scorecardresearch

Europe Heatwave: ठंडे यूरोप में गर्मी का तांडव, फ्रांस में हीटवेव से 1,000 से ज्यादा मौतें, एसी-पंखों के लिए मची लूट

यूरोप इन दिनों रिकॉर्डतोड़ हीटवेव से जूझ रहा है. फ्रांस में भीषण गर्मी के कारण 1,000 से अधिक मासूम लोगों की मौतें दर्ज की गई हैं. ऐसा दावा X और अन्य प्लेटफॉर्म पर किया जा रहा है कि लोग राहत के लिए एसी और पंखे खरीद रहे हैं, नदियों में उतर रहे हैं, जबकि एक महिला द्वारा प्यासी चिड़िया को पानी पिलाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.

ठंडा रहने वाला यूरोप इन दिनों भीषण हीटवेव की चपेट में है. हालात ऐसे हो गए हैं कि कई देशों में लोगों की दिनचर्या पूरी तरह बदल गई है. कहीं लोग गर्मी से राहत पाने के लिए एसी और पंखे खरीदने के लिए दुकानों पर टूट पड़े हैं, तो कहीं लोग नदियों में छलांग लगाकर खुद को ठंडा करने की कोशिश कर रहे हैं. फ्रांस में हालात सबसे ज्यादा चिंताजनक बताए जा रहे हैं, जहां भीषण गर्मी के कारण बड़ी संख्या में मौतें दर्ज की गई हैं.

फ्रांस में 1,000 अतिरिक्त लोगों की मौत
फ्रांस की हेल्थ एजेंसी के मुताबिक, 24 जून से 27 जून के बीच भीषण गर्मी के कारण करीब 1,000 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है, जो पिछले कुछ वर्षों के औसत आंकड़ों की तुलना में इस बार ज्यादा दर्ज की गई हैं. लगातार बढ़ते तापमान ने बुजुर्गों, बीमार लोगों और कमजोर वर्ग पर सबसे ज्यादा असर डाला है. वैज्ञानिकों का कहना है कि यूरोप का तापमान दुनिया के औसत तापमान की तुलना में कहीं अधिक तेजी से बढ़ रहा है. उनका मानना है कि आने वाले वर्षों में ऐसी हीटवेव पहले से ज्यादा बार आएंगी और पहले की तुलना में ज्यादा लंबे समय तक बनी रहेंगी.

AC और पंखों के लिए दुकानों पर उमड़ी भीड़
सोशल मीडिया पर कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं. इनमें लोग गर्मी से राहत पाने के लिए एसी, कूलर और पंखे खरीदने के लिए दुकानों पर लंबी कतारों में खड़े दिखाई दे रहे हैं. बढ़ती गर्मी ने लोगों को राहत के हर संभव साधन तलाशने पर मजबूर कर दिया है.

प्यासी चिड़िया को पानी पिलाती महिला ने जीता दिल
भीषण गर्मी के बीच एक वीडियो लोगों का दिल भी जीत रहा है. इसमें एक महिला बेहद प्यास और थकान से बेहाल एक चिड़िया को पानी पिलाती है, उसे धीरे-धीरे ठंडा करती है और फिर छांव में रख देती है, ताकि वह दोबारा उड़ने की ताकत जुटा सके. यह वीडियो इंसानियत की एक खूबसूरत मिसाल बन गया है.

नदी में कूदकर गर्मी से राहत पाने की कोशिश
फ्रांस की राजधानी पेरिस समेत कई इलाकों से ऐसे वीडियो सामने आए हैं, जिनमें लोग गर्मी से बचने के लिए नदियों में छलांग लगाते और घंटों पानी में समय बिताते दिखाई दे रहे हैं. यूरोप में पड़ रही रिकॉर्डतोड़ गर्मी ने साफ कर दिया है कि इस बार की हीटवेव सामान्य नहीं, बल्कि बेहद गंभीर साबित हो रही है.

ये भी पढ़ें