प्रयागराज में SSC जीडी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के दौरान हुए हंगामे के बाद कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने बड़ा फैसला लिया है. आयोग ने सरायइनायत स्थित सीता गीता महाविद्यालय परीक्षा केंद्र की परीक्षाएं रद्द कर दी हैं. इस फैसले से कुल 4,911 अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं. अब इन परीक्षार्थियों की परीक्षा 29, 30 और 31 मई को दोबारा कराई जाएगी.
क्षमता से ज्यादा अभ्यर्थी बुलाने पर बिगड़े हालात
दरअसल, प्रयागराज में SSC द्वारा छह केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई थी. इनमें से झूसी स्थित एक निजी केंद्र पर पहले ही दिन भारी अव्यवस्था देखने को मिली. आरोप है कि क्षमता से ज्यादा अभ्यर्थियों को बुला लिया गया, जिसके कारण परीक्षा केंद्र के बाहर अफरा-तफरी मच गई. नाराज छात्र-छात्राओं ने सड़क जाम कर दी और तोड़फोड़ भी की. हालात संभालने के लिए पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा.
अभ्यर्थी परीक्षा शुरू होने से एक-दो मिनट देरी से पहुंचे
स्थिति दूसरे दिन भी सामान्य नहीं रही. कुछ अभ्यर्थी परीक्षा शुरू होने से एक-दो मिनट देरी से पहुंचे थे. प्रवेश नहीं मिलने पर वे उग्र हो गए और केंद्र पर हंगामा शुरू कर दिया. देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया. कई थानों की पुलिस फोर्स बुलाकर स्थिति नियंत्रित की गई.
प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए जारी होंगे नए एडमिट कार्ड
घटना के बाद SSC कार्यालय ने पूरे मामले की समीक्षा की. जांच के बाद सिर्फ सरायइनायत स्थित सीता गीता महाविद्यालय केंद्र की परीक्षाएं रद्द करने का निर्णय लिया गया. SSC के रीजनल हेड आशीष श्रीवास्तव के मुताबिक, पुनर्निर्धारित परीक्षा के एडमिट कार्ड SSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जा रहे हैं.
नए शेड्यूल के अनुसार 29 मई की पहली शिफ्ट में करीब 1,106 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे, जबकि बाकी उम्मीदवारों की परीक्षा 30 और 31 मई को अलग-अलग पालियों में होगी. वहीं, अन्य पांच केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हुई और वहां किसी तरह की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली.
-आनंद राज की रिपोर्ट