तुला राशि (Libra) के जातकों के लिए मार्च का महीना मिला-जुला परिणाम देने वाला रह सकता है. महीने की शुरुआत में सूर्य, बुध, शुक्र, मंगल और राहु पंचम भाव में रहेंगे। शनि पूरे महीने छठे भाव में रहेंगे, जबकि गुरु नवम भाव में और केतु एकादश भाव में स्थित रहेंगे. 2 तारीख को शुक्र छठे भाव में जाएंगे, 15 को सूर्य भी वहीं पहुंचेंगे और 26 के बाद शुक्र सप्तम भाव में प्रवेश करेंगे. इन ग्रहों का असर करियर, सेहत, प्रेम और आर्थिक मामलों पर दिखाई देगा.
नौकरी बदलने और प्रमोशन के योग
करियर के लिहाज से महीना उतार-चढ़ाव भरा रहेगा, लेकिन अवसर भी मिलेंगे. जो लोग लंबे समय से नौकरी बदलने की कोशिश कर रहे थे, उन्हें सफलता मिल सकती है. मनचाही नौकरी या ट्रांसफर के लिए वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत करना फायदेमंद रहेगा. बेरोजगार लोगों को भी इस महीने नौकरी मिलने के संकेत हैं.
व्यापारियों के लिए समय अनुकूल है. बिजनेस में प्रगति होगी और पार्टनर के साथ तालमेल अच्छा रहेगा. महीने के दूसरे हिस्से में जिम्मेदारी बढ़ने की संभावना बन सकती है.
पेट और पाचन से जुड़ी परेशानी
स्वास्थ्य के मामले में 26 तारीख तक का समय थोड़ा कमजोर रह सकता है. पेट दर्द, अपच, गैस, एसिडिटी या भोजन से जुड़ी दिक्कतें परेशान कर सकती हैं. खानपान में लापरवाही न करें और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह लें. 26 के बाद सेहत में सुधार के संकेत मिलेंगे. इस महीने मां की सेहत का भी ध्यान रखने की जरूरत है.
प्रेम संबंधों में उतार-चढ़ाव
प्रेम संबंधों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. किसी तीसरे व्यक्ति के प्रति आकर्षण संबंधों में तनाव ला सकता है. ऐसे में संयम और विश्वास बनाए रखना जरूरी है. एक समय में एक ही रिश्ते को प्राथमिकता दें, वरना विवाद बढ़ सकते हैं.
विवाहित लोगों के लिए समय बेहतर है. जीवनसाथी के साथ प्रेम बढ़ेगा, हालांकि बीच-बीच में छोटे विवाद संभव हैं, जो समय के साथ सुलझ जाएंगे.
आय में बढ़ोतरी के संकेत
आर्थिक दृष्टि से महीना अनुकूल रहेगा. एक से अधिक आय स्रोत बनने की संभावना है. आमदनी बढ़ेगी और खर्चों पर नियंत्रण रहेगा. निवेश के योग बन रहे हैं, खासकर शेयर बाजार या अन्य योजनाओं में लाभ मिल सकता है. हालांकि निवेश सोच-समझकर करें ताकि भविष्य में अधिक फायदा मिल सके.
छात्रों और विदेश योग
छात्रों को पढ़ाई में बाधाओं का सामना करना पड़ सकता है. ध्यान केंद्रित रखने की जरूरत है. विदेश जाने की योजना बना रहे लोगों के लिए समय अनुकूल हो सकता है.
उपाय
शुक्रवार को मां लक्ष्मी के बीज मंत्र का जाप करें.
शनिवार को बजरंग बाण का पाठ करें.
बुधवार को विष्णु सहस्रनाम का पाठ करें.
बुधवार को छोटी कन्याओं को हरी वस्तु भेंट करें.