IRCTC Tour Package
IRCTC Tour Package
अगर आप दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों की यात्रा करना चाहते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. आईआरसीटीसी (IRCTC) ने "दिव्य दक्षिण दर्शन" नाम से एक विशेष हवाई टूर पैकेज लॉन्च किया है. इस पैकेज के तहत यात्रियों को दक्षिण भारत के प्रसिद्ध तीर्थ और पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा. चलिए जानते हैं इस पैकेज में क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी, कौन-कौन सी जगहें दिखाई जाएंगी और इसका किराया कितना है.
क्या है दिव्य दक्षिण दर्शन टूर पैकेज?
यह 6 रात और 7 दिन का एयर टूर पैकेज है, जिसका संचालन आईआरसीटीसी द्वारा किया जा रहा है. यह यात्रा 13 जुलाई 2026 से शुरू होकर 19 जुलाई 2026 तक चलेगी. इस दौरान पर्यटकों को दक्षिण भारत के चार प्रमुख शहरों मदुरै, रामेश्वरम, कन्याकुमारी और तिरुवनंतपुरम का टूर कराया जाएगा.
यात्रा की शुरुआत और वापसी कैसे होगी?
इस टूर की शुरुआत लखनऊ से होगी. यात्रियों को लखनऊ से मदुरै तक और तिरुवनंतपुरम से वापस लखनऊ तक हवाई यात्रा की सुविधा दी जाएगी. यानी लंबी ट्रेन यात्रा की परेशानी से बचते हुए यात्री कम समय में अधिक जगहों का भ्रमण कर सकेंगे.
किन-किन जगहों के दर्शन कराए जाएंगे?
इस पैकेज में धार्मिक और ऐतिहासिक दोनों तरह के स्थलों को शामिल किया गया है. यात्रियों को मदुरै का प्रसिद्ध मीनाक्षी अम्मन मंदिर, थिरुमलाई नायक महल और पझमुदिरचोलै मंदिर दिखाया जाएगा. इसके अलावा रामेश्वरम में ज्योतिर्लिंग मंदिर, धनुषकोडी और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम स्मारक का भ्रमण कराया जाएगा. कन्याकुमारी में पर्यटक विवेकानंद रॉक मेमोरियल, तिरुवल्लुवर प्रतिमा, कुमारी अम्मन मंदिर, महात्मा गांधी स्मारक और सनसेट पॉइंट देख सकेंगे. वहीं तिरुवनंतपुरम में प्रसिद्ध पद्मनाभस्वामी मंदिर, सुचिन्द्रम मंदिर और वैक्स संग्रहालय भी यात्रा का हिस्सा होंगे.
रहने और खाने की क्या व्यवस्था होगी?
आईआरसीटीसी ने यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था तीन सितारा (3-स्टार) होटलों में की है. इसके साथ ही यात्रा के दौरान भोजन की सुविधा भी पैकेज में शामिल रहेगी. इससे यात्रियों को होटल और खाने की अलग से व्यवस्था करने की जरूरत नहीं होगी.
पैकेज का किराया कितना है?
सिंगल ऑक्यूपेंसी (एक व्यक्ति)- ₹86,750 प्रति व्यक्ति
डबल ऑक्यूपेंसी (दो व्यक्ति)- ₹64,900 प्रति व्यक्ति
ट्रिपल ऑक्यूपेंसी (तीन व्यक्ति)- ₹61,600 प्रति व्यक्ति
माता-पिता के साथ बच्चे के लिए (बेड सहित)- ₹50,300
माता-पिता के साथ बच्चे के लिए (बिना बेड)- ₹45,600
बुकिंग कैसे कर सकते हैं?
आईआरसीटीसी के अनुसार इस पैकेज की बुकिंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर की जाएगी. सीटें सीमित हैं, इसलिए इच्छुक यात्री जल्द बुकिंग करा सकते हैं. बुकिंग लखनऊ के गोमती नगर स्थित आईआरसीटीसी कार्यालय से की जा सकती है. इसके अलावा यात्री आईआरसीटीसी टूरिज्म की वेबसाइट पर भी ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं.