Advertisement

Bihar Politics: विधानसभा चुनाव से पहले नीतीश सरकार का बड़ा फैसला, अब वृद्ध और दिव्यांग जनों को हर महीने मिलेगी 1100 रुपए पेंशन

चुनाव से पहले नीतीश कुमार ने वृद्ध विधवा और दिव्यांगों की पेंशन राशि बढ़ाई. इस फैसले पर केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री रामनाथ ठाकुर ने बधाई दी. पेंशन 400 रुपए से बढ़ाकर 1100 रुपए किए जाने पर केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री रामनाथ ठाकुर ने बधाई दी. बिहार में इससे 1 करोड़ 9 लाख 69 हजार 255 लाभार्थियों को फायदा होगा.

Bihar CM Nitish Kumar (Photo Credit: PTI)
जहांगीर आलम
  • नई दिल्ली,
  • 21 जून 2025,
  • अपडेटेड 3:46 PM IST
  • चुनाव से पहले नीतीश सरकार का तोहफा
  • राज्य सरकार ने बढ़ाई वृद्ध और दिव्यांग जनों की पेंशन
  • अब 400 की जगह हर महीने मिलेंगे 1100 रुपए

बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं. एनडीए फिर से सरकार में आने के लिए पुरजोर कोशिश कर रही है. बीते दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक बार फिर बिहार पहुंचे. इस दौरान प्रधानमंत्री ने सीवान में 10 हजार करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया है.

प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल हुए. इस कार्यक्रम के अगले दिन नीतीश सरकार ने बिहार में एक बड़ा फैसला लिया है. नीतीश सरकार ने बिहार के वृद्ध विधवा और दिव्यांगजनों को गुड न्यूज दी है. बिहार सरकार ने पेंशन की राशि 400 रुपए से बढ़ाकर 1100 रुपए कर दी है.

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस फैसले की जानकारी सोशल मीडिया पर दी है. नीतीश कुमार ने बताया कि सभी लाभार्थियों को ये लाभ जुलाई से मिलेगा. वृद्ध जनों और दिव्यांग जनों को हर महीने की 10 तारीख पर बढ़ी हुई पेंशन मिलेगी. बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राज्य सरकार ने ये फैसला लिया है.

नीतीश सरकार का तोहफा
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वृद्धजनों विधवा और दिव्यांगजनो के पेंशन को तीन गुना बढ़ाकर बहुत बड़ा तोहफा दिया है. नीतीश कुमार ने अपने सोशल मीडिया हैंडल X पर जानकारी शेयर की. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया शेयर करते हुए हुए लिखा है, मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत सभी वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को अब हर महीने 400 रुपए की जगह 1100 रुपए पेंशन मिलेगी.

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी लाभार्थियों को जुलाई महीने से पेंशन की बढ़ी हुई दर पर मिलेगी. सभी लाभार्थियों के खाते में यह राशि महीने की 10 तारीख को भेजना सुनिश्चित किया जाएगा. इससे 1 करोड़ 9 लाख 69 हजार 255 लाभार्थियों को काफी मदद मिलेगी. मुख्यमंत्री ने आगे लिखा कि वृद्धजन समाज का अनमोल हिस्सा हैं और उनका सम्मानजनक जीवन-यापन सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. राज्य सरकार इस दिशा में निरंतर प्रयत्नशील रहेगी.

रामनाथ ठाकुर ने दी बधाई
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत सभी वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को अब हर महीने 400 रूपए की जगह 1100 रुपए पेंशन मिलेगी. इस घोषणा के बाद केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने सीएम नीतीश कुमार को इसके लिए बधाई देते हुए कहा कि नीतीश कुमार गरीब शोषित पीड़ित के नेता के साथ जनजन के नेता हैं. इसलिए उन्होंने जो सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की राशि 400 से बढाकर 1100 किया है. इससे बिहार के विधवा महिलाओं वृद्धजनों और दिव्यांगजनो को लाभ पहुंचेगा. केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि बिहार के शोषित लांछित गरीब जनता की ओर से मैं नीतीश कुमार को लाख लाख बधाई देता हूं.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement