vikrant Massey's Musafir Cafe is actually in Uttarakhand
vikrant Massey's Musafir Cafe is actually in Uttarakhand
क्या आपने भी Musafir Cafe देखने के बाद गूगल पर सर्च किया है कि, 'क्या यह कैफे सच में है?' अगर हां, तो आप अकेले नहीं हैं. सीरीज रिलीज होने के बाद हजारों लोग इसी सवाल का जवाब ढूंढ़ रहे हैं. सच यह है कि स्क्रीन पर दिखा कैफे भले ही शूटिंग के लिए बनाया गया हो, लेकिन जिस जगह इसे बसाया गया, वह आज भी उतनी ही खूबसूरत है और आप वहां जाकर ठहर भी सकते हैं. तो आइए आज आपको बताते हैं कि आखिर ये खूबसूरत जगह है कहां...
क्या सच में है Musafir Cafe?
सीरीज में दिखाया गया Musafir Cafe खास तौर पर शूटिंग के लिए तैयार किया गया था. हालांकि, इसे जिस जगह बनाया गया, वह असली है. यह उत्तराखंड के मसूरी के शांत झड़ीपानी इलाके में स्थित झड़ीपानी कैसल (Jharipani Castle) है. यहां जाकर आप सीरीज वाले कई खूबसूरत नजारों को करीब से देख सकते हैं.
यहीं हुई थी सीरीज की शूटिंग
सीरीज की सबसे यादगार पहाड़ी लोकेशन झड़ीपानी कैसल में फिल्माई गई है. नवंबर 2025 में कई दिनों तक यहां शूटिंग चली. एक्टर्स और पूरी टीम इसी प्रॉपर्टी में रुकी थी. शूटिंग के दौरान यहां के गार्डन, टेरेस, पहाड़ों की ओर खुलने वाले कमरे और खास तौर पर सजाया गया कैफे कैमरे में कैद किया गया.
क्या है झड़ीपानी कैसल की खासियत?
मसूरी की भीड़भाड़ से करीब 7 किलोमीटर दूर स्थित यह हेरिटेज प्रॉपर्टी शांति और प्राकृतिक सुंदरता का शानदार मेल है. यहां रस्टिक लॉग हट्स, क्लिफ फेसिंग डीलक्स रूम, पहाड़ों की ओर खुलने वाले जैकूजी वाले सुइट्स, हेरिटेज थीम वाला रेस्टोरेंट, घाटी की ओर खुलते टेरेस, शाम के बोनफायर और रंग-बिरंगी लाइटों से सजे गार्डन गजेबो पर्यटकों को खास अनुभव देते हैं. सर्दियों में यहां से दून वैली की मशहूर विंटर लाइन भी दिखाई देती है.
कैसे पहुंचे यहां?
अगर आप यहां घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो देहरादून का जॉली ग्रांट एयरपोर्ट करीब 50 किलोमीटर दूर है. देहरादून रेलवे स्टेशन से इसकी दूरी लगभग 25 किलोमीटर है. सड़क से भी यह जगह आसानी से पहुंची जा सकती है.
आसपास घूमने लायक जगहें
झड़ीपानी कैसल के आसपास झड़ीपानी फॉल्स, भट्टा फॉल्स, गन हिल, मसूरी मॉल रोड, लैंडौर और कैंप्टी फॉल्स जैसी कई मशहूर पर्यटन स्थल मौजूद हैं, जिन्हें एक ही ट्रिप में आराम से घूमा जा सकता है.
ये भी पढ़ें: