अक्षय कुमार और सैफ अली खान की आने वाली फिल्म 'हैवान' इन दिनों काफी चर्चा में है. हाल ही में फिल्म का फर्स्ट लुक सामने आया, जिसमें दोनों सितारे दमदार अंदाज में नजर आए. लेकिन अब निर्देशक प्रियदर्शन ने फिल्म से जुड़ा एक बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि फिल्म में विलेन का किरदार निभाने के लिए उनकी पहली पसंद अक्षय कुमार नहीं थे. इस रोल के लिए पहले बॉबी देओल और फिर अक्षय खन्ना से बात की गई थी.
पहले बॉबी देओल को दिया गया था ऑफर
प्रियदर्शन ने मिड-डे को दिए इंटरव्यू में बताया कि उन्होंने सबसे पहले फिल्म की कहानी सैफ अली खान को सुनाई थी. कहानी सुनने के बाद सैफ ने पूछा कि फिल्म में विलेन कौन निभाएगा. इसके बाद निर्देशक ने बॉबी देओल से संपर्क किया.
प्रियदर्शन के मुताबिक, बॉबी अपने किरदार से पूरी तरह संतुष्ट नहीं थे, इसलिए उन्होंने फिल्म करने से इनकार कर दिया. निर्देशक ने कहा कि वह बॉबी के फैसले को गलत नहीं मानते, क्योंकि हर कलाकार अपने हिसाब से भूमिका चुनता है.
बॉबी के बाद अक्षय खन्ना से करने वाले थे बात
बॉबी देओल के मना करने के बाद प्रियदर्शन ने अक्षय खन्ना को कहानी सुनाने का फैसला किया. उन्होंने बताया कि अक्षय खन्ना ने उन्हें अपने घर बुलाया भी था ताकि वह स्क्रिप्ट सुन सकें. निर्देशक ने यह भी खुलासा किया कि अगर अक्षय खन्ना भी फिल्म करने से मना कर देते, तो उनकी अगली पसंद सुनील शेट्टी होते. यानी फिल्म के विलेन के लिए कई नामों पर विचार किया गया था.
'मैं क्यों नहीं कर सकता यह रोल?' अक्षय कुमार ने खुद दिखाई दिलचस्पी
प्रियदर्शन ने बताया कि इसी दौरान वह अक्षय कुमार के साथ 'भूत बंगला' की शूटिंग कर रहे थे. बातचीत के दौरान उन्होंने 'हैवान' का जिक्र किया. तभी अक्षय कुमार ने उनसे पूछा, 'मैं यह फिल्म क्यों नहीं कर सकता?'
निर्देशक ने कहा कि उन्होंने कभी अक्षय को इस रोल के लिए नहीं सोचा था, क्योंकि उनकी हाल की फिल्मों में उनकी छवि एक मजाकिया और खुशमिजाज किरदार निभाने वाले अभिनेता की रही है. लेकिन जब अक्षय ने कहानी सुनी तो उन्हें यह किरदार बेहद पसंद आया और उन्होंने तुरंत फिल्म करने की इच्छा जाहिर कर दी.
सैफ अली खान ने कही दिल छू लेने वाली बात
प्रियदर्शन ने बताया कि जब सैफ अली खान को पता चला कि अक्षय कुमार उनके सामने विलेन का किरदार निभाने वाले हैं, तो वह काफी खुश हुए. निर्देशक के मुताबिक, सैफ ने उनसे कहा, 'मेरे सामने यह रोल करके अक्षय ने मुझे सबसे बड़ा गिफ्ट दिया है.' प्रियदर्शन का मानना है कि दो बड़े सितारों का आमने-सामने आना फिल्म को और भी रोमांचक बना देगा.
कॉमेडी नहीं, एक्शन-थ्रिलर है 'हैवान'
प्रियदर्शन ने साफ किया कि 'हैवान' कोई कॉमेडी फिल्म नहीं है. यह एक एक्शन-थ्रिलर है, जिसकी कहानी शिकारी और शिकार के बीच होने वाले रोमांचक 'कैट एंड माउस गेम' पर आधारित है. उन्होंने बताया कि करीब 16 साल बाद वह फिर से एक्शन-थ्रिलर शैली में वापसी कर रहे हैं. उन्हें उम्मीद है कि दर्शकों को फिल्म का अलग अंदाज पसंद आएगा. हाल ही में फिल्म का फर्स्ट लुक जारी किया गया, जिसमें अक्षय कुमार और सैफ अली खान का इंटेंस लुक देखने को मिला.
ये भी पढ़ें: