gen Z के लिए इस बार है खास इंतजाम, रेखा गुप्ता भी करेंगी शिरकत

दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान (DJJS) द्वारा दिल्ली के द्वारका सेक्टर-10 डीडीए ग्राउंड में 3-4 सितंबर 2026 को भव्य जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है. 3.75 लाख वर्ग फुट की 'कृष्ण नगरी' सजेगी, जिसमें 8K 3D प्रस्तुतियां, फ्री एंट्री और कई बड़े चेहरे शिरकत करेंगे. अगर आप भी यहां घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो जानें इस मेले के बारे में सब कुछ. हर डिटेल आपको यहां मिल जाएगी.

Advertisement
Dwarka Janmashtami Mahotsav Dwarka Janmashtami Mahotsav

अगर आप भी घर से दूर हैं और कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर दिल्ली में कोई ऐसी जगह ढूंढ़ रहे हैं, जहां इस त्योहार को धूम-धाम से मनाया जा सके. तो चलिए चलते हैं दिल्ली के द्वारका में. यहां हर साल श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का महोत्सव 2 दिनों के लिए बड़े स्तर पर आयोजित किया जाता है. इस बार भी ये आयोजन धूम-धाम से किया जा रहा है. दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान (DJJS) ने नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव 2026 के 31वें संस्करण की जानकारी सार्वजनिक कर दी है. दो दिन चलने वाले इस आयोजन में अध्यात्म, भक्ति, संस्कृति, तकनीक और सेवा को एक साथ जोड़ा जाएगा. इस साल इस महोत्सव में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन और द ग्रेट खली समेत कई खास मेहमान शामिल होंगे. इस बार मेले में GenZ के लिए विशेष इंतजाम रखे गए हैं, जिसकी जानकारी नीचे दी गई है.

3 और 4 सितंबर को द्वारका में होगा आयोजन
DJJS के मुताबिक, यह दो दिवसीय महोत्सव 3 और 4 सितंबर 2026 को नई दिल्ली के डीडीए ग्राउंड, द्वारका सेक्टर-10 में आयोजित किया जाएगा. आयोजन में 50 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं और दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है. खास बात यह है कि इसमें आम लोगों के लिए प्रवेश पूरी तरह मुफ्त रहेगा. आयोजन के लिए करीब 3.75 लाख वर्ग फुट क्षेत्र में 'कृष्ण नगरी' तैयार की जा रही है. इसके लिए 3 हजार से ज्यादा सेवादार और स्वयंसेवक काम कर रहे हैं. वहीं 250 से अधिक कलाकार इस आयोजन का हिस्सा होंगे. महोत्सव में 15 भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी और इसकी तैयारी व आयोजन में 3 लाख से ज्यादा मैन-आवर्स लगाए गए हैं.

अध्यात्म और तकनीक का दिखेगा अनोखा मेल
दिव्य गुरु श्री आशुतोष महाराज जी के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाओं और लीलाओं को आधुनिक और नए अंदाज में लोगों के सामने रखा जाएगा. कोशिश रहेगी कि तकनीक और कहानी कहने के तरीके के साथ भी भक्ति, आध्यात्मिक चेतना और सनातन मूल्यों का मूल भाव बना रहे. इस महोत्सव के सबसे बड़े आकर्षणों में से एक 100 फीट से ज्यादा ऊंचा डिजिटल स्टेज होगा. इसमें करीब 3 हजार वर्ग फुट के मेगा एलईडी स्क्रीन लगाए जाएंगे. इनमें फेसिया, साइड पैनल और बैकड्रॉप स्क्रीन शामिल होंगी. पूरे पंडाल में 10 अतिरिक्त डिले एलईडी स्क्रीन भी लगाई जाएंगी. हर स्क्रीन का आकार करीब 24×14 फीट होगा, जिससे बड़े मैदान में मौजूद दर्शकों को भी कार्यक्रम आसानी से देखने को मिल सके.

8K 3D और VFX से दिखाई जाएंगी कृष्ण की लीलाएं
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में 8K 3D प्रोजेक्शन, VFX और डिजिटल वातावरण का इस्तेमाल किया जाएगा. इनके जरिए भारतीय कला, संस्कृति, विरासत, अलग-अलग प्राकृतिक दृश्यों और भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं से जुड़े विषयों को प्रस्तुत किया जाएगा. तकनीक और कहानी को मिलाकर ऐसा अनुभव तैयार करने की कोशिश की जाएगी, जिसमें दर्शक कृष्ण चेतना से जुड़े विषयों को एक अलग अंदाज में महसूस कर सकें.

कलाकारों के लिए प्रदर्शन भी सेवा का हिस्सा
इस महोत्सव की एक खास बात यह है कि यहां होने वाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेशेवर कलाकारों द्वारा व्यावसायिक मनोरंजन के तौर पर नहीं की जा रही हैं. DJJS के मुताबिक, इनमें दिव्य गुरु श्री आशुतोष महाराज जी के ब्रह्मज्ञानी शिष्य हिस्सा ले रहे हैं और सेवादार के तौर पर अपनी कला प्रस्तुत कर रहे हैं. सैकड़ों डांसर, संगीतकार और कलाकार इन प्रस्तुतियों के लिए कई महीनों से रिहर्सल और तैयारी कर रहे हैं. संस्था के अनुसार, कलाकारों की तैयारी में ब्रह्म ज्ञान पर आधारित ध्यान भी अहम हिस्सा है. इससे उन्हें अनुशासन, एकाग्रता और आध्यात्मिक जागरूकता के साथ प्रस्तुति देने में मदद मिलती है.

पति-पत्नी के किरदार में असली कपल करेंगे अभिनय
प्रस्तुतियों में पात्रों की प्रामाणिकता और अनुशासन का भी खास ध्यान रखा गया है. जिन दृश्यों में पति-पत्नी के किरदार होंगे, उनमें असल जिंदगी के विवाहित जोड़े एक साथ अभिनय करेंगे. संस्था के मुताबिक, इसके पीछे प्रस्तुतियों की पवित्रता और वास्तविकता को बनाए रखने की सोच है.

350 वर्ग फुट से ज्यादा में दिखेंगी कृष्ण झांकियां
महोत्सव में 350 वर्ग फुट से ज्यादा क्षेत्र में इमर्सिव कृष्ण झांकियां भी तैयार की जाएंगी. यहां दर्शक सिर्फ झांकियां देखने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि उन्हें इस अनुभव का हिस्सा बनने का मौका मिलेगा. इन झांकियों में बाल कृष्ण की यमुना यात्रा, माखन लीला, गोवर्धन लीला, मटकी फोड़ने और कृष्ण झूला जैसे प्रसंगों से जुड़े दृश्य देखने को मिलेंगे. इन परिचित कथाओं के जरिए उनके आध्यात्मिक और आज के समय से जुड़े महत्व को भी सामने रखने की कोशिश की जाएगी. इस अनुभव का समापन सामूहिक भागीदारी वाली आरती के साथ होगा. यानी शुरुआत कृष्ण की लीलाओं को देखने से होगी और धीरे-धीरे लोग खुद उस भक्ति अनुभव का हिस्सा बनेंगे.

द ग्रेट खली होंगे चीफ सेलिब्रिटी गेस्ट
इस बड़े आयोजन में द ग्रेट खली भी शामिल होंगे. पूर्व WWE वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियन और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखने वाले भारतीय पेशेवर रेसलर द ग्रेट खली को महोत्सव में चीफ सेलिब्रिटी गेस्ट के तौर पर बुलाया गया है.

इसके अलावा दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता और श्री नितिन नबीन भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे. इनके साथ अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े प्रमुख नेता, सार्वजनिक हस्तियां और अन्य मेहमान भी महोत्सव में शामिल होंगे.

सभी के लिए मुफ्त रहेगा प्रवेश
DJJS के अनुसार, महोत्सव को इस तरह तैयार किया गया है कि ज्यादा से ज्यादा लोग इस आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजन का हिस्सा बन सकें. कार्यक्रम में एंट्री फ्री होगी और बड़े स्तर पर आने वाले लोगों के लिए व्यवस्था की जा रही है. आम दर्शकों के लिए कैंटीन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी. आयोजन स्थल तक पहुंचने के लिए सेक्टर-10 द्वारका मेट्रो स्टेशन सुविधाजनक रहेगा.

युवाओं और Gen Z को भी जोड़ने की कोशिश
महोत्सव में श्रद्धालुओं के साथ आध्यात्मिकता में रुचि रखने वाले लोगों, युवाओं, Gen Z और प्रोफेशनल्स के पहुंचने की उम्मीद है. दिल्ली से बाहर रहने वाले लोग भी DJJS के आधिकारिक YouTube चैनल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए इस आयोजन से जुड़ सकेंगे.

सेवा और आध्यात्मिक चेतना पर रहेगा जोर
DJJS के मुताबिक, हजारों सेवादारों की मेहनत, कई महीनों की रिहर्सल, आधुनिक डिजिटल तकनीक और बड़े कृष्ण-थीम वाले आयोजन स्थल के जरिए इस बार कृष्ण चेतना को नए तरीके से लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है. DJJS की प्रवक्ता साध्वी तपेश्वरी भारती ने कहा कि हजारों सेवादारों की पर्दे के पीछे की मेहनत, महीनों की तैयारी, आधुनिक डिजिटल तकनीक और विशाल कृष्ण-थीम वाले परिसर के जरिए श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव 2026 में आध्यात्मिकता, संस्कृति, तकनीक और सेवा को एक साथ प्रस्तुत किया जाएगा.

संस्था का कहना है कि किसी भी उत्सव की असली भव्यता सिर्फ उसके बड़े आकार या दिखावे में नहीं होती, बल्कि उसके पीछे मौजूद भक्ति, अनुशासन, निस्वार्थ सेवा और आध्यात्मिक चेतना ही उसे खास बनाती है.
 

ये भी पढ़ें