Summer Special Trains (File Photo- PTI)
Summer Special Trains (File Photo- PTI)
गर्मी की छुट्टियां शुरू होते ही दिल्ली, मुंबई और पुणे जैसे बड़े शहरों में काम करने वाले यूपी-बिहार के लोग घर लौटने लगते हैं. छुट्टियां शुरू होते ही हर साल की तरह इस बार भी ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ देखने को मिल रही है, जिससे कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है. यात्रियों की इसी परेशानी को देखते हुए भारतीय रेलवे ने समर स्पेशल ट्रेनों का ऐलान किया है. इस बार पुणे और मुंबई से दानापुर और समस्तीपुर के लिए कई स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, ताकि लोगों का सफर आसान हो सके.
पुणे-दानापुर स्पेशल: रोजाना मिलेगी ट्रेन
पुणे से दानापुर के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन (01449) रोजाना दोपहर 3:30 बजे पुणे से खुलेगी और तीसरे दिन तड़के 2:45 बजे दानापुर पहुंचेगी. रास्ते में डीडीयू, बक्सर और आरा जैसे स्टेशनों पर ठहराव होगा.
वापसी में (01450) दानापुर से सुबह 5 बजे ट्रेन खुलेगी और अगले दिन शाम 6:15 बजे हडपसर (पुणे) पहुंचेगी.
मुंबई (लोकमान्य तिलक)-दानापुर स्पेशल
लोकमान्य तिलक टर्मिनस से दानापुर के लिए चलने वाली ट्रेन (01143) रोज सुबह 10:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 6:45 बजे दानापुर पहुंचेगी. वापसी ट्रेन (01144) रात 9:30 बजे दानापुर से खुलेगी और तीसरे दिन सुबह 7:45 बजे मुंबई पहुंचेगी.
मुंबई-समस्तीपुर साप्ताहिक स्पेशल
मुंबई से समस्तीपुर के बीच साप्ताहिक ट्रेन (01043) हर मंगलवार को दोपहर 12:15 बजे चलेगी और देर रात समस्तीपुर पहुंचेगी. यह ट्रेन मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पाटलिपुत्र जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी. वापसी में (01044) समस्तीपुर से हर गुरुवार तड़के 3 बजे ट्रेन खुलेगी और अगले दिन शाम 4:25 बजे मुंबई पहुंचेगी.
यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
हर साल की तरह इस बार भी समर सीजन में घर जाने वालों की संख्या काफी ज्यादा है. ऐसे में ये स्पेशल ट्रेनें यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होंगी.