Advertisement

आमिर खान 5 जुलाई को रचाएंगे तीसरी शादी, गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट संग घर पर होगी घरेलू वेडिंग, परिवार और करीबी दोस्त ही होंगे शामिल

यह आमिर खान की तीसरी शादी होगी. उन्होंने पहली शादी 1986 में रीना दत्ता से की थी. इस रिश्ते से उनके दो बच्चे हैं-जुनैद खान और इरा खान. करीब 16 साल साथ रहने के बाद दोनों का 2002 में तलाक हो गया.

Aamir Khan-Gauri Spratt
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 03 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 12:35 PM IST

आमिर खान 5 जुलाई को अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट शादी करने जा रहे हैं. दोनों करीब दो साल से एक दूसरे को डेट कर रहे हैं.  आमिर ने बताया कि शादी बेहद सादगी और निजी तरीके से होगी. इसमें सिर्फ दोनों परिवारों के सदस्य और कुछ करीबी दोस्त शामिल होंगे.

मीडिया से बातचीत में आमिर ने कहा, 'हां, मेरी शादी 5 जुलाई को हो रही है. यह बहुत छोटी और निजी शादी होगी, जो घर पर ही आयोजित की जाएगी. 5 जुलाई हमारे लिए बहुत खास दिन है. इसमें दोनों परिवार और कुछ खास दोस्त ही शामिल होंगे. हम चाहते हैं कि सभी लोग हमें अपनी दुआएं दें और हमारी नई जिंदगी खुशियों से भरी रहे.'

शादी में आमिर के बचपन के दोस्त होंगे शामिल
आमिर ने बताया कि शादी में कोई बड़ा आयोजन नहीं होने वाला है. यह पूरी तरह प्राइवेट वेडिंग होगी. इसमें उनके बचपन के कुछ पुराने दोस्त भी शामिल होंगे. आमिर ने कहा कि वह चाहते हैं कि लोग उन्हें आशीर्वाद दें ताकि उनकी नई जिंदगी सुखद और सफल रहे.

आमिर की तीसरी शादी होगी
यह आमिर खान की तीसरी शादी होगी. उन्होंने पहली शादी 1986 में रीना दत्ता से की थी. इस रिश्ते से उनके दो बच्चे हैं, जुनैद खान और इरा खान. करीब 16 साल साथ रहने के बाद दोनों का 2002 में तलाक हो गया. इसके बाद आमिर ने 2005 में फिल्ममेकर किरण राव से शादी की. दोनों का एक बेटा आजाद राव खान है. हालांकि 2021 में दोनों ने अलग होने का फैसला किया. तलाक के बाद भी आमिर और किरण अपने बेटे की परवरिश साथ मिलकर कर रहे हैं और अच्छे दोस्त हैं.

25 साल से एक दूसरे को जानते हैं आमिर खान और गौरी स्प्रैट
आमिर खान और गौरी स्प्रैट की पहली मुलाकात करीब 25 साल पहले हुई थी. कुछ समय बाद दोनों का कॉन्टैक्ट टूट गया, लेकिन उनकी दोबारा मुलाकात हुई. इसके बाद दोस्ती फिर से शुरू हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्यार में बदल गया. आमिर ने पहली बार अपने 60वें जन्मदिन के मौके पर गौरी को सार्वजनिक रूप से अपनी गर्लफ्रेंड के रूप में सबसे मिलवाया था. इसके बाद दोनों को कई मौकों पर साथ देखा गया, हालांकि उन्होंने हमेशा अपने रिश्ते को मीडिया की नजरों से काफी हद तक दूर रखा.

गौरी भी हैं एक बेटे की मां
गौरी स्प्रैट भी एक बेटे की मां हैं. आमिर और गौरी ने अपने रिश्ते को हमेशा निजी रखा और बहुत कम सार्वजनिक कार्यक्रमों में साथ नजर आए. अब दोनों अपने रिश्ते को नई पहचान देने जा रहे हैं. 5 जुलाई को होने वाली इस निजी शादी में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में दोनों सात फेरे लेंगे.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement