scorecardresearch

Vande Bharat: निकल पड़ी जम्मू से घाटी के लिए वंदे भारत, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हरी झंडी दिखा कर किया रवाना

भारतीय रेल के इतिहास में आज एक नया अध्याय जुड़ गया, जब रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सुबह 10:53 बजे जम्मू से श्रीनगर के लिए पहली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई. इस सीधी रेल सेवा के शुरू होने से अब जम्मू से श्रीनगर की 267 किलोमीटर की दूरी केवल 4 घंटे 50 मिनट में पूरी होगी.

Vande Bharat Vande Bharat

जम्मू-कश्मीर के लोगों का बरसों का इंतजार आखिरकार आज पूरा हो गया. आज सुबह ठीक 10 बजकर 53 मिनट पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर जम्मू से श्रीनगर के लिए रवाना किया. इसके साथ ही भारतवासियों का एक बड़ा सपना साकार हो गया. जम्मू के इतिहास में यह पल अब स्वर्णाक्षरों में दर्ज हो गया है.

इस ऐतिहासिक मौके के साक्षी बनने के लिए स्टेशन पर सैकड़ों लोग मौजूद रहे. इनमें स्कूल के छात्र-छात्राएं, शिक्षक और आम नागरिक भी शामिल थे. हर चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दे रही थी. लोगों के हाथों में तिरंगा था और माहौल 'वंदे मातरम्' तथा 'भारत माता की जय' के नारों से गूंज उठा. खूबसूरत वादियों के बीच से गुजरती यह ट्रेन मानो लोगों की खुशी में खुद भी शामिल होती नजर आई.

क्यों ऐतिहासिक है यह शुरुआत
जम्मू से श्रीनगर के लिए वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत को ऐतिहासिक इसलिए माना जा रहा है क्योंकि इससे पहले वंदे भारत की सुविधा केवल श्रीनगर से कटरा तक ही उपलब्ध थी. कटरा से जम्मू पहुंचने के लिए यात्रियों को सड़क मार्ग का सहारा लेना पड़ता था.
बारिश और बर्फबारी के दौरान यह रास्ता कई बार बंद भी हो जाता था, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था. अब सीधी रेल सेवा शुरू होने से मौसम की इन दुश्वारियों का असर काफी हद तक कम हो जाएगा.

यात्रा समय में बड़ी राहत
जम्मू से श्रीनगर की लगभग 267 किलोमीटर लंबी दूरी अब महज 4 घंटे 50 मिनट में पूरी होगी. इससे पहले यही दूरी सड़क मार्ग से तय करने में 9 से 10 घंटे तक लग जाते थे. ऐसे में यह ट्रेन यात्रियों के लिए समय और सुविधा दोनों के लिहाज से बड़ी राहत लेकर आई है.

वंदे भारत एक्सप्रेस जम्मू-तवी, उधमपुर, श्री माता वैष्णो देवी कटरा, रियासी, संगल्दान, बनिहाल और अनंतनाग स्टेशनों से होकर श्रीनगर पहुंचेगी. आज ट्रेन जम्मू से रवाना होने के 37 मिनट बाद कटरा पहुंच गई, जो इस रूट पर इसकी तेज रफ्तार और बेहतर कनेक्टिविटी को दर्शाता है.

अब बढ़ी यात्रियों की क्षमता
पहले कटरा से श्रीनगर चलने वाली वंदे भारत में 8 कोच थे, जिसमें करीब 550 यात्री सफर कर सकते थे. अब कोचों की संख्या बढ़ाकर 20 कर दी गई है. इससे अब लगभग 1500 यात्री आसानी से यात्रा कर सकेंगे.

हाईटेक सुरक्षा और आधुनिक सुविधाएं
वंदे भारत से सफर सिर्फ आरामदायक ही नहीं, बल्कि पूरी तरह सुरक्षित भी है. ट्रेन में स्वदेशी 'कवच' सुरक्षा प्रणाली, सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस आधारित यात्री सूचना प्रणाली, GPRS सुविधा, एयर कंडीशन्ड कोच, लैपटॉप चार्जिंग पॉइंट, ऑटोमेटिक डोर सिस्टम, फायर सेफ्टी उपकरण और लग्जरी सीटें जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं.

पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बड़ा फायदा
जम्मू से कश्मीर तक सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने से घाटी में पर्यटन को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है. अब कश्मीर तक पहुंच आसान होने से पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी. इसके साथ ही स्थानीय व्यापार, होटल उद्योग और परिवहन क्षेत्र को भी मजबूती मिलेगी.

(रिपोर्ट: सुनील जी भट्ट)

ये भी पढ़ें