scorecardresearch

Ganesh Chaturthi in Delhi: मुंबई की तर्ज पर दिल्ली में भी सजता है बप्पा का पंडाल, अगर दर्शन का है प्लान तो नोट कर ले ये-ये स्थान

गणेश चतुर्थी का त्योहार अब सिर्फ महाराष्ट्र तक ही सीमित नहीं है. दिल्ली में भी हर साल बप्पा के स्वागत के लिए अलग-अलग इलाकों में भव्य पंडाल सजाए जाते हैं. कहीं बप्पा के विशाल स्वरूप के दर्शन होते हैं तो कहीं खास थीम और सांस्कृतिक कार्यक्रम लोगों को आकर्षित करते हैं. इस साल भी राजधानी में कई जगह गणपति उत्सव की खास तैयारियां की गई हैं.

Advertisement
Place to Visit in Delhi During Ganesh Utsav Place to Visit in Delhi During Ganesh Utsav

गणेश चतुर्थी का त्योहार महाराष्ट्र में बड़े धूम-धाम से मनाया जाता है. मान्यता है कि इस दिन भगवान गणेश का जन्म हुआ था. यह पर्व भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी को शुरू होता है और अनंत चतुर्दशी तक इसकी धूम देखने को मिलती है. हालांकि ये त्योहार अब किसी एक राज्य तक सीमित नहीं रहा, बल्कि देश के अलग-अलग हिस्से तक पहुंच चुका है. आज दिल्ली में भी धूम-धान से गणेश उत्सव मनाया जाता है. अगर आप भी दिल्ली में गणेश पूजा का लुप्त उठाना चाहते हैं, तो आज हम आपको ऐसी ही कुछ जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं. राजधानी दिल्ली में गणेशोत्सव की भव्यता देखते ही बनती है. 10 दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में विशाल पंडाल सजाए जाते हैं, जहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु बप्पा का आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं.

नेताजी सुभाष प्लेस, पीतमपुरा
हर साल पीतमपुरा स्थित नेताजी सुभाष प्लेस में लाल बाग का राजा ट्रस्ट दिल्ली की ओर से गणेशोत्सव को बड़े स्तर पर मनाया जाता है. यहां न केवल भव्य पंडाल के साथ गणपति बप्पा के दर्शन कर सकते हैं, बल्कि अलग-अलग कार्यक्रमों को देखने का मौका भी पा सकते हैं. नेताजी सुभाष प्लेस में आयोजन होने वाला ये गणेशोत्सव दिल्ली के प्रमुख गणपति पंडालों में से एक है.

लक्ष्मी नगर
दिल्ली के लक्ष्मी नगर में भी 'दिल्ली का महाराजा' गणपति उत्सव का खास आयोजन देखने को मिलता है. यहां श्री गणेश सेवा मंडल की ओर से बैंक एन्क्लेव, प्रियदर्शिनी विहार के डीडीए मिनी क्रिकेट स्टेडियम के पास पंडाल सजाया जाता है. इस साल यहां गणेश महोत्सव की सिल्वर जुबली भी मनाई जा रही है और पंडाल की थीम द्वादश ज्योतिर्लिंगों पर रखी गई है.

रमेश नगर
रमेश नगर में 'दिल्ली का राजा' के नाम से प्रसिद्ध गणपति पंडाल सजाया जाता है. गणेश चतुर्थी के दौरान यहां भक्तों की अच्छी भीड़ देखने को मिलती है. बप्पा के दर्शन के साथ जयकारों से भरा उत्सवी माहौल भी लोगों को आकर्षित करता है.

मयूर विहार
मयूर विहार फेज-1 में भी गणपति पंडाल देखने को मिलता है. ये आयोजन श्री सुभ सिद्धि विनायक मंदिर समिति की ओर से मनाया जाता है. यहां पूजा-पाठ के साथ भक्तों के लिए बप्पा के दर्शन की व्यवस्था रहती है. यह पूर्वी दिल्ली के प्रमुख गणपति स्थलों में से एक है. अच्छे खासे मात्रा में लोग यहां पहुंच कर बप्पा का आशीर्वाद मांगते हैं.

कनॉट प्लेस
कनॉट प्लेस के पास बाबा खड़क सिंह मार्ग स्थित श्री गणेश मंदिर में भी गणेश चतुर्थी पर खास रौनक रहती है. यहां भक्त बप्पा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं. दिल्ली के बीचों-बीच होने की वजह से यह जगह गणपति भक्तों के लिए खास आकर्षण रहती है. मंदिर परिसर के आस-पास मेला भी देखने को मिलता है.

द्वारका
द्वारका में भी गणेश उत्सव का अलग ही रंग देखने को मिलता है. द्वारका के सेक्टर-12 में श्री सिद्धिविनायक मंदिर से जुड़े आयोजन और गणपति उत्सव लोगों के बीच हर साल खास लोकप्रिय होते हैं. यहां भी गणेश चतुर्थी के दौरान भक्त बड़ी संख्या में पहुंचते हैं और भगवान के दर्शन कर अपनी मनोकामना मांगते हैं.

महाराष्ट्र सदन, कॉपरनिकस मार्ग
नई दिल्ली के महाराष्ट्र सदन में भी सार्वजनिक गणेशोत्सव का भव्य आयोजन हो रहा है. इस साल यहां 14 से 25 सितंबर तक उत्सव चलेगा, जिसमें पूजा के साथ मराठी नाटक, गाने, गजल, लावणी और दूसरे सांस्कृतिक कार्यक्रम भी लोगों का ध्यान अपनी ओर खिचेंगे. यहां रोजाना सुबह और शाम भगवान के महाआरती का खास आयोजन रखा गया है. यानी अगर आप दिल्ली में रहकर मुंबई जैसा गणपति उत्सव देखना चाहते हैं, तो इन जगहों पर बप्पा के भव्य दरबार और गणेशोत्सव की रौनक का आनंद उठा सकते हैं.
 

ये भी पढ़ें