scorecardresearch

Pakistan Afghanistan War: अफगानिस्तान ने मारे पाकिस्तान के कई सैनिक, मुनीर की सेना ने बरसाए गोले, जानें क्या चल रहा?

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच जंग शुरू हो गई है. दोनों तरफ से हमले किए जा रहे हैं. पाकिस्तान ने काबुल और कंधार जैसी जगहों पर हमले किए. उधर, अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के 50 सैनिकों को मारने का दावा किया है. इसके साथ ही एक पाकिस्तान फाइटर जेट गिराने का भी दावा किया है.

Pakistan-Afghanistan conflict Pakistan-Afghanistan conflict

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच भीषण जंग शुरू हो गई है. डुरंड लाइन पर सैन्य संघर्ष बढ़ गया है. सीमा पर गोलीबारी से हालात बिगड़ गए हैं. पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन गजब लिल-हक शुरू किया है. पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के काबुल और कंधार में बमबारी की. उधर, अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के 50 सैनिकों को मारने का दावा किया है.

अफगानिस्तान का पाकिस्तान पर हमला-
अफगानिस्तान ने गुरुवार देर रात पाकिस्तान पर हमला किया. टोलो न्यूज के मुताबिक तालिबान ने इस हमले में 55 पाकिस्तानी सैनिकों को मारने का दावा किया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक तालिबान ने एक पाकिस्तानी जेट भी मार गिराया. 

अफगान रक्षा मंत्रालय का दावा है कि 4 घंटे की लड़ाई में पाकिस्तान के 2 सैन्य अड्डों और 19 चौकियों पर कब्जा कर लिया. तालिबान ने कई पाकिस्तानी सैनिकों को भी पकड़ने का दावा किया. अफगानिस्तान का दावा है कि उसने 22 फरवरी को पाकिस्तान के हमले का जवाब दिया है. 

पाकिस्तान की एयर स्ट्राइक-
अफगानिस्तान के हमले का पाकिस्तान ने भी जवाब दिया. पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने ओपन वॉर घोषित कर दिया. जबकि पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने इसे करार जवाब बताया. पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के काबुल और कंधार जैसे शहरों पर बमबारी की. पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने कई जगहों पर बम गिराए. 

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तानी सेना ने बताया कि इस जवाबी कार्रवाई में अब तक 130 से अधिक तालिबानी लड़ाके मारे जा चुके हैं. यह ऑपरेशन सीमा सुरक्षा को मजबूत करने और किसी भी तरह के आतंकवादी हमले को रोकने के लिए जरूरी था.

22 फरवरी को पाकिस्तान ने किए थे हवाई हमले-
अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर हमले को 22 फरवरी के हमले का जवाब बताया है. पाकिस्तान ने उस दिन अफगानिस्तान के भीतरी इलाकों में हवाई हमले किए थे. पाकिस्तान का कहना था कि उसने पाकिस्तानी तालिबान और इस्लामिक स्टेट के ठिकानों पर हमले किए थे. अफगानिस्तान का कहना था कि पाकिस्तान के हमले में कई अफगान नागरिकों की जान गई थी.

संयुक्त राष्ट्र ने जताई चिंता-
रूस ने अफगानिस्तान और पाकिस्तान से तुरंत लड़ाई रोकने की अपील की. रूसी समाचार एजेंसी RIA के मुताबिक विदेश मंत्रालय ने कहा कि हमले बंद करें और कूटनीतिक जरिए से मदभेद सुलझाएं. रूस ने ये भी कहा कि अगर दोनों देश चाहें तो वो मध्यस्थता पर विचार करेगा. उधर, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने बढ़ते संघर्षों पर चिंता जताई. गुटेरेस ने दोनों पक्षों से संवाद से मतभेद सुलझाने की अपील की.

ये भी पढ़ें: