Advertisement

Lok Sabha Election में कैसे पूरा होगा BJP का मिशन 370, NDA किस तरह करेगा 400 पार, जानें PM Modi ने उत्तर भारत से लेकर साउथ इंडिया तक कैसे बैठाया है सीटों का गणित 

BJP Mission 2024: बीजेपी सीट दर सीट रणनीति तैयार कर रही है. पार्टी एक-एक सीट का हिसाब कर दूसरी पार्टियों के एस नेताओं पर डोरे डाल रही है, जो उन सीटों पर मजबूत हैं. पीएम मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर से केंद्र में सरकार बनाने के लिए तैयार है.

BJP Mission 370
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 25 फरवरी 2024,
  • अपडेटेड 4:49 PM IST
  • बीजेपी जिन सीटों पर मिली थी हार उनपर गत दो सालों से कर रही कार्य 
  • क्लस्टर बना केंद्रीय मंत्रियों और अन्य नेताओं को दी गई है जिम्मेदारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) का बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया है. पीएम मोदी ने कहा है कि बीजेपी 370 का आंकड़ा पार कर श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि देगी जबकि सहयोगी दलों के साथ 400 का आंकड़ा पार होगा. हालांकि आज के हालात में बीजेपी के लिए 370 सीटें पार करना चुनौतीपूर्ण लगता है. बीजेपी उत्तर और पश्चिम भारत में पिछले दो लोकसभा चुनावों में चरम पर पहुंच गई है.

इन सीटों पर पिछले दो सालों से काम कर रही बीजेपी
यदि बीजेपी को अपनी संख्या बढ़ानी है तो न केवल मौजूदा ताकत बनाकर रखनी होगी बल्कि नई सीटें भी जीतनी होंगी. बीजेपी पिछले दो साल से उन 161 सीटों पर काम कर रही है, जहां उसे या तो हार मिली या फिर कम मार्जिन से जीत मिली. इसके अलावा क्लस्टर बना कर वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों और अन्य नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है.

ओडिशा में इतनी सीटें जीतने का लक्ष्य
पूर्व में ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी बीजेपी बड़ा लक्ष्य लेकर चल रही है. बीजेपी ने 2019 लोकसभा चुनाव में ओडिशा में 8 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी.बीजेपी नेतृत्व ने पिछले चार साल में ओडिशा को लेकर फोकस करके रणनीति बनाई और इसके तहत ग्राउंड पर काम किया है. इसी कारण बीजेपी को उम्मीद है कि इस बार 10 या 12 सीटों पर जीत मिल सकती है.

बंगाल से है विशेष उम्मीद
पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में 18 सीटों पर जीत हासिल की थी. बीजेपी के बंगाल मिशन के तहत ममता बनर्जी सरकार की तुष्टिकरण की राजनीति और भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम चलाई है.पश्चिम बंगाल में 2016 के विधानसभा चुनाव बाद यहां बीजेपी ही टीएमसी के खिलाफ मुख्य प्रतिद्वंद्वी है. 2014 के आम चुनाव की तुलना में 2019 में पीएम मोदी का जादू बंगाल की जनता के दिलो दिमाग पर और ज्यादा सिर चढ़कर बोला था.बीजेपी को बंगाल में 20 से 25 लोकसभा सीटे जीतने की उम्मीद हैं.

मिशन 370 के लिए साउथ जरूरी
बीजेपी 370 सीटें तभी पार कर पाएगी जब मौजूदा सीटें बरकरार रखने के अलावा दक्षिण और पूर्व में अपनी ताकत बढ़ाए. इसके लिए तमिलनाडु, केरल, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में बीजेपी की नजरें हैं. दक्षिण में कर्नाटक और तेलंगाना को छोड़ कर केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप और पुदुचेरी में बीजेपी की कोई लोकसभा सीट नहीं है. दक्षिण की 131 सीटों में बीजेपी के पास अभी केवल 29 सीटें हैं और इनमें से भी 25 अकेले कर्नाटक से हैं. कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से मिली हार से सबक लेते हुए बीजेपी ने लोकसभा चुनाव में अपने गढ़ को बचाने के लिए जेडीएस को एनडीए में शामिल कराया.

आंध्र प्रदेश में गठबंधन होना तय
आंध्र प्रदेश में टीडीपी और जन सेना से गठबंधन होना तय माना जा रहा है. बीजेपी आंध्र प्रदेश में गठबंधन के सहारे अपना खाता खोलना चाहती है और एनडीए की ताकत भी बढ़ाना चाहती है. तमिलनाडु और केरल में बीजेपी पूरी ताकत लगा रही है. पीएम मोदी दो महीने में तीसरी बार तमिलनाडु का दौरा करेंगे. बीजेपी की नजरें तमिलनाडु की 6 सीटों रामनाथपुरम, शिवगंगा, मदुरै, थेनी, विरुधनगर और कन्याकुमारी पर हैं. इसके अलावा पार्टी की नजर केरल की चार सीटों त्रिशूर, तिरुवंतपुरम, पथनामाथिट्टा और अटिंगल पर भी हैं.

इन राज्यों में भी गठबंधन को मजबूत करने पर जोर
उत्तर और पश्चिम भारत के साथ-साथ बीजेपी उत्तर प्रदेश में भी अपनी संख्या बढ़ाना चाह रही है. इसीलिए केंद्र और उत्तर प्रदेश सत्ता में होने के बावजूद दारा सिंह चौहान को पार्टी में शामिल कराया और ओमप्रकाश राजभर से गठबंधन किया और अब जयंत चौधरी की आरएलडी गठबंधन कर रहीं है. 

बिहार में दोहरा सकते हैं 2019 का प्रदर्शन
बिहार में नीतीश कुमार की वापसी के बाद बीजेपी को उम्मीद है कि 2019 का प्रदर्शन दोहरा सकते हैं. साथ ही महाराष्ट्र में शिवसेना और एनसीपी में टूट के बाद बीजेपी मजबूत स्थिति में नजर आ रही है. इसके बावजूद पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण बीजेपी में शामिल करा ये संदेश दिया कि पार्टी किसी भी तरह का जोखिम लेने के मूड नहीं हैं.

सीट दर सीट रणनीति कर रही तैयार 
बीजेपी सीट दर सीट रणनीति तैयार कर रही है. पार्टी एक-एक सीट का हिसाब कर दूसरी पार्टियों के एस नेताओं पर डोरे डाल रही है, जो उन सीटों पर मजबूत हैं. पीएम मोदी के नेतृत्व में पार्टी आलाकमान चाहता है कि बीजेपी के समुद्र में नदियों और दरियां के शामिल होने का सिलसिला 2024 के बाद भी यूं ही चलता रहें और कांरवा बढ़ता रहें.

(हिमांशु मिश्रा की रिपोर्ट)

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement