iPhone 17 Pro, iPhone 17 Pro Max
iPhone 17 Pro, iPhone 17 Pro Max
नए साल की शुरुआत में ही किस्मत खुल गई... ऐसा सोचकर खुश हो रहे एक कर्मचारी के लिए कंपनी की ईयर-एंड पार्टी बुरे मजाक में तब्दील हो गई. चीन के ग्वांगडोंग प्रांत के रहने वाले जियांग जियांग को उनकी कंपनी ने प्रोग्राम में ग्रैंड प्राइज विनर बनाया. इनाम में जियांग को iPhone 17 Pro Max मिला. लेकिन जब जियांग ने घर पहुंचकर बॉक्स खोला, तो अंदर फोन की जगह टाइल्स और चॉकलेट निकलीं.
आईफोन विनर बनकर खुश हुए
जियांग के मुताबिक, पार्टी के दौरान कंपनी हेड ने उनका नाम पुकारा और उन्हें लेटेस्ट आईफोन का विनर बताया. उन्हें एक असली जैसा दिखने वाला बॉक्स, ब्रांडेड शॉपिंग बैग और प्रिंटेड बिल-रसीद भी दी गई. पार्टी में मौजूद सभी कर्मचारियों को यकीन था कि जियांग ने सच में महंगा स्मार्टफोन जीता है. जियांग खुद भी बेहद खुश थे और उन्होंने सोचा कि घर जाकर पत्नी को सरप्राइज देंगे.
घर पहुंचकर खुला सरप्राइज
जियांग ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने बॉक्स खोलकर दिखाया. अंदर फोन नहीं, बल्कि दो चॉकलेट, तीन लॉलीपॉप और कुछ टाइल्स रखी थीं. इस घटना के बाद उनकी खुशी गुस्से और निराशा में बदल गई.
कंपनी ने नहीं खरीदा था फोन
सोशल मीडिया पर कई लोगों ने शक जताया कि शायद किसी ने असली फोन बदल दिया हो लेकिन जियांग का कहना है कि यह उनके टीम मैनेजर का प्लान किया हुआ प्रैंक था. उन्होंने बताया कि वे जिस अस्पताल में काम करते हैं, वहां कंपनी ने फोन खरीदने की मंजूरी नहीं दी थी. जियांग ने कहा कि उन्हें फोन की जरूरत नहीं थी, लेकिन जो मजाक किया गया, उसके लिए वे सार्वजनिक माफी चाहते हैं.
दूसरा इनाम था तकिया
जियांग ने बताया कि पार्टी का दूसरा पुरस्कार सिर्फ एक तकिया था. उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा, 'मैंने सोचा था 2026 की शुरुआत मेरे लिए लकी होगी, लेकिन उन्होंने साल के अंत की पार्टी को मेरे लिए अप्रैल फूल बना दिया.'
यह घटना तेजी से वायरल हो गई. कई लोगों ने अपनी कंपनियों के अजीबोगरीब इनामों के किस्से शेयर किए. एक ने लिखा उनके ऑफिस का ग्रैंड प्राइज बॉस के साथ वन-ऑन-वन मीटिंग था. किसी ने कहा कि इनाम में बॉस के साथ फोटो और ऑटोग्राफ दिया गया था.