scorecardresearch

सोने के लिए मिलेंगे 13.76 लाख रुपए! इस जगह होने जा रही स्लीपिंग प्रतियोगिता, जीतने के लिए सिर्फ सोना ही है

जापान में सोने क अनोखी प्रतियोगिता होने वाली है, जिसमें विजेता को करीब 13.7 लाख मिलेंगे. हर प्रतियोगी को सोने से पहले कुछ प्री-स्लीप एक्सरसाइज करनी होंगी. इसके बाद 90 मिनट का स्लीपिंग सेशन शुरू होगा.

Advertisement
Japan sleeping competition Japan sleeping competition

क्या सोने के लिए आपको लाखों रुपए का इनाम मिले तो आप भी इस मुकाबले में हिस्सा लेना चाहेंगे? सुनने में यह दुनिया का सबसे आसान काम लग सकता है, लेकिन जापान में होने वाली एक अनोखी प्रतियोगिता में सिर्फ आंखें बंद करके लेटने से काम नहीं चलेगा. यहां जीत उसी की होगी, जो सबसे अच्छी, गहरी और स्थिर नींद ले पाएगा. खास बात यह है कि प्रतियोगिता के विजेता को 22.2 लाख जापानी येन यानी करीब 13.76 लाख रुपए का इनाम मिलेगा.

टोक्यो में होने वाली इस प्रतियोगिता का मकसद लोगों को अच्छी नींद की अहमियत बताना भी है. जापान में औसत नींद का समय दुनिया के कई देशों की तुलना में कम माना जाता है.

90 मिनट में साबित करनी होगी बेस्ट नींद
यह अनोखा स्लीपिंग टूर्नामेंट 5 अक्टूबर 2026 को टोक्यो के Share Green Minami Aoyama में आयोजित किया जाएगा. प्रतियोगियों को 90 मिनट का समय मिलेगा. इस दौरान उनकी नींद पर बारीकी से नजर रखी जाएगी. प्रतियोगिता में यह देखा जाएगा कि कौन कितनी जल्दी सोता है, उसकी नींद कितनी गहरी है, नींद कितनी स्थिर रहती है और कुल मिलाकर उसकी नींद की गुणवत्ता कैसी है. यानी यहां ज्यादा देर तक सोना ही जीत की गारंटी नहीं होगा.

सोने से पहले भी करना होगा होमवर्क
अगर आप सोच रहे हैं कि प्रतियोगिता में पहुंचकर बिस्तर पर लेटते ही सो जाएंगे और इनाम जीत लेंगे, तो ऐसा नहीं है. आयोजकों ने इसके लिए खास नियम बनाए हैं. हर प्रतियोगी को सोने से पहले कुछ प्री-स्लीप एक्सरसाइज करनी होंगी. इसके बाद 90 मिनट का स्लीपिंग सेशन शुरू होगा. हर प्रतिभागी को एक स्लीप-ट्रैकिंग डिवाइस भी दिया जाएगा, जो नींद से जुड़ा डेटा रिकॉर्ड करेगा.

मुकाबले को और दिलचस्प बनाने के लिए हर प्रतियोगी को एक रैंडम स्लीप आइटम दिया जाएगा. यह आइटम क्या होगा, इसकी जानकारी पहले से नहीं होगी. इसका असर प्रतियोगी की नींद पर भी पड़ सकता है. यानी जिस तरह क्रिकेट में पिच और मौसम खेल बदल सकते हैं, यहां एक छोटा-सा स्लीप आइटम आपकी नींद का खेल बिगाड़ सकता है.

पूरी रात जागकर आना भी मना
आयोजकों ने प्रतियोगिता में किसी तरह की चालाकी रोकने के लिए कुछ सख्त नियम भी बनाए हैं. प्रतियोगी जानबूझकर पूरी रात जागकर नहीं आ सकते. ज्यादा नींद की कमी पैदा करके जल्दी सोने की कोशिश भी नियमों के खिलाफ होगी. इसके अलावा नींद लाने के लिए स्लीपिंग पिल्स या किसी दूसरी दवा का इस्तेमाल भी नहीं किया जा सकेगा. इतना ही नहीं, प्रतियोगिता के दौरान अचानक नींद में खलल भी डाला जा सकता है. ऐसे में प्रतियोगियों को उस परेशानी के बावजूद अपनी नींद बनाए रखनी होगी.

सिर्फ सबसे गहरी नींद वाले को ही नहीं मिलेगा इनाम
प्रतियोगिता के बाद मेडिकल स्टाफ प्रतियोगियों की नींद से जुड़ा डेटा जांचेगा और उसके आधार पर विजेता तय किया जाएगा. इसके अलावा कई खास अवॉर्ड भी दिए जाएंगे. इनमें डीप स्लीप डाइव अवॉर्ड गहरी नींद के लिए दिया जाएगा. वहीं अलग-अलग और अजीब सोने की पोजीशन में सोने वाले प्रतियोगियों के लिए स्लीप-टर्निंग एक्रोबैट अवॉर्ड भी रखा गया है.

इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेना फ्री है. आवेदन की अंतिम तारीख 16 सितंबर रखी गई थी. कुल तीन सेशन आयोजित किए जाएंगे और हर सेशन के लिए करीब 20 प्रतियोगियों का चयन लॉटरी के जरिए किया जाएगा. आयोजकों का कहना है कि इस प्रतियोगिता के जरिए जापान में नींद की कमी की समस्या और पर्याप्त आराम के महत्व पर लोगों का ध्यान खींचना है.