Raksha Bandhan special train
Raksha Bandhan special train
रक्षाबंधन पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने राहत की खबर दी है. त्योहार के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए कई स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है. इनमें खातीपुरा और हावड़ा के बीच चलने वाली रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेन भी शामिल है. इसके अलावा दिल्ली, कानपुर, प्रयागराज, झांसी, मथुरा और अन्य रूटों पर भी अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी. उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ डॉ. शिवम शर्मा के मुताबिक, रक्षाबंधन पर भाई-बहनों को घर पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था की गई है.
खातीपुरा-हावड़ा के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे की ओर से 09709/09710 खातीपुरा-हावड़ा-खातीपुरा रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी. यह ट्रेन दोनों दिशाओं में एक-एक फेरा लगाएगी.
09709 खातीपुरा-हावड़ा स्पेशल 29 अगस्त को शाम 5 बजे खातीपुरा से रवाना होगी. यह ट्रेन दौसा, बांदीकुई, भरतपुर, ईदगाह, टूंडला और इटावा होते हुए कानपुर पहुंचेगी. इसके बाद सूबेदारगंज, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, गया, धनबाद, आसनसोल, दुर्गापुर और बर्दवान होते हुए 30 अगस्त की रात 10:15 बजे हावड़ा पहुंचेगी.
वापसी में 09710 हावड़ा-खातीपुरा स्पेशल 31 अगस्त की रात 12:15 बजे हावड़ा से चलेगी. यह ट्रेन बर्दवान, आसनसोल, धनबाद, गया, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, सूबेदारगंज, कानपुर, इटावा, टूंडला, भरतपुर, बांदीकुई और दौसा होते हुए 1 सितंबर की सुबह 11:30 बजे खातीपुरा पहुंचेगी.
खातीपुरा-हावड़ा स्पेशल ट्रेन में कुल 23 कोच होंगे. इनमें 2 एसी सेकेंड क्लास, 4 एसी थर्ड क्लास, 7 स्लीपर, 8 सामान्य श्रेणी और 2 एसएलआर/डी कोच शामिल हैं.
दिल्ली-शकूरबस्ती के बीच भी अतिरिक्त ट्रेनें
02275/02276 सूबेदारगंज-शकूरबस्ती स्पेशल दोनों दिशाओं में चलेगी. सूबेदारगंज से यह ट्रेन 25, 28 और 30 अगस्त को और शकूरबस्ती से 26, 29 और 31 अगस्त को चलेगी.
04147/04148 ट्रेन सूबेदारगंज से 26 अगस्त और शकूरबस्ती से 27 अगस्त को एक-एक फेरा लगाएगी.
इसी रूट पर 04163/04164 ट्रेन सूबेदारगंज से 27 अगस्त और शकूरबस्ती से 28 अगस्त को चलेगी.
झांसी, निजामुद्दीन और खजुराहो रूट पर भी राहत
01901/01902 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल 27 और 28 अगस्त को दोनों दिशाओं में दो-दो फेरे लगाएगी.
01903/01904 झांसी-निजामुद्दीन स्पेशल झांसी से 26 से 30 अगस्त और निजामुद्दीन से 27 से 31 अगस्त तक चलेगी.
वहीं 01913/01914 खजुराहो-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल खजुराहो से 26, 28 और 30 अगस्त तथा निजामुद्दीन से 27, 29 और 31 अगस्त को चलेगी.
दिल्ली-NCR और कानपुर के यात्रियों को भी फायदा
04412/04411 गाजियाबाद-अलीगढ़ जंक्शन अनारक्षित स्पेशल 27 और 28 अगस्त को दोनों दिशाओं में चलेगी.
02456/02455 नई दिल्ली-कानपुर सेंट्रल अनारक्षित स्पेशल 28, 29, 31 अगस्त और 2 व 4 सितंबर को दोनों दिशाओं में चलेगी.
इसके अलावा 02458/02457 आनंद विहार टर्मिनल-कानपुर सेंट्रल आरक्षित स्पेशल 30 अगस्त, 1 सितंबर और 3 सितंबर को दोनों दिशाओं में चलेगी.
मथुरा और प्रयागराज रूट पर भी अतिरिक्त ट्रेनें
04410/04409 हजरत निजामुद्दीन-मथुरा जंक्शन अनारक्षित स्पेशल 27 और 28 अगस्त को चलेगी.
प्रयागराज-बनारस के बीच 01915/01916 ट्रेन 29 अगस्त तक रोजाना संचालित होगी. वहीं सूबेदारगंज-औड़िहार के बीच 01917/01918 ट्रेन 29 और 30 अगस्त तक चलेगी.
ये भी पढ़ें