Gold-Silver Price Today: बजट से पहले सोना-चांदी में बड़ी गिरावट, सोना 40,000 टूटा, चांदी 1 लाख नीचे, क्या अभी और सस्ते होंगे?

1 फरवरी को बजट के खास मौके पर MCX खुला रहा और ट्रेडिंग शुरू होते ही सोने-चांदी में कमजोरी दिखी. सोना करीब 1.40 लाख प्रति 10 ग्राम के आसपास ट्रेड करता नजर आया, जबकि चांदी लगभग 2.74 लाख प्रति किलो के स्तर पर रही.

Gold, Silver Price Today
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 01 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 10:04 AM IST
  • चांदी 1 लाख और सोना 40,000 तक फिसला
  • बजट पर टिकी अब बाजार की नजर

दुनिया भर के बाजारों में पिछले दो दिनों से सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट देखी जा रही है. भारत के साथ-साथ इंटरनेशनल मार्केट में भी गोल्ड-सिल्वर सस्ते हुए हैं. खास बात यह है कि बजट से ठीक पहले रॉकेट की रफ्तार से चढ़े दाम अपने ऑल टाइम हाई से काफी नीचे आ गए हैं.

MCX खुलते ही कमजोर शुरुआत
1 फरवरी को बजट के खास मौके पर MCX खुला रहा और ट्रेडिंग शुरू होते ही सोने-चांदी में कमजोरी दिखी. सोना करीब 1.40 लाख प्रति 10 ग्राम के आसपास ट्रेड करता नजर आया, जबकि चांदी लगभग 2.74 लाख प्रति किलो के स्तर पर रही. शुक्रवार की भारी गिरावट के बाद बाजार में दबाव का माहौल है और निवेशक फिलहाल बड़े फैसलों का इंतजार कर रहे हैं.

आखिर क्यों आई इतनी बड़ी गिरावट?
विशेषज्ञों के मुताबिक हालिया तेजी के बाद बाजार में तेज करेक्शन आना स्वाभाविक था. कई निवेशकों ने ऊंचे स्तर पर मुनाफावसूली की, जिससे कीमतों पर दबाव बढ़ा. साथ ही बजट से पहले अनिश्चितता भी एक बड़ी वजह मानी जा रही है. जब तक सरकार की नीतियां साफ नहीं होतीं, तब तक कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है.

मेटल और गोल्ड फाइनेंस कंपनियों के शेयर धड़ाम
कीमतों में गिरावट का असर शेयर बाजार पर भी साफ दिखा. हिंदुस्तान जिंक और इसकी पेरेंट कंपनी वेदांता के शेयरों में तेज कमजोरी आई. वहीं गोल्ड लोन देने वाली कंपनियां मुथूट फाइनेंस, मणप्पुरम फाइनेंस और IIFL फाइनेंस के शेयरों में करीब 10% तक की गिरावट दर्ज की गई. सोने-चांदी के दाम सीधे इन कंपनियों के बिजनेस को प्रभावित करते हैं, इसलिए कीमतों में बड़ी हलचल होने पर इनके शेयर भी तेजी से प्रतिक्रिया देते हैं.

बजट में इन शेयरों पर रहेगी नजर
आज के स्पेशल ट्रेडिंग सेशन में निवेशकों की नजर खासतौर पर गोल्ड फाइनेंस कंपनियों और चांदी से जुड़ी बड़ी मेटल कंपनियों पर रहेगी. वित्त मंत्री के किसी भी ऐलान का सीधा असर इन सेक्टरों के मुनाफे और भविष्य पर पड़ सकता है.

गिरावट के बावजूद जनवरी रहा शानदार
हालांकि पिछले दो दिनों में गिरावट आई है, लेकिन जनवरी 2026 सोना-चांदी निवेशकों के लिए जबरदस्त रहा. सोने की कीमतों में करीब 27,800 की बढ़त दर्ज हुई, जो लगभग 20.2% की तेजी है. चांदी ने इससे भी बेहतर प्रदर्शन किया. जनवरी के दौरान इसमें करीब 73,000 प्रति किलो का उछाल आया, यानी लगभग 30.5% की वृद्धि. महीने के आखिर में थोड़ी गिरावट जरूर आई, लेकिन कुल मिलाकर साल की शुरुआत बेहद मजबूत रही.

एक साल में दिया धमाकेदार रिटर्न
अगर पिछले एक साल का आंकड़ा देखें तो दोनों धातुओं ने निवेशकों को मालामाल कर दिया है. पिछले बजट के समय 24 कैरेट सोना करीब 84,000 प्रति 10 ग्राम था, जो अब 1.67 लाख के पार पहुंच चुका है यानी लगभग 100% की बढ़त. चांदी ने तो और भी चौंकाया. पिछले साल करीब 99,600 प्रति किलो रहने वाली चांदी इस साल 3.47 लाख प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंची, जो 250% से ज्यादा रिटर्न है.

 

Read more!

RECOMMENDED