क्या आप सोच सकते हैं कि अंग्रेजी के A से Z तक सभी 26 बड़े अक्षर लिखने में किसी को सिर्फ 9.15 सेकेंड लगेंगे? सुनने में भले ही यह अविश्वसनीय लगे, लेकिन भोजपुर के आरा ने इसे हकीकत में बदल दिया है. दरअसल, आरा शहर के वार्ड संख्या-21, महादेवा निवासी रवि कुमार ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और लगातार अभ्यास के दम पर ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसे अब पूरी दुनिया सलाम कर रही है. उन्होंने महज 9.15 सेकेंड में A से Z तक के सभी बड़े अक्षर लिखकर विश्व रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करा लिया है. इस तरह से वह दुनिया के सबसे तेज अंग्रेजी वर्णमाला लिखने वाले व्यक्ति बन गए हैं.
कब बनाया था रिकॉर्ड
पेशे से बिहार के सरकारी शिक्षक रवि कुमार ने बताया कि यह रिकॉर्ड 26 मई 2026 को बनाया था. इसके बाद उनकी रिकॉर्डिंग, समय मापन, वीडियो साक्ष्य और अन्य सभी दस्तावेजों की कई स्तरों पर गहन जांच की गई. लंबी सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद करीब दो महीने पश्चात इस रिकॉर्ड को आधिकारिक मान्यता मिल गई. यह उपलब्धि सिर्फ एक व्यक्ति की सफलता नहीं, बल्कि पूरे भोजपुर और बिहार के लिए गर्व का क्षण है. रवि कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, शुभचिंतकों और वर्षों के निरंतर अभ्यास को दिया है.
अपने जुनून के दम पर दुनिया में बना सकते हैं अलग पहचान
रवि कुमार की कहानी यह संदेश देती है कि रिकॉर्ड केवल बड़े मंचों पर नहीं बनते, बल्कि बड़े सपने, मेहनत और आत्मविश्वास से बनते हैं. आज उनका नाम उन युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुका है, जो अपने जुनून के दम पर दुनिया में अलग पहचान बनाना चाहते हैं. यदि आप भी इस उपलब्धि के बारे में और जानना चाहते हैं, तो इंटरनेट पर 'World Record Ravi Kumar Arrah Bihar' सर्च करके उनके विश्व रिकॉर्ड से जुड़ी जानकारी देख सकते हैं.