Amrit Bharat Express Train (File Photo)
Amrit Bharat Express Train (File Photo)
इंडियन रेलवे ने रेल यात्रियों को बड़ी खुशखबरी दी है. 28 अप्रैल 2026 को महादेव नगरी काशी और राम की नगरी आयोध्या से दो नई अमृत भारत ट्रेनों की शुरुआत होने जा रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी से इन दोनों ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. ये दोनों ट्रेनें यूपी से महाराष्ट्र को जोड़ेंगी. इन दोनों अमृत भारत ट्रेनों के चलने से यूपी और महाराष्ट्र के बीच यात्रा पहले से कहीं ज्यादा तेज, आसान और किफायती हो जाएगी. इन ट्रेनों के शुरू होने से लंबी दूरी के यात्रियों और तीर्थ यात्रियों को आवागमन में सहूलियत होगी.
इन दो रूट्स पर चलेंगी नई अमृत भारत ट्रेनें
नई अमृत भारत ट्रेनें दो रूट्स पर चलेंगी. एक अमृत भारत ट्रेन वाराणसी (बनारस) से हडपसर (पुणे) के बीच चलेगी. इस अमृत भारत ट्रेन का नंबर 22589/22590 है. रेलवे बोर्ड के निदेशक कोचिंग संजय आर नीलम ने इस ट्रेन का शेड्यूल जारी किया है. दूसरी अमृत भारत ट्रेन अयोध्या से मुंबई के बीच चलाई जाएगी.
इन स्टेशनों पर ठहराव
बनारस-हडपसर-बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस कुल 20 स्टेशनों पर रुकेगी. यह ट्रेन बनारस स्टेशन, ज्ञानपुर रोड, प्रयागराज, फतेहपुर, गोविंदपुरी, ओराई, झांसी, बीना, रानी कमलापति, नर्मदापुरम, ईटारसी, हरदा, खंडवा, भुसावल, जलगांव, मनमाड, रोपर गांव, अहिल्याबाई नगर, डाउंड कोर्ड लाइन और हडपसर रेलवे स्टेशन पर रुकेगी.
रोजाना होगा संचालन
हडपसर-बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन हर दिन किया जाएगा. ट्रेन संख्या 22589 बनारस-हडपसर अमृत भारत बनारस स्टेशन से शाम 6:15 बजे प्रस्थान करेगी और 30 घंटे बाद यानी तीसरे दिन हडपसर रात 12:10 बजे पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन नंबर 22590 हडपसर से सुबह 7:50 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन दोपहर 2:30 बजे बनारस स्टेशन पहुंचेगी.
अयोध्या-मुंबई अमृत भारत ट्रेन
अयोध्या-मुंबई अमृत भारत ट्रेन अयोध्या धाम जंक्शन से मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) तक चलेगी. इसके स्टॉपेज में अयोध्या धाम और प्रयागराज जंक्शन शामिल हैं. यह ट्रेन यूपी, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र होते हुए मुंबई तक जाएगी. इससे उत्तर भारत और देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी.
यात्रियों को मिलेंगी खास सुविधाएं
अमृत भारत ट्रेन में स्लीपर, जनरल, सेकेंड क्लास समेत कुल 22 कोच होंगे. बनारस और हडपसर अमृत भारत एक्सप्रेस के कुल चार रेक तैनात किए जाएंगे.अमृत भारत ट्रेनें आधुनिक तकनीक से लैस होंगी. इनमें पुश-पुल तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे ट्रेन की स्पीड और परफॉर्मेंस बेहतर होगी. अमृत भारत ट्रेन आरामदायक सीटिंग और जरूरी सुविधाएं भी दी जाएंगी. नई अमृत भारत ट्रेनों के चलने से यात्रियों को डायरेक्ट कनेक्टिविटी मिलेगी. इससे उन्हें बार-बार ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इससे न सिर्फ समय की बचत होगी बल्कि यात्रा भी ज्यादा किफायती बनेगी.