पैसा निवेश करने के लिए तो बहुत सारी स्कीमें हैं, लेकिन यदि आप नौकरी से रिटायर होने के बाद बिना रिस्क के नियमित इनकम चाहते हैं तो हम आपको भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की एक धांसू स्कीम के बारे में बता रहे हैं. इसके आगे फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) और रिकरिंग डिपॉजिट (RD) सब फेल है. जी हां, हम बात कर रहे हैं एलआईसी की न्यू जीवन शांति योजना (New Jeevan Shanti Policy) की.
फाइनेंशियल टेंशन हो जाएगी दूर
एलआईसी की न्यू जीवन शांति योजना में एक बार रुपए निवेश करना होता है. इसके बाद आजीवन या तय अवधि तक गारंटीड पेंशन मिलती है. आप इस योजना के तहत अपनी सुविधा के मुताबिक पेंशन हर महीने, तीन माह पर, छह माह पर या वार्षिक रूप में ले सकते हैं. इस योजना में यदि आप रुपए निवेश करते हैं तो बुढ़ापे में आपकी फाइनेंशियल टेंशन दूर हो जाएगी.
कितने रुपए में खोल सकते हैं यह पॉलिसी
एलआईसी की न्यू जीवन शांति योजना में आप न्यूनतम 1.5 लाख रुपए निवेश कर सकते हैं. अधिकतम निवेश करने की कोई सीमा नहीं है. भारतीय जीवन बीमा निगम की इस योजना में 30 से 79 वर्ष तक की आयु का कोई भी व्यक्ति रुपए निवेश कर सकता है. इस पॉलिसी में तत्काल पेंशन और स्थगित पेंशन की सुविधा उपलब्ध है.
न्यू जीवन शांति योजना में मिलते हैं दो प्लान ऑप्शन
पहला Deferred Annuity for Single Life. इसमें सिर्फ एक व्यक्ति को पेंशन मिलती है. दूसरा है Deferred Annuity for Joint Life, जिसमें पति-पत्नी दोनों को पेंशन मिलती है. इतना ही नहीं पॉलिसीधारक की मौत होने पर नॉमिनी को जमा राशि वापस मिल जाती है.
कितनी मिलेगी पेंशन
एलआईसी की न्यू जीवन शांति योजना में पेंशन कितनी मिलेगी, यह निवेश पर निर्भर करता है. यदि कोई व्यक्ति 55 साल की उम्र में 11 लाख रुपए का निवेश करता है तो पांच साल बाद यानी कि उस व्यक्ति की उम्र 60 वर्ष होने पर उसे हर साल करीब 1,02,850 रुपए की वार्षिक पेंशन मिल सकती है. यदि आप चाहते हैं कि नौकरी से सेवानिवृत्त होने के बाद आपको आर्थिक तंगी न हो तो आप इस स्कीम में पैसा निवेश कर सकते हैं. इस योजना में निवेश पूरी तर से सुरक्षित है.
न्यू जीवन शांति योजना की और खासियत
इस योजना में जमा रुपए और पेंशन पर आयकर अधिनियम के तहत टैक्स लाभ मिल सकता है. यदि आपको कभी पैसों की जरूरत पड़ी तो आप बीच में भी इस पॉलिसी को सरेंडर करके निवेश की गई राशि वापस ले सकते हैं. इसमें फ्लेक्सिबल पेंशन मोड की सुविधा है यानी आप पेंशन लेने का तरीका खुद चुन सकते हैं जैसे मासिक, तिमाही, छमाही या सालाना. यह स्कीम एक बार रुपए निवेश करने के बाद आजीवन पेंशन का भरोसा देता है. इस योजना पर मार्केट में उतार-चढ़ाव का कोई असर नहीं पड़ता है.