scorecardresearch

कम पैसे में जापान घूमने का शानदार मौका, 10 दिन में करें माउंट फूजी से लेकर टोक्यो, क्योटो और हिरोशिमा तक का टूर, जानिए कितना होगा खर्च

यह टूर खास तौर पर उन लोगों के लिए तैयार किया गया है जो पहली बार जापान जाना चाहते हैं और बिना किसी परेशानी के व्यवस्थित यात्रा का अनुभव लेना चाहते हैं.

Advertisement
Japan Tour Japan Tour

विदेश घूमने का सपना देखने वालों के लिए अच्छी खबर है. अगर आपकी बकेट लिस्ट में जापान शामिल है, लेकिन ट्रिप प्लान करने की झंझट, महंगे होटल, लोकल ट्रांसपोर्ट और वीजा जैसी तैयारियां आपको रोक देती हैं, तो अब यह चिंता खत्म हो सकती है.

इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) एक खास एस्कॉर्टेड जापान टूर लेकर आया है, जिसमें यात्रियों को सिर्फ बैग पैक करना होगा. बाकी होटल, फ्लाइट, भोजन, ट्रांसफर और की व्यवस्था पहले से तय रहेगी. खास बात यह है कि इस पैकेज में जापान के सबसे प्रतिष्ठित आकर्षण माउंट फूजी को करीब से देखने का मौका भी मिलेगा.

9 रात और 10 दिन का होगा टूर
IRCTC का यह पैकेज दिल्ली से 6 सितंबर 2026 को रवाना होगा और 15 सितंबर 2026 तक चलेगा. कुल 9 रात और 10 दिन की इस यात्रा में जापान के कई प्रमुख शहरों और ऐतिहासिक स्थलों की सैर कराई जाएगी. यात्रियों को टोक्यो, हाकोने, हमामात्सु, क्योटो, ओसाका, नारा और हिरोशिमा घूमने का अवसर मिलेगा. पूरी यात्रा फ्लाइट से होगी और पैकेज में भोजन की व्यवस्था भी शामिल है.

पहली बार जापान जाने वालोंके लिए गुड न्यूज
यह टूर खास तौर पर उन लोगों के लिए तैयार किया गया है जो पहली बार जापान जाना चाहते हैं और बिना किसी परेशानी के व्यवस्थित यात्रा का अनुभव लेना चाहते हैं. एस्कॉर्टेड ग्रुप टूर होने की वजह से एयरपोर्ट ट्रांसफर, होटल चेक-इन, स्थानीय परिवहन और दर्शनीय स्थलों की यात्रा जैसी सभी व्यवस्थाएं पहले से तय रहेंगी. 

कितना है पैकेज का खर्च?
IRCTC की ओर से जारी पैकेज के अनुसार, ट्विन/डबल शेयरिंग में यात्रा करने वाले यात्री को 3,49,999 रुपये प्रति व्यक्ति (TCS सहित) खर्च करने होंगे. वहीं सिंगल ऑक्यूपेंसी का किराया 4,73,999 रुपये रखा गया है. ट्रिपल शेयरिंग का शुल्क 3,45,999 रुपये प्रति व्यक्ति है. बच्चों के लिए भी अलग शुल्क तय किया गया है. 5 से 11 वर्ष के बेड के साथ बच्चे के लिए पैकेज 2,92,499 रुपये, जबकि बिना बेड वाले बच्चे के लिए 2,63,999 रुपये होगा.