scorecardresearch

ट्रेन में सफर करने वाले मुसाफिरों के लिए जरूरी जानकारी, रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक बंद रहेगा मोबाइल चार्जिंग पॉइंट

रेलवे बोर्ड ने ट्रेन में मोबाइल चार्जिंग पॉइंट को लेकर सख्त निर्देश जारी किया है. अब रात 11 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बंद रहेगा. इस दौरान मुसाफिर मोबाइल चार्ज नहीं कर पाएंगे. बोर्ड ने ये फैसला मुसाफिरों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर किया है.

Advertisement
Vande Bharat Special Train Vande Bharat Special Train

रेलवे ने ट्रेन के कोच में मोबाइल चार्जिंग पॉइंट को लेकर सख्त निर्देश जारी किया है. रेलवे बोर्ड के आदेस के मुताबिक रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक कोच में मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बंद रहेगा. इस दौरान मुसाफिर अपना मोबाइल फोन चार्ज नहीं कर पाएंगे. रेलवे बोर्ड ने ये आदेश सभी जोनल के लिए जारी किया है. रेलवे ने ये फैसला सुरक्षा कारणों से लिया है.

रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक चार्जिंग नहीं-
रेलवे बोर्ड ने ट्रेन में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बंद रखने का सख्त आदेश जारी किया है. ऐसा नहीं है कि रेलवे ने ये आदेश पहली बार जारी किया है. इससे पहले भी ऐसा आदेश जारी हो चुका है. रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में 19 जून 2014 को निर्देश जारी किया था. लेकिन इस बार रेलवे ने इस आदेश को सख्ती से लागू करने का निर्देश जारी किया है.

सुरक्षा कारणों से फैसला-
रेलवे बोर्ड ने ये फैसला दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) में एक घटना के बाद लिया. उस घटना में एक मुसाफिर का पावर बैंक चार्जिंग के दौरान धुआं के साथ फट गया. इस घटना ने सफर के दौरान मुसाफिरों की सुरक्षा पर प्रश्न लगा दिया. इसके बाद रेलवे बोर्ड ने इस फैसले को सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया है.

कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय-
रेलवे बोर्ड के निर्देश के मुताबिक ऑनबोर्ड स्टाफ को निर्धारित समय के दौरान चार्जिंग पॉइंट बंद करना अनिवार्य होगा. रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक चार्जिंग पॉइंट बंद रखने के नियम में कोई अपवाद नहीं होगा. इस नियम को सख्ती से लागू करना होगा. इसके लिए कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की गई है.

कर्मचारियों को ट्रेनिंग- 
ट्रेन में संबंधित कर्मचारियों को नियमों के पालन के लिए उचित परामर्श और प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए हैं. अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए औचक निरीक्षण करने को कहा गया है. सभी जोनल रेलवे के प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियरों को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए पत्र जारी किया गया है.

यात्रियों के लिए जरूरी सूचना-
ट्रेन में सफर के दौरान रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक मोबाइल चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं हो सकती है. यात्रा पर निकलने से पहले मोबाइल और पावर बैंक चार्ज रखें.

ये भी पढ़ें: