Major crackdown on traffic rule violations in Nainital
Major crackdown on traffic rule violations in Nainital
पर्यटन की आड़ में नियमों को ताक पर रखकर दौड़ाई जा रही टैक्सी स्कूटी और बाइक्स के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने अब आर-पार की कार्रवाई शुरू कर दी है. एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर चल रहे अभियान में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 258 दोपहिया वाहनों के चालान किए और 73 वाहनों को सीज कर दिया. साफ संदेश है- पर्यटन के नाम पर नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा.
पर्यटकों के लिए बड़ा झटका, पर्यटक टैक्सी बाइक खुद नहीं चला सकेंगे
नैनीताल और आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर किराए के नाम पर संचालित हो रहे दोपहिया वाहनों को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है. पीली नंबर प्लेट वाली टैक्सी बाइक पर्यटक खुद नहीं चला सकेंगे. ऐसे वाहन को चलाने के लिए अधिकृत चालक का होना जरूरी है. इसके साथ ही जिन दोपहिया वाहनों के पास रेंटल बाइक के रूप में संचालन की अनुमति या आवश्यक परमिट नहीं है, लेकिन उन्हें पर्यटकों को किराए पर दिया जा रहा है, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. यानी केवल वाहन पर टैक्सी की नंबर प्लेट लगा देना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि उसका संचालन नियमों और निर्धारित अनुमति के अनुरूप होना भी जरूरी है.
SSP नैनीताल की ताबड़तोड़ कार्रवाई, नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा
पिछले कुछ दिनों में नैनीताल और खासकर कैंची धाम क्षेत्र में लग रहे जाम के बीच किराए पर चलने वाले दोपहिया वाहनों की भूमिका भी सामने आई है. पर्यटकों की बढ़ती भीड़, सड़कों पर वाहनों का दबाव और यातायात व्यवस्था की चुनौतियों के बीच पुलिस ने इन वाहनों की जांच तेज कर दी है. इस मामले में कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत की बैठक में भी उन दोपहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे, जिनके पास रेंटल बाइक संचालन के लिए जरूरी परमिट नहीं है. इसी के बाद नैनीताल पुलिस ने अभियान को तेज करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई शुरू की. 258 चालान और 73 वाहन सीज किए. पुलिस की यह कार्रवाई उन वाहन संचालकों के लिए कड़ा संदेश है, जो बिना जरूरी अनुमति के पर्यटकों को दोपहिया वाहन किराए पर देकर कारोबार कर रहे हैं.
जानिए, किस नंबर प्लेट का क्या है मतलब?
1. सफेद नंबर प्लेट, काले अक्षर: यह निजी वाहन की पहचान है. इसका इस्तेमाल निजी उद्देश्यों के लिए होता है. आवश्यक व्यावसायिक अनुमति के बिना इसे टैक्सी या किराए के वाहन के रूप में चलाना नियमों के विरुद्ध हो सकता है.
2. पीली नंबर प्लेट, काले अक्षर: यह सामान्यतः परिवहन या व्यावसायिक वाहन की पहचान है. वाहन की श्रेणी के अनुसार संबंधित परमिट और उपयुक्त लाइसेंस की शर्तें लागू होती हैं. टैक्सी के रूप में पंजीकृत वाहन को नियमों के मुताबिक ही चलाया जा सकता है.
3. काली नंबर प्लेट, पीले अक्षर: यह सामान्यतः किराए पर चलने वाले ऐसे व्यावसायिक वाहनों की पहचान है, जिन्हें बिना चालक के किराए पर दिया जाता है. इन्हें सेल्फ-ड्राइव वाहन के रूप में चलाने के लिए लागू नियमों और लाइसेंस की शर्तों का पालन जरूरी है.
पर्यटन के नाम पर मनमानी नहीं चलेगी
नैनीताल जैसे संवेदनशील पर्यटन शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस और प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है. कैंची धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और शहर में पर्यटकों की लगातार आवाजाही के बीच अनियंत्रित वाहन संचालन जाम की समस्या को और गंभीर बना सकता है. ऐसे में एसएसपी नैनीताल की अगुवाई में चल रही कार्रवाई का मकसद केवल चालान करना नहीं, बल्कि नियमों के अनुरूप वाहन संचालन सुनिश्चित करना भी है. हालांकि, हर टैक्सी बाइक पर एक ही नियम लागू नहीं होता, वाहन की पंजीकरण श्रेणी, परमिट और रेंटल संचालन की अनुमति के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.
नैनीताल पुलिस का स्पष्ट संदेश
नियमों के दायरे में रहकर ही पर्यटन कारोबार करें. बिना जरूरी अनुमति के बाइक किराए पर देने और निर्धारित शर्तों के विपरीत वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी. अब देखना यह होगा कि पुलिस का यह सख्त अभियान नैनीताल और कैंची धाम क्षेत्र में जाम की समस्या पर कितना असर डालता है और किराए के दोपहिया वाहनों के संचालन को कितनी प्रभावी तरीके से नियमों के दायरे में लाया जा सकता है.