वीकेंड पर घर बैठे फिल्में और वेब सीरीज देखने का प्लान बना रहे हैं, तो इस बार OTT प्लेटफॉर्म्स पर मनोरंजन के कई नए विकल्प मौजूद हैं. नेटफ्लिक्स, प्राइम वीडियो और दूसरे प्लेटफॉर्म्स पर क्राइम थ्रिलर, रोमांस, फैंटेसी और एक्शन जैसी अलग-अलग कहानियां देखने को मिलेंगी.
टेक चार्ज ऑफ माय हार्ट (Take Charge of My Heart)
प्लेटफॉर्म: नेटफ्लिक्स
अगर आपको रोमांस के साथ फैंटेसी का मेल पसंद है, तो 'टेक चार्ज ऑफ माय हार्ट' एक अलग तरह की कहानी पेश करती है. इसमें ना बो-बे नाम की एक लेखिका की कहानी दिखाई गई है, जो बचपन में बिजली गिरने की घटना के बाद असाधारण शक्तियां हासिल कर लेती है. उसके शरीर में बिजली जैसी शक्ति आ जाती है, जिसके कारण उसके लिए दूसरे इंसानों को छूना मुश्किल हो जाता है.
आवारापन 2 (Awarapan 2)
प्लेटफॉर्म: प्राइम वीडियो
इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' भी प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही है. नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी इस फिल्म को विशेष भट्ट ने विशेष फिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया है. फिल्म में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी और शबाना आजमी भी नजर आती हैं. यह फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी.
रिपोर्टिंग लाइव (Reporting Live)
प्लेटफॉर्म: नेटफ्लिक्स
परिणीति चोपड़ा की सीरीज रिपोर्टिंग लाइव पत्रकारिता और अपराध की दुनिया से जुड़ी कहानी लेकर आई है. इसमें परिणीति एक महत्वाकांक्षी युवा पत्रकार की भूमिका में हैं, जबकि देवेन भोजानी उनके अनुभवी कैमरामैन के किरदार में नजर आते हैं.
एनिमल्स (Animals)
प्लेटफॉर्म: नेटफ्लिक्स
अभिनेता बेन एफ्लेक की फिल्म एनिमल्स एक क्राइम थ्रिलर है. इसमें वह मार्क किमबॉल का किरदार निभा रहे हैं, जो लॉस एंजिलिस के मेयर पद का उम्मीदवार है. बाहर से उसकी जिंदगी बिल्कुल सही नजर आती है. कहानी में बड़ा मोड़ तब आता है, जब उनके छोटे बेटे का अपहरण कर लिया जाता है और उसे छोड़ने के बदले फिरौती मांगी जाती है. क्राइम और सस्पेंस पसंद करने वाले दर्शकों के लिए यह फिल्म वीकेंड का विकल्प हो सकती है.