Special Train
Special Train
दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है. त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने पहले से चल रही कुछ पूजा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की अवधि बढ़ाने का फैसला किया है. इन ट्रेनों का संचालन अब तय अवधि के बाद भी जारी रहेगा. यात्रियों को उनके निर्धारित रूट पर अतिरिक्त ट्रेनों का विकल्प मिलेगा.
रेलवे के मुताबिक, इन सभी स्पेशल ट्रेनों का परिचालन पहले से निर्धारित ठहराव, समय-सारणी, मार्ग और कोच संयोजन के अनुसार ही किया जाएगा. समस्तीपुर रेल मंडल के पीआरओ रंजीत कुमार ने बताया कि पूजा के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है. इसे देखते हुए पहले से चल रही पूजा स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ाई गई है. जरूरत पड़ने पर यात्रियों की भीड़ के अनुसार अतिरिक्त ट्रेनें भी चलाई जा सकती हैं.
त्योहारों में भीड़ को लेकर रेलवे की खास तैयारी
पूर्व मध्य रेल के जीएम डिम्पी गर्ग ने आगामी त्योहारों को देखते हुए यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं. देश के अलग-अलग शहरों से त्योहार मनाने घर आने और त्योहार के बाद वापस लौटने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा.
प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के लिए होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे. यहां पीने के पानी, ट्रेनों की घोषणा, मेडिकल बूथ समेत अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्टेशनों पर वार रूम भी बनाया जाएगा. यहां से 24 घंटे स्टेशनों की निगरानी की जाएगी.
रेलवे स्टेशनों पर आरपीएफ की अतिरिक्त टुकड़ियां तैनात की जाएंगी. प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज और सर्कुलेटिंग एरिया में विशेष निगरानी रखी जाएगी. लंबी दूरी की ज्यादा भीड़ वाली ट्रेनों की सामान्य बोगियों में यात्रियों को कतार में चढ़ाने के लिए आरपीएफ और वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी.
ये 3 स्पेशल ट्रेनें ज्यादा दिनों तक चलेंगी
1. पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट-पाटलिपुत्र स्पेशल ट्रेन (03216/03215)
03216 पाटलिपुत्र से पूर्णिया कोर्ट: यह ट्रेन बुधवार और शनिवार को छोड़कर सप्ताह में 5 दिन चलेगी. पहले इसकी अंतिम तारीख 16 अक्टूबर 2026 थी. अब इसे 18 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक चलाया जाएगा. इस दौरान ट्रेन के कुल 32 फेरे होंगे.
03215 पूर्णिया कोर्ट से पाटलिपुत्र: यह ट्रेन गुरुवार और रविवार को छोड़कर सप्ताह में 5 दिन चलेगी. पहले इसकी अंतिम तारीख 17 अक्टूबर थी. अब यह 19 अक्टूबर से 1 दिसंबर 2026 तक चलेगी और कुल 32 फेरे लगाएगी.
इस ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी के 4, एसएलआरडी के 2, एसी थ्री टियर के 3, एसी टू टियर का 1 और स्लीपर के 10 कोच समेत कुल 20 कोच होंगे.
2. रक्सौल-नरकटियागंज-रक्सौल स्पेशल ट्रेन (05543/05544)
05543 रक्सौल से नरकटियागंज और 05544 नरकटियागंज से रक्सौल के बीच चलने वाली यह ट्रेन प्रत्येक गुरुवार और शनिवार को चलेगी. पहले इसका परिचालन 26 सितंबर 2026 तक निर्धारित था. अब इसे 1 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक चलाया जाएगा. इस दौरान कुल 18 फेरे होंगे.
एलएचबी रैक वाली इस ट्रेन में एलएसएलआरडी, जनरेटर कार, सामान्य श्रेणी के 4, स्लीपर के 9, एसी थ्री टियर के 2 और एसी टू टियर का 1 कोच समेत कुल 18 कोच होंगे.
3. पटना-इस्लामपुर-पटना स्पेशल ट्रेन (03297/03298)
03297 पटना से इस्लामपुर: यह ट्रेन प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और रविवार को चलेगी. पहले इसकी अंतिम तारीख 29 सितंबर 2026 थी. अब इसका परिचालन 1 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक किया जाएगा. इस दौरान कुल 26 फेरे होंगे.
03298 इस्लामपुर से पटना: यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार और सोमवार को चलेगी. पहले इसका परिचालन 30 सितंबर तक निर्धारित था. अब यह 2 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगी और कुल 26 फेरे लगाएगी.
इस ट्रेन में एलएसएलआरडी, जनरेटर कार, सामान्य श्रेणी के 4, स्लीपर के 6, एसी थ्री इकोनॉमी के 2, एसी थ्री टियर के 4, एसी टू टियर के 2 और फर्स्ट एसी का 1 कोच समेत कुल 22 एलएचबी कोच होंगे.