Train Route Diversion
Train Route Diversion
भारतीय रेलवे को देश की लाइफलाइन कहा जाता है. हर दिन करोड़ों यात्री ट्रेनों से सफर करते हैं, इसलिए रेलवे समय-समय पर यात्रियों की सुविधा और ट्रेनों के सुरक्षित संचालन के लिए तकनीकी सुधार करता रहता है. इसी क्रम में उत्तर रेलवे के लखनऊ स्टेशन पर ओएचई (ओवरहेड इक्विपमेंट) परिवर्तन का कार्य किया जाना है. इस काम के चलते कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों का शॉर्ट टर्मिनेशन और शॉर्ट ओरिजिनेशन भी किया जाएगा.
24 जून से 13 सितंबर तक रहेगा असर
पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ सुमित कुमार ने बताया कि लखनऊ स्टेशन पर ओएचई बदलने का कार्य सुचारू रूप से पूरा करने के लिए यह फैसला लिया गया है. इसके तहत कई ट्रेनें लखनऊ स्टेशन की बजाय उतरेटिया, आलमनगर, ट्रांसपोर्ट नगर, ऐशबाग, मल्हौर और मानक नगर स्टेशन के रास्ते संचालित होंगी. यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का रूट और स्टॉपेज जरूर जांच लें.
इन प्रमुख ट्रेनों का बदला गया मार्ग
रेलवे के अनुसार 19053 सूरत-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस, 15075 शक्तिनगर-टनकपुर एक्सप्रेस, 15073 सिंगरौली-टनकपुर एक्सप्रेस, 15074 टनकपुर-सिंगरौली एक्सप्रेस, 15076 टनकपुर-शक्तिनगर एक्सप्रेस, 14523 बरौनी-अम्बाला कैंट एक्सप्रेस और 14524 अम्बाला कैंट-बरौनी एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा. इसके अलावा 15127 बनारस-नई दिल्ली, 15128 नई दिल्ली-बनारस, 15119 बनारस-देहरादून और 15120 देहरादून-बनारस एक्सप्रेस भी डायवर्टेड रूट से संचालित होंगी.
लखनऊ स्टेशन पर नहीं होगा ठहराव
मार्ग परिवर्तन के कारण कई ट्रेनों का लखनऊ स्टेशन पर ठहराव अस्थायी रूप से समाप्त कर दिया गया है. इनमें 19054 मुजफ्फरपुर-सूरत एक्सप्रेस, 15635 ओखा-गुवाहाटी एक्सप्रेस, 15636 गुवाहाटी-ओखा एक्सप्रेस, 15667 गांधीधाम-कामाख्या एक्सप्रेस, 15668 कामाख्या-गांधीधाम एक्सप्रेस, 11080 गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस, 19168 वाराणसी सिटी-अहमदाबाद एक्सप्रेस और 19166 दरभंगा-अहमदाबाद एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं. इन ट्रेनों को ऐशबाग और बादशाहनगर स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव दिया गया है.
गोरखपुर रूट की कई ट्रेनें भी प्रभावित
गोरखपुर से चलने वाली कई प्रमुख ट्रेनों के रूट में भी बदलाव किया गया है. इनमें 12571 गोरखपुर-आनंद विहार टर्मिनस, 12555 गोरखपुर-बठिंडा, 19410 गोरखपुर-साबरमती, 22922 गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस, 12595 गोरखपुर-आनंद विहार, 12597 गोरखपुर-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, 15065 गोरखपुर-पनवेल और 15067 गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस शामिल हैं. ये ट्रेनें बाराबंकी-मल्हौर-ऐशबाग-मानक नगर मार्ग से संचालित की जाएंगी.
गुजरात, महाराष्ट्र और बिहार जाने वाले यात्रियों पर भी असर
सूरत, साबरमती, गांधीधाम, पुणे, पनवेल, लोकमान्य तिलक टर्मिनस और भावनगर टर्मिनस से चलने वाली कई ट्रेनों का भी रूट बदला गया है. इनमें 19053 सूरत-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस, 19409 साबरमती-गोरखपुर एक्सप्रेस, 15270 साबरमती-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस, 11079 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस, 15030 पुणे-गोरखपुर एक्सप्रेस और 19201 भावनगर टर्मिनस-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस शामिल हैं. इन ट्रेनों का लखनऊ स्टेशन पर ठहराव नहीं रहेगा और यात्रियों को वैकल्पिक स्टेशनों का उपयोग करना होगा.
दो ट्रेनों का शॉर्ट टर्मिनेशन और शॉर्ट ओरिजिनेशन
रेलवे ने 15107 बनारस-लखनऊ एक्सप्रेस और 15108 लखनऊ-बनारस एक्सप्रेस के संचालन में भी बदलाव किया है. 24 जून से 13 सितंबर 2026 तक चलने वाली 15107 बनारस-लखनऊ एक्सप्रेस लखनऊ स्टेशन के बजाय उतरेटिया स्टेशन पर ही यात्रा समाप्त करेगी. वहीं 15108 लखनऊ-बनारस एक्सप्रेस लखनऊ स्टेशन की जगह उतरेटिया स्टेशन से चलाई जाएगी. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति और निर्धारित स्टॉपेज की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.