Bharat Gaurav Tourist Train
Bharat Gaurav Tourist Train
IRCTC Puri-Gangasagar-Baidyanath Dham Yatra Tour Package: यदि आप धार्मिक स्थलों का दर्शन करना चाह रहे हैं तो आपके लिए IRCTC (Indian Railway Catering and Tourism Corporation) एक शानदार टूर पैकेज (IRCTC Tour Package) लेकर आया है. आप इस पैकेज के तहत पुरी, गंगासागर और बैद्यनाथ धाम का दर्शन कर सकते हैं. पुरी-गंगासागर-बैद्यनाथ धाम यात्रा टूर पैकेज के तहत भारत गौरव स्पेशल टूरिस्ट ट्रेन से यात्रा कराई जाएगी. इसके साथ ही इस टूर पैकेज में होटल में ठहरने की व्यवस्था सहित कई अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी. यहां आप टिकट की कीमत से लेकर और डिटेल्स जान सकते हैं.
कब से शुरू होगी यात्रा और कहां-कहां घूमाया जाएगा
पुरी-गंगासागर-बैद्यनाथ धाम यात्रा टूर पैकेज की शुरुआत भारत गौरव स्पेशल टूरिस्ट ट्रेन के जरिए 30 सितंबर 2026 से शुरू होगी. यह यात्रा 9 दिनों की होगी. इस टूर पैकेज के तहत श्रद्धालुओं को कई तीर्थ स्थलों का दर्शन कराया जाएगा. श्रद्धालुओं को पुरी के जगन्नाथ मंदिर और कोणार्क मंदिर, भुवनेश्वर के लिंगराज मंदिर, कोलकाता के काली माता मंदिर और गंगासागर और जसीडीह स्थित बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग मंदिर का दर्शन कराया जाएगा.
क्या है टूर पैकेज की कीमत
1. पुरी, गंगासागर और बैद्यनाथ धाम यात्रा पैकेज की कीमत 16280 रुपए प्रति व्यक्ति रखी गई है, जो इकोनॉमी (स्लीपर) कैटेगरी के लिए है.
2. स्टैंडर्ड 3AC पैकेज के लिए 27790 रुपए और कंफर्ट 2AC पैकेज के लिए 36940 रुपए प्रति व्यक्ति देने होंगे.
3. 5 से 11 साल की उम्र के बच्चों के साथ यदि आप यात्रा कर रहे हैं तो इसके लिए किराया थोड़ा कम रखा गया है.
4. बच्चों के लिए इकोनॉमी कैटेगरी का किराया 15270 रुपए, स्टैंडर्ड 3AC का 26600 रुपए और कंफर्ट 2AC का किराया 35510 रुपए रखा गया है.
कितनी सीटें उपलब्ध
पुरी, गंगासागर और बैद्यनाथ धाम यात्रा पैकेज के तहत श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भारत गौरव स्पेशल ट्रेन में अलग-अलग कैटेगरी में सीटों की व्यवस्था की गई है. इस ट्रेन में इकोनॉमी (स्लीपर) की 500 सीटें हैं. स्टैंडर्ड 3AC की 200 सीटें हैं. कंफर्ट 2AC की 50 सीटें उपलब्ध होंगी. श्रद्धालु अपनी सुविधा और बजट के अनुसार यात्रा पैकेज का चुनाव कर सकते हैं.
क्या-क्या मिलेगी सुविधाएं
IRCTC के पुरी, गंगासागर और बैद्यनाथ धाम यात्रा पैकेज में श्रद्धालुओं की सुविधा का खास ध्यान रखा गया है. इस टूर पैकेज में यात्रा के दौरान ट्रेन का सफर, स्थानीय स्थलों तक बस से आने-जाने की व्यवस्था, होटल में ठहरने की सुविधा, भोजन और गाइड/एस्कॉर्ट की सेवाएं शामिल हैं.