स्टोर ने विज्ञापन वाला डिस्काउंट देने से किया इनकार? जानिए Consumer Forum में शिकायत करने का पूरा प्रोसेस

अगर किसी दुकान, मॉल या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर आपको विज्ञापन में दिखाई गई सुविधा या छूट नहीं दी जाती, गलत जानकारी देकर सामान बेचा जाता है, खराब या नकली उत्पाद दिया जाता है, तय कीमत से ज्यादा वसूली होती है या सेवा में लापरवाही बरती जाती है, तो आप उपभोक्ता संरक्षण कानून के तहत शिकायत दर्ज करा सकते हैं.

Complaint in Consumer Forum
अपूर्वा राय
  • नई दिल्ली ,
  • 16 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 3:00 PM IST
  • ऑफर दिखाकर स्टोर मुकर जाए तो क्या करें?
  • आपके पास हैं ये कानूनी अधिकार

मान लीजिए आपने अखबार, टीवी या सोशल मीडिया पर किसी स्टोर का विज्ञापन देखा, जिसमें किसी प्रोडक्ट पर 50% डिस्काउंट का दावा किया गया है. ऑफर देखकर आप स्टोर तक पहुंचते हैं, लेकिन बिलिंग के समय आपको वो डिस्काउंट नहीं मिलता है. आपने समय भी खर्च किया और उम्मीद भी टूटी. ऐसे में ज्यादातर लोग बहस करके वापस लौट आते हैं. लेकिन कानून आपको इस स्थिति में अधिकार देता है कि आप इसकी शिकायत करें और मुआवजा भी मांग सकते हैं.

किन मामलों में कर सकते हैं शिकायत?
अगर किसी दुकान, मॉल या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर आपको विज्ञापन में दिखाई गई सुविधा या छूट नहीं दी जाती, गलत जानकारी देकर सामान बेचा जाता है, खराब या नकली उत्पाद दिया जाता है, तय कीमत से ज्यादा वसूली होती है या सेवा में लापरवाही बरती जाती है, तो आप उपभोक्ता संरक्षण कानून के तहत शिकायत दर्ज करा सकते हैं. इसके लिए जरूरी है कि आपके पास खरीदारी का बिल, भुगतान की रसीद, ऑफर का स्क्रीनशॉट, विज्ञापन या अन्य सबूत मौजूद हों.

Consumer Forum में शिकायत कैसे करें?
सबसे पहले संबंधित दुकान या कंपनी के कस्टमर केयर में लिखित शिकायत करें और उसका रिकॉर्ड रखें. यदि वहां से समाधान नहीं मिलता, तो आप राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं. इसके बाद जरूरत पड़ने पर उपभोक्ता आयोग में मामला ले जाया जा सकता है. शिकायत ऑनलाइन भी दर्ज की जा सकती है. शिकायत करते समय खरीदारी का बिल, ऑफर का प्रमाण, कंपनी से हुई बातचीत और अपनी मांग का स्पष्ट विवरण देना जरूरी होता है. आयोग दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद फैसला देता है.

शिकायत करते समय इन बातों का रखें ध्यान

  • कभी भी बिल लिए बिना खरीदारी न करें.

  • विज्ञापन, ऑफर या डिस्काउंट का स्क्रीनशॉट या फोटो सुरक्षित रखें.

  • यदि स्टोर ऑफर देने से मना करता है, तो लिखित कारण मांगें.

  • सोशल मीडिया पर शिकायत करने के साथ-साथ आधिकारिक माध्यम से भी शिकायत जरूर दर्ज करें.

  • आपके दस्तावेज जितने मजबूत होंगे, उतना ही मजबूत आपका दावा माना जाएगा.

क्यों जरूरी है अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाना?
अक्सर लोग छोटी रकम समझकर शिकायत नहीं करते, लेकिन यही लापरवाही कंपनियों को गलत तरीके अपनाने का मौका देती है. उपभोक्ता संरक्षण कानून का उद्देश्य केवल पैसे वापस दिलाना नहीं, बल्कि गलत व्यापारिक प्रथाओं पर रोक लगाना भी है. इसलिए यदि किसी विज्ञापन में दिखाया गया ऑफर आपको देने से इनकार किया जाता है या आपके साथ किसी भी तरह की उपभोक्ता धोखाधड़ी होती है, तो चुप न रहें. शिकायत करें.

 

 

Read more!

RECOMMENDED