scorecardresearch

अप्रैल में घूमने का प्लान है? IRCTC लेकर आया सस्ते में लखनऊ-हैदराबाद एयर टूर पैकेज, जानें किराया और बाकी डिटेल

अगर आप अगले महीने यानी अप्रैल 2026 में कहीं घूमने का प्लान कर रहे हैं तो आईआरसीटीसी आपके लिए एक बेहतरीन हवाई टूर पैकेज लॉन्च कर रहा है. इस टूर के दौरान पर्यटकों को मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के साथ साथ हैदराबाद के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा.

Hyderabad Air Tour Package Hyderabad Air Tour Package
हाइलाइट्स
  • कम पैसे में हैदराबाद घूमने का मौका

  • नवाबों के शहर लखनऊ से करें चारमीनार के शहर हैदराबाद की सैर

अगर आप अप्रैल 2026 में घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो IRCTC आपके लिए शानदार मौका लेकर आया है. लखनऊ से हैदराबाद और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग की यात्रा के लिए दिलकश हैदराबाद नाम से खास हवाई टूर पैकेज लॉन्च किया गया है. यह पैकेज 4 रात और 5 दिन का होगा, जो 14 अप्रैल से 18 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जाएगा.

फ्लाइट से यात्रा, 3-स्टार होटल में ठहरने की सुविधा
इस टूर की खास बात यह है कि यात्रियों को लखनऊ से हैदराबाद तक आने-जाने की सुविधा फ्लाइट से दी जाएगी. इसके साथ ही खाने-पीने और ठहरने की व्यवस्था 3-स्टार होटल में की गई है, जिससे यात्रियों को आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा.

इन प्रमुख जगहों का मिलेगा भ्रमण
इस टूर पैकेज के दौरान यात्रियों को कई प्रसिद्ध धार्मिक और पर्यटन स्थलों की सैर कराई जाएगी. इसमें मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन के साथ-साथ स्टैच्यू ऑफ इक्वालिटी, श्री लक्ष्मी नरसिम्हा मंदिर, रामोजी फिल्म सिटी, सालारजंग संग्रहालय, चारमीनार और गोलकुंडा किला जैसी जगहें शामिल हैं.

जानिए कितना है किराया
इस पैकेज की कीमत यात्रियों की संख्या के आधार पर तय की गई है.
एक व्यक्ति के लिए: 44,400
दो लोगों के साथ ठहरने पर: 38,100 प्रति व्यक्ति
तीन लोगों के साथ: 36,400 प्रति व्यक्ति
बच्चों के लिए (बेड के साथ): 33,900
बिना बेड: 32,800

बुकिंग ऐसे करें
IRCTC के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा के अनुसार, इस टूर पैकेज की बुकिंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर की जाएगी. इच्छुक यात्री गोमती नगर स्थित IRCTC कार्यालय से या आधिकारिक वेबसाइट irctctourism.com पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं. यह टूर पैकेज खासतौर पर उन लोगों के लिए है जो धार्मिक यात्रा के साथ-साथ पर्यटन का आनंद भी लेना चाहते हैं.