scorecardresearch

Vande Bharat: वंदे भारत के दही में जिंदा कीड़ा निकलने के बाद रेलवे का अब तक का सबसे बड़ा एक्शन, वेंडर पर 50 लाख और IRCTC पर 10 लाख का भारी जुर्माना

पटना-टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर कर रहे यात्रियों के होश तब उड़ गए, जब उनके पैक्ड दही में रेंगते हुए जिंदा कीड़े दिखाई दिए. जिसके बाद अब रेलवे ने बड़ा एक्शन लिया है.

Vande Bharat passenger finds worms in food (Photos: Ritesh Kumar Singh/YouTube) Vande Bharat passenger finds worms in food (Photos: Ritesh Kumar Singh/YouTube)

पटना–टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस के पैक्ड दही में जिंदा कीड़े मिलने की घटना ने रेलवे कैंटीन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. शिकायत सामने आते ही रेलवे ने कड़ा कदम उठाते हुए दही सप्लाई करने वाले वेंडर का कॉन्ट्रैक्ट खत्म कर दिया और 50 लाख रुपयों का भारी जुर्माना लगाया है. मामले को सही तरह न संभाल पाने पर IRCTC पर भी 10 लाख रुपयों का दंड लगाया गया है.

क्या हुआ था ट्रेन में?
15 मार्च को वंदे भारत ट्रेन में सात यात्रियों को रात के खाने के साथ एक नामी ब्रांड का पैक्ड दही दिया गया था. जैसे ही एक यात्री रितेश सिंह ने पैकेट खोला, अंदर उन्हें जीवित कीड़े और छोटे कीट दिखाई दिए. उन्होंने तुरंत इसकी शिकायत X (ट्विटर) पर की और IRCTC व रेलवे मंत्री को टैग कर दिया. शिकायत का वीडियो भी पोस्ट किया, जो देखते-देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

IRCTC की शुरुआती रिपोर्ट ने क्या बताया?
जांच में सामने आया कि दही का स्टॉक पटना स्टेशन से लिया गया था. निर्माण तिथि 9 मार्च 2026 और एक्सपायरी 7 अप्रैल 2026 थी. लेकिन फिर भी दही अंदर से खराब था. अधिकारियों ने यात्रियों से माफी मांगी और उन्हें ड्राई फ्रूट मिक्स और कुछ मिठाई देकर स्थिति संभालने की कोशिश की गई. रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि टीम ने यात्रियों से पोस्ट हटाने का अनुरोध भी किया, लेकिन उन्होंने इस पोस्ट को वायरल होने देने की इच्छा जताई.

वेंडर पर पहले सिर्फ 25,000 रुपए का जुर्माना लगा था. लेकिन जांच के बाद IRCTC ने सप्लायर कृष्णा एंटरप्राइजेज पर 25,000 रुपयों का तत्काल जुर्माना लगाया था और चेतावनी दी थी कि फूड हैंडलिंग बेहतर करें, पूरी कोल्ड चेन बनाए रखें
और फूड सेफ्टी प्रोटोकॉल का पालन करें. 

रेलवे मंत्रालय का बड़ा फैसला, कॉन्ट्रैक्ट रद्द और जुर्माना
मामले की गंभीरता देखते हुए मंत्रालय ने बुधवार को सख्त निर्देश जारी किए. जिसके तहत वेंडर का कॉन्ट्रैक्ट तुरंत रद्द किया जाए. जुर्माना 25,000 से बढ़ाकर 50 लाख रुपए तक किया गया. साथ ही IRCTC पर 10 लाख रुपए का दंड लगाया गया. आदेश में ये भी कहा गया कि यह घटना गंभीर लापरवाही को दिखाती है, जिसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जा सकता.

IRCTC अधिकारियों के लिए सख्त हिदायत
मंत्रालय ने निर्देश दिया कि ऑनबोर्ड सर्विस की लगातार मॉनिटरिंग की जाए, खाने की क्वालिटी, सुरक्षा और हाइजीन में कोई कमी न रहे, सभी सुपरवाइजर्स को जिम्मेदारी से कार्य करना होगा. रेल मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर भी इस घटना की जानकारी शेयर की और रेल मंत्रालय ने अपने X हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा 'ट्रेन संख्या 21896 (पटना–टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस) में खराब भोजन मिलने की शिकायत को गंभीरता से लिया गया है.' पोस्ट में जुर्माने के बारे में भी बताया गया. साथ ही ये भी लिखा गया कि यात्री सुरक्षा और भोजन की गुणवत्ता रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

ये भी पढ़ें